केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि वह ‘यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन रेगुलेशंस, 2026’ की समीक्षा के लिए एक समिति गठित करने पर विचार कर रही है। अदालत ने इस साल 29 जनवरी को यूजीसी के नए प्रस्तावित नियमों पर रोक लगा दी थी।
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सीजेआई सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची की बेंच को बताया कि सरकार इन नियमों की जांच कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि छात्रों की चिंताओं का समाधान हो और कोई भी वर्ग असंतुष्ट या डरा हुआ महसूस न करे।
सॉलिसिटर जनरल ने कहा, “सरकार एक समिति का गठन करने पर विचार कर रही है।” सीजेआई सूर्यकांत ने सभी छात्रों के हितों की रक्षा करने की जरूरत पर जोर दिया।
पिछली बार सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा था कि ये नियम पहली नजर में अस्पष्ट हैं और इनके बहुत व्यापक परिणाम हो सकते हैं। अदालत ने चेतावनी दी थी कि इनसे समाज में बंटवारा हो सकता है और इनका खतरनाक असर पड़ सकता है।
यूजीसी के प्रस्तावित नियमों का हुआ था विरोध
यूजीसी के प्रस्तावित नियमों के खिलाफ पिछले कुछ महीनों में देश के कई राज्यों में प्रदर्शन हो चुके हैं। कुछ संगठनों ने इन प्रस्तावित नियमों का स्वागत किया था तो विरोध करने वालों ने भी सड़क पर उतरकर अपनी आवाज उठाई थी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए आरक्षण हटाओ आंदोलन के दौरान भी यूजीसी नियमों के विरोध में नारेबाजी की गई थी।
सुप्रीम कोर्ट ने उठाए सवाल
ये नियम सुप्रीम कोर्ट में साल 2019 में दायर एक याचिका के बाद तैयार किए गए थे। यह याचिका पायल तड़वी और रोहित वेमुला की मां की ओर से दायर की गई थी। जाति-आधारित भेदभाव के कारण 2019 और 2016 में कथित तौर पर इन दोनों ने आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने उच्च शिक्षण संस्थानों में भेदभाव-विरोधी व्यवस्था लागू करने की मांग की थी।
UGC के नए नियम क्या हैं?
इस साल 13 जनवरी को UGC ने ‘यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (उच्च शिक्षण संस्थानों में समानता को बढ़ावा देना) रेगुलेशंस, 2026’ नाम से नए नियम जारी किए थे। यह नियम भारत के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों पर लागू होते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य जाति-आधारित भेदभाव को रोकना और कॉलेजों तथा विश्वविद्यालयों में सभी के साथ एक जैसा व्यवहार सुनिश्चित करना है।
UGC के इन नए नियमों के तहत, हर कॉलेज और विश्वविद्यालय के लिए अपने परिसर में ‘इक्वल अपॉर्चुनिटी सेंटर’ नाम से एक यूनिट बनाना जरूरी है। UGC ने शिक्षण संस्थानों से कहा था कि वे विशेष समितियां, हेल्पलाइन और निगरानी टीमें बनाएं, जो शिकायतों को देखें, विशेषकर एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के छात्रों की शिकायतों को।
यह भी पढ़ें- ‘UGC के नए नियम अभी सिर्फ प्रस्ताव’
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने सोमवार को राजस्थान के भीलवाड़ा में जैन संत आचार्य पुलक सागर महाराज से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच यूजीसी के प्रस्तावित नियमों, सामाजिक समरसता और जातिवाद जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा हुई। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
