दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को कहा कि शरजील इमाम ने मीडिया से बातचीत करके अपनी अंतरिम जमानत की शर्त का उल्लंघन किया है। हालांकि, कड़कड़डूमा कोर्ट के एडिशनल सेशंस जज समीर बाजपेयी ने कहा कि वह शरजील इमाम की जमानत रद्द नहीं कर रहे हैं क्योंकि उन्हें आज शाम तक सरेंडर करना है।
अदालत ने शरजील इमाम को अपने चचेरे भाइयों की शादी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक सात दिनों की जमानत दी थी।
अंतरिम जमानत के आदेश में लगाई गई शर्तों में से एक यह थी कि शरजील इमाम मीडिया से संपर्क नहीं करेंगे और न ही सोशल मीडिया का इस्तेमाल करेंगे।
स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर ने क्या तर्क दिया?
अभियोजन पक्ष की ओर से स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर मधुकर पांडे अदालत में पेश हुए और तर्क दिया कि शरजील इमाम ने इस शर्त का उल्लंघन किया है। प्रॉसिक्यूटर के मुताबिक, उन्होंने यूट्यूब और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपलोड किए गए वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि जब उनके भाई ने समाचार एजेंसी एएनआई को इंटरव्यू दिया तो शरजील इमाम उसी कमरे में मौजूद थे।
स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर ने एएनआई के उन वीडियो का भी जिक्र किया जिनमें शरजील इमाम अपने लिविंग रूम में बैठे थे और कमरे में मौजूद लोगों से बात कर रहे थे। प्रॉसिक्यूटर ने कहा कि ऐसा वीडियो शरजील इमाम की जानकारी के बिना शूट नहीं किया जा सकता था।
किसी पत्रकार से बातचीत नहीं की- तालिब मुस्तफा
शरजील इमाम की ओर से वकील तालिब मुस्तफा अदालत में पेश हुए और तर्क दिया कि उन्होंने न तो किसी पत्रकार से बातचीत की और न ही कोई इंटरव्यू दिया। तालिब मुस्तफा ने कहा कि News 24 का अपलोड किया गया वीडियो अलग-अलग क्लिप्स का कलेक्शन था और इंटरव्यू इमाम के भाई ने दिया था। वकील ने कहा कि इमाम के भाई पर जमानत की शर्त लागू नहीं होती।
वीडियो देखने के बाद, अदालत ने बचाव पक्ष की इस दलील को खारिज कर दिया कि इंटरव्यू रिकॉर्ड होने के समय शरजील इमाम वहां मौजूद नहीं थे।
कोर्ट ने देखा कि क्लिप्स में इमाम और कई अन्य लोग उसी कमरे में दिख रहे थे जहां उनके भाई का इंटरव्यू लिया जा रहा था।
अदालत ने क्या कहा?
कोर्ट ने कहा, “यह साफ है कि न केवल वीडियो का पहला हिस्सा, जिसमें आरोपी का भाई मीडियाकर्मी को इंटरव्यू दे रहा था, बल्कि दूसरा और तीसरा हिस्सा भी ANI News के उसी मीडियाकर्मी ने शूट किया था। जाहिर है, ये तथ्य और परिस्थितियां दिखाती हैं कि ANI News का मीडियाकर्मी उसी कमरे में मौजूद था जहां आरोपी भी बैठा था। इस प्रकार, साफ तौर पर आरोपी ने 22.09.2026 के जमानत आदेश की शर्त ii का उल्लंघन किया है जिसके तहत उसे अंतरिम जमानत दी गई थी।”
हालांकि, अदालत ने कहा कि चूंकि शरजील इमाम को आज सरेंडर करना है, इसलिए उसकी अंतरिम जमानत रद्द करना सही नहीं होगा।
जनवरी 2020 से जेल में बंद हैं शरजील इमाम
शरजील इमाम जनवरी 2020 से जेल में बंद हैं। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ हुए प्रदर्शनों से जुड़े मामलों में उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए थे। शरजील इमाम दिल्ली दंगों की साजिश के मामले में जेल में बंद हैं।
दिल्ली हाई कोर्ट ने 2 सितंबर, 2025 को उन्हें नियमित जमानत देने से इनकार कर दिया था और सुप्रीम कोर्ट ने 5 जनवरी, 2026 को उस फैसले को बरकरार रखा था।
यह भी पढ़ें- ‘ये युवा छात्र हैं, इनके भविष्य के बारे में सोचना होगा’
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को उस याचिका को खारिज कर दिया जिसमें जुलाई में जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर की जांच की मांग की गई थी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
