दिल्ली की साकेत कोर्ट ने शनिवर को यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ साल 2018 के मानहानि मामले में जमानती वारंट जारी किया है। यह मामला विकास संस्कृत्यायन की शिकायत से जुड़ा है।
लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, शिकायतकर्ता का आरोप है कि ध्रुव राठी ने “BJP IT Cell Part II” नाम से एक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। शिकायत के अनुसार, इस वीडियो में उनके खिलाफ कई झूठे और मानहानि करने वाले आरोप लगाए गए थे।
साकेत कोर्ट के न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल जैन ने यह वारंट जारी किया। अदालत को बताया गया कि ध्रुव राठी को नोटिस भेजा गया था, लेकिन जिस पते पर नोटिस पहुंचाया गया, वहां ताला लगा हुआ था।
इससे पहले इसी सप्ताह अदालत ने ध्रुव राठी को नए सिरे से समन जारी किया था। शिकायतकर्ता ने अदालत से सुनवाई की तारीख पहले करने की मांग की थी। इस मामले की सुनवाई पहले 20 नवंबर को होनी थी।
शिकायतकर्ता ने अपनी अर्जी में कहा कि ध्रुव राठी आमतौर पर जर्मनी में रहते हैं, लेकिन फिलहाल “CJP विरोध प्रदर्शन” के सिलसिले में भारत में मौजूद हैं। इसलिए उन्होंने मांग की कि ध्रुव राठी को जल्द समन भेजा जाए, ताकि उन तक नोटिस पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
शिकायतकर्ता का यह भी कहना था कि ध्रुव राठी के विदेश में रहने के कारण पिछले कई वर्षों से समन पहुंचाने में देरी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें हरियाणा में ध्रुव राठी के रहने के पते की जानकारी है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 31 अक्टूबर को होगी।
निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयोग के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के 10 अक्टूबर को विरोध प्रदर्शन करने के लिए भारत आए ध्रुव राठी अब देश छोड़ चुके हैं और लंदन पहुंच गए हैं। यहां उन्होंने वोट चोरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का अंतरराष्ट्रीयकरण करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि वे लंदन में भारत के निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार का विरोध करेंगे। पढ़ें पूरी खबर।
