सुप्रीम कोर्ट ने सहमति से बने रिश्तों के टूटने के बाद पुरुषों के खिलाफ रेप और धोखाधड़ी के मामले दर्ज कराने के बढ़ते ट्रेंड पर चिंता जताई है। अदालत ने शुक्रवार को एक अहम टिप्पणी करते हुए कहा कि जब कोई रिश्ता अच्छे दौर में था, तब बनी शारीरिक नजदीकी को सिर्फ इसलिए बाद में रेप नहीं कहा जा सकता, क्योंकि रिश्ता खराब हो गया या टूट गया है।
जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस आर महादेवन की पीठ ने केरल के एक व्यक्ति को रेप और धोखाधड़ी के आरोपों से मुक्त करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में यह समझना जरूरी है कि कहां शुरुआत से ही धोखे या जानबूझकर किए गए छल के कारण यौन संबंध के लिए मिली सहमति कानूनी रूप से अमान्य थी और कहां रिश्ता खत्म होने के बाद व्यक्ति को पहले बनाए गए सहमति से बने संबंधों पर पछतावा हो रहा है।
सहमति का रिश्ता रेप नहीं
बेंच ने कहा कि अगर किसी रिश्ते के दौरान दोनों की सहमति से शारीरिक संबंध बने थे, तो सिर्फ रिश्ता खराब होने या खत्म हो जाने के कारण उन संबंधों को बाद में रेप का मामला नहीं बनाया जा सकता। बीते समय को लेकर बाद में होने वाला पछतावा अपने आप में किसी सहमति से बने रिश्ते को अपराध में नहीं बदल सकता। अदालत ने कहा कि इस तरह की शिकायतों के आधार पर किसी व्यक्ति की आजादी और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है।
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी सवाल उठाया कि क्या किसी पुरुष को रिश्ता खत्म करने का अधिकार नहीं है? अगर वह किसी सहमति से बने रिश्ते से बाहर निकलने का फैसला करता है, तो क्या इसे धोखा या फ्रॉड कहा जा सकता है? अदालत ने कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं है। किसी व्यक्ति को सिर्फ इसलिए रिश्ते में बने रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता कि भविष्य में उस पर रेप का आरोप लग सकता है।
नाकाम रिश्तों को क्राइम केस बनाने की कोशिश
अदालत ने कहा कि उसने कई बार ऐसी परेशान करने वाली प्रवृत्ति देखी है, जिसमें असफल रिश्तों को आपराधिक मामलों में बदल दिया जाता है। रेप जैसे गंभीर अपराध का आरोप उन्हीं मामलों में लगाया जाना चाहिए, जहां वास्तव में यौन हिंसा, जबरदस्ती या सहमति हासिल करने के लिए किसी तरह का अनुचित दबाव या धोखाधड़ी हुई हो।
पीठ ने कहा कि जब हर उस सहमति से बने रिश्ते को रेप का मामला बना दिया जाएगा, जो बाद में किसी वजह से टूट जाता है, तो इससे इस गंभीर अपराध की वास्तविकता और गंभीरता कमजोर होती है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला केरल के रहने वाले संतोष कुमार एनपी से जुड़ा है। उन्होंने केरल हाई कोर्ट के उस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जिसमें उनकी डिस्चार्ज याचिका और आपराधिक कार्यवाही रद्द करने की मांग खारिज कर दी गई थी।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, महिला ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने अपनी पहली शादी की बात छिपाकर उससे दूसरी शादी की। महिला का कहना था कि आरोपी की पहली शादी पहले से ही कायम थी, इसके बावजूद उसने उससे शादी की और वैध विवाह का भरोसा दिलाकर शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने आरोप लगाया कि उसकी सहमति धोखे से हासिल की गई थी, क्योंकि उसे आरोपी की पहली शादी के बारे में जानकारी नहीं थी।
सहमति और धोखे में अंतर
महिला पहले भी एक शादी कर चुकी थी और उसका तलाक हो चुका था। उसने आरोपी के खिलाफ रेप, धोखाधड़ी और विश्वासघात के आरोप लगाए थे। शिकायत के अनुसार, दोनों ने 1996 से 2003 तक मैसूर में शादी करने के बाद साथ रहकर वैवाहिक जीवन बिताया था।
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी को रेप और धोखाधड़ी के आरोपों से मुक्त कर दिया। अदालत की टिप्पणी का मुख्य आधार यह था कि सहमति से बने संबंध और शुरुआत से ही धोखे के जरिए हासिल की गई सहमति के मामलों में अंतर करना जरूरी है।
यह भी पढ़ें: ‘ना’ का मतलब ‘ना’ ही है, मंगेतर होने से नहीं मिलता यौन संबंध का लाइसेंस, दुष्कर्म के आरोपी को हाईकोर्ट से झटका
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने दुष्कर्म के एक मामले में अहम टिप्पणी करते हुए कहा है कि किसी महिला के साथ लंबे समय से रिलेशनशिप में होने या उससे सगाई हो जाने का मतलब यह नहीं है कि पुरुष को उसकी सहमति के बिना यौन संबंध बनाने का अधिकार मिल जाता है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
