बॉम्बे हाई कोर्ट ने गुरुवार को सार्वजनिक सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पटाखे लगाने का निर्देश दे दिया है। हाई कोर्ट ने कहा कि उसका यह निर्देश नवरात्रि, आगामी दिवाली, क्रिसमस और अन्य उत्सवों समेत सभी त्योहारों के मद्देनजर पूरे साल लागू रहेगा।
जस्टिस गिरीश एस कुलकर्णी और जस्टिस नीला के गोखले की बेंच ने अपने 22 सितंबर के फैसले को आगे बढ़ाया है। 22 सितंबर को हाईकोर्ट ने यह आदेश गणेशोत्सव के दौरान पूरे महाराष्ट्र में त्योहारों के जुलूसों के दौरान होने वाले भीषण ध्वनि और वायु प्रदूषण को कम करने के लिए दिया था।
कोर्ट ने जताई चिंता
बार एंड बेंच के मुताबिक, कोर्ट ने यह आदेश स्वत: संज्ञान लेते हुए दायर की गई जनहित याचिका और अन्य याचिकाओं को लेकर पारित किया। याचिका में सार्वजनिक सड़कों पर तेज ध्वनि सिस्टम और पटाखों के धमाके को लेकर गंभीर चिताएं जताई गई थीं।
आज फिर पीठ ने बिगड़ती वायु प्रदूषण पर गंभीर चिंता जताई और कहा कि उसका यह आदेश पूरे साल लागू रहेगा।
कोर्ट ने कहा, “पटाखे जलाने पर आपका (अथॉरिटीज) कोई कंट्रोल नहीं है। हम सभी संविधान से बंधे हैं और नागरिकों के अधिकार सबसे पहले हैं। समस्या कानून का पालन न करना है।”
सरकार, बीएमसी और महाराष्ट्र पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड को भी दिए आदेश
बेंच ने महाराष्ट्र सरकार, बीएमसी और महाराष्ट्र पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड को कई बिंदुओं का पालन करने का निर्देश भी दिया।
- बीमार करने वाले जहरीले प्रभावों को सार्वजनिक करें।
- एक हफ्ते के अंदर स्कूलों और सार्वजनिक परिवहन में जागरूकता अभियान शुरू करें।
- प्रमोशन के लिए सेलिब्रिटी का इस्तेमाल करें।
- कम उत्सर्जन वाले ग्रीन पटाखों को बढ़ावा दें
- साथ ही पुलिस के साथ एक कारगर कंप्लेंट सिस्टम बनाएं।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने पटाखों के बनने या बिक्री पर रोक नहीं लगाई है।
