कर्नाटक के एक कंज्यूमर कमीशन ने साउथ वेस्टर्न रेलवे को एक पैसेंजर को ट्रेन के वॉशरूम में पानी की कमी के लिए 16,000 रुपये देने का आदेश दिया है। आरोप है कि ट्रेन के शौचालय में पानी नहीं होने की वजह से यात्री और उसके परिवार के कुल 24 सदस्यों को बीच रास्ते में ट्रेन से उतरना पड़ा था और आगे की यात्रा के लिए दूसरी ट्रेन के टिकट खरीदने पड़े थे।

आयोग के अध्यक्ष टी शिवन्ना और मेंबर बीडी योगानंद ने रेलवे को सर्विस में कमी का दोषी ठहराया और रेलवे को 1,000 रुपये का टिकट किराया वापस करने, 10,000 रुपये हर्जाने के तौर पर देने और 5,000 रुपये केस के खर्च के तौर पर देने का निर्देश दिया।

17 अक्टूबर को जारी आदेश में आयोग ने कहा कि रेलवे की ओर से की गई लापरवाही और चूक सेवा में कमी के समान है।

आयोग ने मुआवजा क्यों दिया?

शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अप्रैल 2025 में तिरुपति-तिरुमला मंदिर के दर्शन करने के बाद अपने परिवार के 20 वयस्कों और चार बच्चों के साथ यात्रा कर रहा था। 15 अप्रैल 2025 को परिवार ने बेंगलुरु के यशवंतपुर रेलवे स्टेशन से शिवमोग्गा जाने वाली ट्रेन पकड़ी।

यात्रा के दौरान परिवार ने आरोप लगाया कि जिस कोच में वे सफर कर रहे थे, उसके शौचालयों में पानी उपलब्ध नहीं था। शिकायत के अनुसार, यात्री ने ट्रेन में मौजूद रेलवे पुलिसकर्मियों को इस समस्या की जानकारी दी, लेकिन वे इसका समाधान नहीं कर सके।

इसके बाद पुलिसकर्मियों की सलाह पर यात्री एक रेलवे स्टेशन पर उतरा और स्टेशन मास्टर के पास शिकायत दर्ज कराई। बाद में परिवार ने दूसरी ट्रेन से शिवमोग्गा तक की यात्रा जारी रखी, जिसके लिए उन्हें 1,760 रुपये के अतिरिक्त टिकट खरीदने पड़े।

रेलवे अधिकारियों ने क्या दलील दी?

रेलवे अधिकारियों ने यात्री के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि शिकायत के समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि ट्रेन के मूल स्टेशन से रवाना होने से पहले कोचों में पानी भर दिया गया था। साथ ही, उन्होंने कहा कि संबंधित ट्रेन के संबंध में 15 अप्रैल 2024 को पानी की कमी की कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई थी।

आयोग ने क्या पाया?

मामले की सुनवाई के दौरान आयोग ने ट्रेन के टिकटों सहित प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच की। आयोग ने पाया कि दस्तावेजों से यह साबित होता है कि शिकायतकर्ता और उसका परिवार पहले ट्रेन में यात्रा कर रहे थे और बाद में बीच रास्ते में उतरकर दूसरी ट्रेन से आगे गए।

शिकायतकर्ता ने अपनी ओर से दर्ज कराई गई शिकायत की प्रति भी पेश की थी। आयोग ने गौर किया कि रेलवे अधिकारियों ने अपने जवाब में इस शिकायत का कोई उल्लेख नहीं किया।

इसके अलावा, रेलवे अधिकारी ऐसा कोई सबूत या दस्तावेज भी पेश नहीं कर सके, जिससे यह साबित हो सके कि संबंधित कोच के शौचालयों में पानी की कोई समस्या नहीं थी। आयोग ने कहा कि पानी की कमी के कारण शिकायतकर्ता और उसके परिवार को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।

इस आधार पर आयोग ने रेलवे अधिकारियों को सेवा में कमी के लिए संयुक्त रूप से और अलग-अलग जिम्मेदार ठहराया तथा शिकायत को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए यात्री के पक्ष में फैसला सुनाया।

क्या है इस फैसले का संदेश?

इस फैसले से स्पष्ट होता है कि रेलवे की जिम्मेदारी केवल यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रा के दौरान पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी उसकी जिम्मेदारी है। यदि यात्रियों को इन सुविधाओं के अभाव में परेशानी होती है और रेलवे शिकायत का उचित समाधान नहीं करता है, तो यात्री उपभोक्ता आयोग में शिकायत कर मुआवजे की मांग कर सकते हैं।

‘जजों को निशाना वाले प्रदर्शन की इजाजत न दें’, मद्रास हाई कोर्ट का तमिलनाडु पुलिस को निर्देश, जानें पूरा मामला

न्यायपालिका और जजों के खिलाफ होने वाली टिप्पणियों को लेकर को मद्रास हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। हाई कोर्ट ने शुक्रवार को तमिलनाडु पुलिस से कहा कि वह मौजूदा जजों को पर्सनली टारगेट करने, बदनाम करने या डराने के मकसद से होने वाले पब्लिक प्रोटेस्ट की परमिशन न दें। साथ ही ऐसी किसी भी भीड़ को तुरंत रोके जो किसी जज पर पर्सनल अटैक में बदल जाए या न्यायपालिका को बदनाम करे। पढ़ें पूरी खबर।