सीजेआई सूर्यकांत ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान एक याचिकाकर्ता से हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि यह धरना-प्रदर्शन का मौसम है, आपको भी ऐसा ही करना चाहिए। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) निर्वाचन क्षेत्रों में अनिवार्य रोटेशन (बारी-बारी से बदलाव) की मांग करने वाली याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया।
सीजेआई और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की बेंच ने कहा कि इस तरह के फैसले विधायिका के अधिकार क्षेत्र में आते हैं और अदालतें ऐसे आदेश नहीं दे सकतीं।
याचिका में दावा किया गया था कि संसद और राज्य विधानसभाओं के लिए आरक्षित एससी और एसटी निर्वाचन क्षेत्रों में अनिवार्य रोटेशन न होना संविधान का उल्लंघन है।
बेंच ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के उस फैसले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया जिसमें परिसीमन अधिनियम, 2002 की धारा 9(1)(सी) को बरकरार रखा गया था। इस धारा के तहत, उन क्षेत्रों में निर्वाचन क्षेत्रों को आरक्षित करने का प्रावधान है, जहां एससी/एसटी आबादी का अनुपात अपेक्षाकृत अधिक है।
याचिकाकर्ता ने क्या कहा?
याचिकाकर्ता जगदीश सिंह उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के 191-कादीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। उन्होंने इस निर्वाचन क्षेत्र को लगातार अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित रखे जाने को चुनौती दी थी। उनका दावा था कि इस सीट के गठन के बाद से करीब सात दशक से यह सीट आरक्षित है।
याचिकाकर्ता ने दलील दी कि आरक्षण में रोटेशन व्यवस्था न होने से संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 19 का उल्लंघन होता है। इससे मतदाताओं के चुनावी विकल्प भी सीमित होते हैं, क्योंकि वे केवल अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों में से ही अपना प्रतिनिधि चुन सकते हैं।
रोटेशनल रिजर्वेशन जैसी व्यवस्था की मांग
याचिका में दावा किया गया कि मौजूदा व्यवस्था से व्यापक समुदाय के हितों को आगे बढ़ाने के बजाय कुछ सीमित राजनीतिक परिवारों को ही फायदा मिल रहा है। याचिका में संविधान के अनुच्छेद 243D और 243T के तहत पंचायतों और नगरपालिकाओं के लिए दी गई ‘रोटेशनल रिजर्वेशन’ (बारी-बारी से आरक्षण) जैसी व्यवस्था की मांग की गई है।
याचिका में बेंच से आग्रह किया गया था कि वह एससी/एसटी के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों में समय-समय पर रोटेशन (बदलाव) लागू करने का निर्देश दे।
सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति बागची ने कहा कि बहुदलीय लोकतंत्र में मतदाताओं से जाति या धर्म के बजाय राजनीतिक विचारधाराओं के आधार पर चुनावी विकल्प चुनने की अपेक्षा की जाती है। हल्के-फुल्के अंदाज में सीजेआई ने टिप्पणी की कि याचिकाकर्ता भी सार्वजनिक विरोध और प्रदर्शनों के जरिए इस मुद्दे को उठा सकते हैं।
सीजेआई ने चुटकी लेते हुए कहा, ”आप रॉन्ग नंबर मिला रहे हैं। यह धरना-प्रदर्शन का मौसम है। आपको भी ऐसा ही करना चाहिए।”
