Bombay High Court MPSC Case: बॉम्बे हाई कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार से कहा है कि वह महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की परीक्षा देने वाले प्रदर्शनकारी छात्रों की शिकायतों पर ध्यान दे। अदालत ने साथ ही प्रदर्शनकारियों से पढ़ाई पर ध्यान देने की भी अपील की।
अदालत ने कहा कि यह सरकार की जिम्मेदारी है कि परीक्षा स्वतंत्र, निष्पक्ष और अच्छे ढंग से हो।
कोर्ट ने पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों को याद दिलाया कि अगर वे अपनी जगह नहीं बदलते हैं तो राज्य सरकार कार्रवाई कर सकती है क्योंकि उनके पास वहां प्रदर्शन करने के लिए जरूरी इजाजत नहीं है।
बॉम्बे हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी और जस्टिस अद्वैत एम. सेठना की बेंच ने कहा, “अगर वे (प्रदर्शनकारी) अपना आंदोलन जारी रखना चाहते हैं तो उन्हें इसके लिए और जगह बदलने के लिए इजाजत लेनी होगी। अगर वे जगह नहीं बदलते हैं, तो सरकार उचित कदम उठा सकती है।”
याचिका में क्या कहा था?
कोर्ट पुणे के रहने वाले दो लोगों की याचिका पर सुनवाई कर रहा था। याचिका में कहा गया था कि एमपीएससी के छात्रों के अल्का टॉकीज चौक, अहिल्या स्टडी सेंटर और एसएम जोशी ब्रिज पर प्रदर्शन करने से पुणे के लोगों को परेशानी हो रही है।
चीफ जस्टिस त्रिपाठी ने टिप्पणी की “भर्ती प्रक्रिया को बेहतर ढंग से पूरा करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तीन हफ्ते के भीतर इसका रोडमैप बताए।
माता-पिता की मुश्किलों को समझें- अदालत
जस्टिस त्रिपाठी ने कहा, “यह (पुणे) शिक्षा का केंद्र है और ज्यादातर छात्रों की पढ़ाई में रुचि है न कि इन (प्रदर्शनों) में। पूरा माहौल खराब हो गया है और भरोसा बहाल करने के लिए ईमानदार कोशिश होनी चाहिए… मैं सभी छात्रों से अपील करता हूं कि वे उन माता-पिता की मुश्किलों को समझें जिन्होंने उन्हें पुणे भेजा है और अपनी पढ़ाई की ओर लौटें… मासूम बच्चे सड़कों पर हैं, उनकी शिकायतों का समाधान होना चाहिए और परीक्षा स्वतंत्र और निष्पक्ष होनी चाहिए।”
जस्टिस त्रिपाठी ने कहा कि उन्हें अदालत पर भरोसा रखना चाहिए क्योंकि वह इस मामले को देख रही है और शांति पसंद पुणे शहर के लोगों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
अदालत ने कहा कि छात्रों को प्रदर्शन के लिए इजाजत लेनी चाहिए ताकि लोगों को परेशानी न हो। जस्टिस त्रिपाठी ने कहा, “अगर उन्हें लगता है कि कुछ गड़बड़ हुई है, तो उन्हें प्रदर्शन करने का हक है, क्योंकि उन्होंने (पढ़ाई में) कई घंटे दिए हैं।”
राज्य सरकार की ओर से पेश हुए अटार्नी जनरल मिलिंद साठे ने जवाब दिया कि वह हलफनामे के जरिये राज्य सरकार के अगले कदम के बारे में जानकारी देंगे।
‘वे छात्र हैं, असामाजिक तत्व नहीं’
हाई कोर्ट ने कहा, “हम इसकी सराहना करते हैं। वे छात्र हैं, असामाजिक तत्व नहीं। उनकी मुख्य शिकायत यह है कि परीक्षा निष्पक्ष रूप से होनी चाहिए। जांच और बाकी सभी बातें रिकॉर्ड पर लाई जानी चाहिए। हम यह तय करेंगे कि कोशिश हो और दोषियों का पता लगाया जाए। अदालत को अभिभावक के तौर पर जिम्मेदारी सौंपी गई है और छात्रों को फैकल्टी और यूनिवर्सिटी के पास वापस जाना चाहिए।”
इसके बाद अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर के लिए तय कर दी।
यह भी पढ़ें- स्वतंत्र भारद्वाज को अदालत से मिली जमानत
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक दलित छात्र-कार्यकर्ता के पिता के साथ हुई कथित मारपीट और विवाद के मामले में दिल्ली की एक अदालत ने स्वतंत्र भारद्वाज को नियमित जमानत दे दी है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
