समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। यह मामला मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़ा है। इससे पहले रविवार को गाजियाबाद की विशेष अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

आजम खान के वकील निजाम पाशा ने सुप्रीम कोर्ट में तत्काल सुनवाई के लिए याचिका का उल्लेख किया। इस पर शीर्ष अदालत ने कहा कि याचिका को इसी सप्ताह सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा।

ED ने किया था शनिवार को गिरफ्तार

गाजियाबाद की विशेष अदालत ने आजम खान को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। ED ने उन्हें शनिवार को गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी उस समय हुई जब वह और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान कथित दोहरे पैन कार्ड मामले में जमानत मिलने के बाद रामपुर जेल से रिहा हुए थे।

ED ने उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा आजम खान और उनके कथित सहयोगियों के खिलाफ दर्ज 58 FIR के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है। एजेंसी का आरोप है कि सरकारी विकास कार्यों के लिए आवंटित धनराशि को कथित तौर पर रामपुर स्थित निजी जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में इस्तेमाल किया गया।

ईडी जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण, संस्थान के लिए जमीन की खरीद और इन कामों में इस्तेमाल किए गए फंड के स्रोतों में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रही है। एजेंसी का आरोप है कि करोड़ों रुपये के सरकारी फंड का दुरुपयोग किया गया। खान को हिरासत में लेने से पहले, एजेंसी ने गाजियाबाद कोर्ट से वारंट हासिल किया था।

इससे पहले 28 अक्टूबर को ED ने विश्वविद्यालय की जमीन और इमारतों को कुर्क कर लिया था। इन संपत्तियों का अनुमानित बाजार मूल्य 1,170 करोड़ रुपये बताया गया है।

आजम खान के वकील ने दलील दी कि जांच एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के प्रावधानों का उल्लंघन किया है। वहीं, ED ने कथित वित्तीय लेन-देन और बेनामी संपत्तियों के हस्तांतरण से जुड़े मामलों में पूछताछ के लिए उनकी हिरासत की मांग की है।

रविवार को ED को मिली 14 दिन की हिरासत

प्रवर्तन निदेशालय ने कड़ी सुरक्षा के बीच आजम खान को रविवार सुबह करीब 10:30 बजे अदालत के विशेष न्यायाधीश अवनीश कुमार पांडे के सामने पेश किया। ईडी की पांच गाड़ियों का काफिला उन्हें अदालत परिसर तक लाया। जब खान एक एमयूवी (गाड़ी) में अदालत पहुंचे तो वे शांत दिख रहे थे। जैसे ही उन्होंने गाड़ी की खिड़की नीचे की, पत्रकारों ने पूछा कि क्या वे कुछ कहना चाहते हैं। इस पर उन्होंने जवाब दिया, “अब क्या रह गया है बोलने को?”