Supreme Court News: सुप्रीम कोर्ट में अदालत की अवमानना की एक याचिका दायर की गई है। इसमें आरोप लगाया गया है कि अधिकारियों ने कोर्ट के 9 अक्टूबर के आदेश का उल्लंघन करते हुए दिल्ली मेट्रो स्टेशनों को बंद रखा और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर पाबंदी लगाई।
कोर्ट के आदेश में निर्देश दिया गया था कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी और विपक्षी दलों द्वारा घोषित 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शनों से निपटने के लिए परिवहन सेवाओं पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगाया जाना चाहिए।
किसने दायर की याचिका?
लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह याचिका वकील शैलेंद्र मणि त्रिपाठी की ओर से दायर की गई है। इस याचिका में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन आईएएस, दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार आईपीएस और दिल्ली मेट्रो रेल निगम की अध्यक्ष डी थारा आईएएस के खिलाफ अदालत के निर्देशों की जानबूझकर अवहेलना करने के आरोप में अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग की गई है।
याचिकाकर्ता ने क्या-क्या आरोप लगाए?
याचिकाकर्ता का आरोप है कि अधिकारियों ने मनमाने ढंग से मेट्रो स्टेशन बंद करने और बिना वजह ट्रेन सेवाएं रद्द करने का सिलसिला जारी रखा, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया था कि दिल्ली के लोगों को होने वाली परेशानी से बचाने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट को नियंत्रित तरीके से चलने की अनुमति दी जानी चाहिए।
याचिका में तर्क दिया गया है कि लगातार प्रतिबंधों ने राष्ट्रीय राजधानी में सार्वजनिक जीवन को बुरी तरह से पंगु बना दिया है और यात्रियों को कठिनाई का सामना करना पड़ा है। याचिकाकर्ता ने कहा, “माननीय मुख्य न्यायाधीश की पीठ के समक्ष दिए गए गंभीर न्यायिक आदेश और आश्वासन के बावजूद, अवमानना करने वालों ने जानबूझकर सभी परिवहन मार्गों पर पूर्णतः बंद बनाए रखा है, अनावश्यक रूप से ट्रेनों को रद्द करना जारी रखा है और पारदर्शी यातायात एवं परिवहन संबंधी सलाह जारी करने या सार्वजनिक करने में विफल रहे हैं। इस जानबूझकर की गई अवज्ञा ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है और यह इस माननीय न्यायालय के अधिकार और गरिमा को दरकिनार करने और कमजोर करने का जानबूझकर किया गया प्रयास है।”
यह भी पढ़ें: ‘सब कुछ बंद नहीं कर सकते’, दिल्ली मेट्रो बंद करने पर सुप्रीम कोर्ट ने पूछा- प्रदर्शन के लिए बड़ी जगह दी जा सकती है?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश द्वार बंद करने के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने चिंता जताई है। कोर्ट ने कहा कि मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश द्वार पूरी तरह बंद करने को लेकर गंभीर चिंताएं हैं। सरकार को निर्देश दिया गया कि नागरिकों को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
