महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर नगर निगम में सत्ताधारी शिवसेना को बड़ा झटका लगा है। सोमवार को बॉम्बे हाईकोर्ट ने मेयर अश्विनी कमलेश निकम के चार भाजपा उम्मीदवारों में से केवल दो को मनोनीत पार्षद के रूप में नामित करने के फैसले पर आगे की कार्रवाई रोक दी।

शिवसेना के मेयर पर आरोप है कि उन्होंने यूएमसी कमिश्नर की सिफारिशों में बदलाव किया और भाजपा के अन्य नामित उम्मीदवारों एसबी सिंह और प्रदीप रामचंदानी के नाम हटा दिए।

शिवसेना के मेयर के खिलाफ कोर्ट पहुंचे भाजपा नेता

रामचंदानी ने भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वधर्या के साथ मिलकर बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर कर एक अक्टूबर को आयोजित उल्हासनगर नगर परिषद की विशेष आम सभा में पार्षदों के प्रस्तावित नामांकन को चुनौती दी थी, जिसमें से भाजपा के चार नामों में से दो की सिफारिश की गई थी। वहीं, शिवसेना के प्रभुत्व वाले उल्हासनगर शहर विकास अघाड़ी (यूएसवीए) गठबंधन के पांच उम्मीदवारों के नाम की सिफारिश की गई थी।

जस्टिस गिरीश एस कुलकर्णी और जस्टिस नीला के गोखले ने कहा, “प्रथमदृष्टया, याचिकाकर्ताओं के वकील के इस तर्क में दम है कि क्या महापौर को महाराष्ट्र नगर निगम (नामित पार्षदों की योग्यता और नियुक्ति) नियम, 2012 के तहत नामांकन को अस्वीकार करने और आयुक्त द्वारा अनुशंसित चार उम्मीदवारों में से केवल दो के नाम रखने का कोई अधिकार था।”

हाईकोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा, “इस बीच, सुनवाई की स्थगित तिथि तक, नगर सचिव को 2012 के नियमों के नियम 6 के प्रावधानों के मुताबिक मनोनीत पार्षदों को अधिसूचित करने और उनके बारे में कोई पब्लिश करने से रोका जाता है।”

वकीलों ने क्या दी दलील?

याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता बीरेंद्र सराफ और अनिल वाई सखारे ने दलील दी कि जबकि नगर आयुक्त ने 2012 के नियमों के नियम 5 (1) के तहत तीन यूएसवीए उम्मीदवारों की सिफारिश की थी, महापौर ने सदन के समक्ष पांच यूएसवीए उम्मीदवारों के नाम रखे और उसके बाद, जल्दबाजी में राष्ट्रगान के साथ बैठक खत्म कर दी।”

नगर निगम की ओर से मनोनीत पार्षदों को लेकर भाजपा-शिवसेना के बीच चल रहा लंबे समय से विवाद पहले हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। हाईकोर्ट ने मुद्दे पर 1 अक्टूबर तक सामाजिक और सामुदायिक बैठक (एसजीबीएम) बुलाने का आदेश दिया था, जिसके बाद महापौर ने वर्तमान याचिकाओं में उल्लिखित फैसला लिया। गौरतलब है कि भाजपा और शिवसेना राज्य में सहयोगी है, लेकिन नगर निगम में नहीं।

सोमवार को याचिकाकर्ताओं ने तत्काल अंतरिम राहत की मांग की और तर्क दिया कि 2012 के नियमों के मुताबिक, महापौर के पास आयुक्त द्वारा अनुशंसित उम्मीदवारों को अस्वीकार करने का कोई अधिकार नहीं है। याचिकार्ताओं के दलीलों सुनते हुए कोर्ट ने प्रतिवादियों को नोटिस जारी किया और उन्हें 12 अक्टूबर तक जवाब दाखिल करने का निर्देश भी दिया।

यह भी पढ़ें: बॉम्बे HC ने स्पेशल कोर्ट का आदेश पलटा, एंटीलिया मामले में पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वाजे की जमानत पर लगाई रोक

बॉम्बे हाईकोर्ट से बुधवार को मुंबई के पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वाजे को बड़ा झटका लगा है। हाई कोर्ट ने वाजे को मिली जमानत पर रोक लगा दी है। वाजे को 2021 के एंटीलिया बम धमकी मामले और मनसुख हिरेन हत्याकांड में स्पेशल कोर्ट ने 29 सितंबर को जमानत दी थी। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें