क्या पुलिस किसी को गिरफ्तार करने के लिए प्लेन के अंदर जा सकती है? यह सवाल तब चर्चा में आया जब दिल्ली पुलिस ने 10 अक्टूबर को राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान के उतरने के कुछ मिनट बाद ही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को फ्लाइट के अंदर से हिरासत में ले लिया।

इस सवाल का छोटा जवाब है- हां। हालांकि पुलिस का विमान में दाखिल होना और किसी को गिरफ्तार करना कानूनी है या नहीं, यह कई बातों पर निर्भर करता है। इनमें घटना की परिस्थितियां, विमान की स्थिति और पुलिस के पास मौजूद कानूनी अधिकार शामिल हैं। यह भी देखना होता है कि पुलिस को इस कार्रवाई के लिए किसी खास अनुमति की जरूरत थी या नहीं।

द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में विमानन कानून के विशेषज्ञों ने बताया कि विमान के अंदर गिरफ्तारी से जुड़े कानूनी प्रावधान क्या हैं, किन परिस्थितियों में पुलिस बल का इस्तेमाल कर सकती है और इस दौरान हवाई अड्डे की सुरक्षा एजेंसियों की क्या भूमिका होती है।

विमान के अंदर किसे गिरफ्तार किया जा सकता है?

भारतीय विमानन कानूनों में विमान की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले अपराधों का जिक्र है। हालांकि इनमें भारतीय दंड संहिता (IPC) या भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत आने वाले सभी सामान्य अपराधों की ऐसी पूरी सूची नहीं दी गई है जिनमें विमान के अंदर गिरफ्तारी हो सकती है।

एंटी-हाइजैकिंग एक्ट और नागरिक विमानन की सुरक्षा के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने वाले कानून में फ्लाइट के अंदर लोगों के साथ हिंसा करने, विमान को नुकसान पहुंचाने और उसमें खतरनाक उपकरण रखने जैसे अपराध शामिल हैं।

वहीं एयरक्राफ्ट रूल्स, 1937 में भी गलत व्यवहार से जुड़े नियम हैं। इनमें मारपीट करना, धमकाना, विमान के पायलट के वैध निर्देशों का पालन नहीं करना और उड़ान की सुरक्षा को खतरे में डालने वाला व्यवहार करना शामिल है।

सामान्य आपराधिक मामलों में गिरफ्तारी के लिए आम कानून लागू होते हैं। हालांकि इसके लिए तय कानूनी प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है। विमान के अंदर दाखिल होने के लिए पुलिस पर लागू होने वाली शर्तों का भी ध्यान रखना होता है।

इसके अलावा, स्थानीय पुलिस को विमान के अंदर प्रवेश करने की अनुमति देने के लिए संबंधित अधिकारियों से जरूरी मंजूरी लेनी पड़ सकती है और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करनी होती हैं।

फ्लाइट के अंदर किसी को हिरासत में लिया जा सकता है?

विमानन कानून और नियामक मामलों के विशेषज्ञ अधिवक्ता सौरभ नंदवानी ने कहा कि विमान के उतरने के बाद पुलिस उसके अंदर किसी व्यक्ति को गिरफ्तार या हिरासत में ले सकती है बशर्ते इसके लिए उसके पास कानूनी आधार हो और वह तय प्रक्रिया का पालन करे।

उन्होंने कहा, ”सिर्फ इसलिए कि कोई विमान हवाई अड्डे पर उतर चुका है, वह भारतीय कानून से बाहर नहीं हो जाता। हालांकि किसी व्यक्ति को गिरफ्तार करने या हिरासत में लेने के लिए पुलिस के पास उचित कानूनी आधार होना चाहिए। साथ ही, उसे कानून में तय सुरक्षा प्रावधानों का पालन करना होगा।”

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 35 में उन परिस्थितियों का उल्लेख है जिनमें पुलिस बिना वारंट के गिरफ्तारी कर सकती है। वहीं धारा 126 और 170 कुछ खास परिस्थितियों में एहतियाती कार्रवाई से संबंधित हैं।

संविधान के अनुच्छेद 21 और 22 भी व्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा करते हैं और मनमाने ढंग से गिरफ्तारी या हिरासत में लिए जाने के खिलाफ सुरक्षा प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा, ”विमान की सुरक्षा या उसकी संरक्षा को खतरे से बचाने के लिए की गई कार्रवाई और किसी दूसरे कानूनी मकसद से पुलिस की कार्रवाई के बीच अंतर करना जरूरी है। अगर कोई यात्री विमान में हंगामा करता है तो सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उसे काबू में करना जरूरी हो सकता है। लेकिन किसी प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन के संबंध में हिरासत में लेने के मामले को उसकी परिस्थितियों और कानूनी आधार पर परखना होगा। सिर्फ विरोध-प्रदर्शन होने की आशंका अपने आप में किसी को हिरासत में लेने का पर्याप्त आधार नहीं है।”

विमानन कानून के विशेषज्ञ सत्यम द्विवेदी का कहना है कि विमान के उतरने के बाद उसके अंदर किसी व्यक्ति को गिरफ्तार किया जा सकता है। हालांकि पुलिस को यह बताना होगा कि गिरफ्तारी के दौरान बल का इस्तेमाल क्यों किया गया और गिरफ्तारी के लिए विमान के अंदर जाना क्यों जरूरी था।

उन्होंने स्पष्ट किया, ”गिरफ्तारी से जुड़े प्रावधान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 के तहत आते हैं। ये नियम हवाई अड्डे पर या किसी दूसरी जगह गिरफ्तारी होने पर भी लागू होते हैं। BNSS की धारा 43 के तहत, अगर कोई व्यक्ति गिरफ्तारी का विरोध करता है या उससे बचने की कोशिश करता है तो उसे गिरफ्तार करने के लिए बल का इस्तेमाल किया जा सकता है। लेकिन बल का इस्तेमाल उतना ही होना चाहिए जितना जरूरी हो।”

उन्होंने कहा कि इस मामले में यह देखना अहम है कि क्या संबंधित व्यक्ति गिरफ्तारी का विरोध कर रहा था, उससे बचने की कोशिश कर रहा था या दूसरे यात्रियों के लिए खतरा पैदा कर रहा था।

द्विवेदी का कहना है कि कानूनी आधार पर गिरफ्तारी करने के लिए पुलिस को जरूरी नहीं कि हवाई अड्डे की सुरक्षा एजेंसी से अनुमति लेनी ही पड़े। हालांकि, संबंधित सुरक्षा एजेंसी के साथ तालमेल बनाना जरूरी है।

उन्होंने कहा, ”सीआईएसएफ (CISF) को पहले से जानकारी क्यों नहीं दी गई? संबंधित सुरक्षा एजेंसी को यात्री को अपने कब्जे में लेने और फिर दिल्ली पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया में क्यों शामिल नहीं किया गया? ये अहम सवाल हैं जिनके जवाब अभी नहीं मिले हैं।”

द्विवेदी के मुताबिक, टोक्यो कन्वेंशन एक्ट इस मामले में सीधे तौर पर लागू नहीं होता। यह कानून उड़ान के दौरान अनुशासनहीन व्यवहार करने वाले यात्रियों को नियंत्रित करने और संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देने के लिए विमान के पायलट को अधिकार देता है। यह कन्वेंशन मुख्य रूप से विमान के अंदर किए गए अपराधों और कुछ अन्य तरह की गतिविधियों से संबंधित है।

सुप्रीम कोर्ट में एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड सिद्धार्थ बत्रा कहते हैं कि किसी व्यक्ति को हिरासत में लेने का अधिकार पुलिस के पास है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत पुलिस इस अधिकार का इस्तेमाल कर सकती है बशर्ते संबंधित कानूनी प्रावधानों की शर्तें पूरी हों।

उन्होंने जोर देकर कहा, ”विमान के उतरने के बाद भी अगर कोई व्यक्ति उसके अंदर बैठा है, तो इससे पुलिस का गिरफ्तारी करने का अधिकार खत्म नहीं हो जाता।”

हालांकि, विमान के अंदर प्रवेश करने की प्रक्रिया अहम है। बत्रा के मुताबिक, ”BNSS की धारा 44 में प्रावधान है कि अगर किसी पुलिस अधिकारी को (जिसे गिरफ्तारी का अधिकार है) यह विश्वास करने का कारण हो कि जिस व्यक्ति को गिरफ्तार करना है, वह किसी खास जगह के अंदर है तो उस जगह का प्रभारी अधिकारी के मांगने पर उसे अंदर जाने की अनुमति देने और गिरफ्तारी के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बाध्य है।”

लेकिन विमान के मामले में इस प्रावधान को एयरक्राफ्ट (सिक्योरिटी) रूल्स, 2023 के साथ पढ़ना होगा। बत्रा ने कहा, ”विमान एक बेहद संवेदनशील जगह है जहां प्रवेश नियंत्रित होता है। इन नियमों के नियम 36 के तहत विमान में प्रवेश पर नियंत्रण विमान का संचालन करने वाली कंपनी के पास होता है। इसलिए आम तौर पर पुलिस को विमान में प्रवेश करने के लिए अपना अधिकार और कार्रवाई का उद्देश्य बताना होगा। इसके साथ ही उसे संबंधित विमानन सुरक्षा एजेंसियों और विमान संचालक कंपनी के साथ तालमेल बनाना होगा।”

उन्होंने दोनों बातों के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए कहा, ”कानूनी रूप से गिरफ्तारी करने के लिए पुलिस को एयरलाइन की अनुमति की जरूरत नहीं होती। गिरफ्तारी का अधिकार उसे BNSS से मिलता है। लेकिन इस अधिकार का इस्तेमाल करने के लिए विमान के अंदर प्रवेश के मामले में एयरलाइन और विमानन सुरक्षा एजेंसियों के साथ तालमेल जरूरी है।”

विमान के अंदर हिरासत में लेने का आदेश देने का अधिकार किसके पास है?

सुप्रीम कोर्ट ने डीके बसु बनाम पश्चिम बंगाल राज्य मामले में गिरफ्तारी और हिरासत के दौरान पुलिस के लिए कुछ जरूरी दिशा-निर्देश दिए थे। इनके तहत पुलिस को गिरफ्तारी का मेमो तैयार करना, गिरफ्तार व्यक्ति को गिरफ्तारी की वजह बताना, उसके किसी रिश्तेदार या दोस्त को इसकी सूचना देना और कानून के मुताबिक जरूरत पड़ने पर उसकी मेडिकल जांच कराना होता है।

इस फैसले का हवाला देते हुए विमानन कानून के विशेषज्ञ सत्यम द्विवेदी कहते हैं, ”पुलिस को यह बताना होगा कि बल का इस्तेमाल क्यों जरूरी था और गिरफ्तारी के लिए विमान के अंदर जाना क्यों जरूरी था। कानून और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के मुताबिक, अधिकारियों को अपनी कार्रवाई का औचित्य बताना होगा। सवाल यह है कि क्या हालात को देखते हुए बल का इस्तेमाल जरूरी था और क्या वह जरूरत के मुताबिक ही किया गया?”

विमानन कानून के विशेषज्ञ सौरभ नंदवानी के मुताबिक, यह अधिकार इस बात पर निर्भर करता है कि कार्रवाई किस मकसद से की जा रही है। विमान के उतरने के बाद पुलिस लागू कानून के तहत किसी व्यक्ति को गिरफ्तार कर सकती है या एहतियाती कार्रवाई कर सकती है।

उन्होंने कहा, ”सीआईएसएफ और हवाई अड्डे की सुरक्षा एजेंसियां अपनी निर्धारित सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियां निभाती हैं जबकि एयरलाइन के अधिकारी और विमान का पायलट परिचालन संबंधी तालमेल और विमान की सुरक्षा का ध्यान रखते हैं।”

गंभीर अनुशासनहीनता की स्थिति में यात्रियों को काबू में करने के लिए केबिन क्रू के पास तय प्रक्रियाओं के तहत हथकड़ी जैसे स्वीकृत उपकरण हो सकते हैं। हालांकि इससे केबिन क्रू को पुलिस जैसे सामान्य गिरफ्तारी अधिकार नहीं मिल जाते।

विमानन क्षेत्र में अपने अनुभव का जिक्र करते हुए नंदवानी ने बताया कि वह दिल्ली हवाई अड्डे पर खराब हो चुके विमान को हटाने और उसकी स्थिति से निपटने वाली टीम का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि किसी जांच के दायरे में आए विमान की स्थिति को आम तौर पर सुरक्षित रखा जाना चाहिए और उचित अनुमति के बिना उसमें बदलाव नहीं किया जाना चाहिए। हालांकि, लोगों की जान बचाने या गंभीर नुकसान रोकने के लिए तुरंत कार्रवाई जरूरी हो तो अपवाद हो सकता है।

उन्होंने आगे कहा, ”विमानन सुरक्षा सबसे अहम है, लेकिन परिचालन संबंधी अधिकार और कानूनी अधिकार अलग-अलग हैं। विमान का कप्तान, एयरलाइन की सुरक्षा टीम, सीआईएसएफ और पुलिस आपस में तालमेल बनाकर काम कर सकते हैं। लेकिन किसी को गिरफ्तार करने या हिरासत में लेने का अधिकार संबंधित कानून से ही मिलता है।”

मौजूदा मामले में उन्होंने तीन अहम सवाल उठाए: कार्रवाई किसने शुरू की, इसके लिए किस कानूनी अधिकार का इस्तेमाल किया गया और क्या हिरासत में लेने का संबंध विमान की सुरक्षा से जुड़ी किसी वास्तविक चिंता से था या फिर किसी दूसरे कानून-व्यवस्था संबंधी मकसद से।

हिरासत में लिया गया व्यक्ति क्या कर सकता है?

हिरासत में लिए गए व्यक्ति के पास परिस्थितियों के आधार पर कई कानूनी विकल्प होते हैं। विमानन कानून के विशेषज्ञ सौरभ नंदवानी के मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति को गैर-जमानती अपराध में गिरफ्तारी की आशंका है तो वह भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 482 के तहत अग्रिम जमानत के लिए आवेदन कर सकता है।

पुलिस BNSS की धारा 35 के तहत व्यक्ति को पूछताछ या पेश होने के लिए नोटिस भी जारी कर सकती है। मामले की स्थिति के आधार पर नियमित जमानत या दूसरी कानूनी राहत भी मांगी जा सकती है।

नंदवानी कहते हैं, ”अगर किसी व्यक्ति को गैरकानूनी तरीके से हिरासत में लिया गया है, तो वह संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकता है। जरूरत पड़ने पर हेबियस कॉर्पस याचिका दायर की जा सकती है। इसके जरिए अदालत से हिरासत में लिए गए व्यक्ति को पेश करने का निर्देश देने की मांग की जाती है।”

उन्होंने बताया कि BNSS की धारा 126 के तहत सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए एहतियाती कार्रवाई और धारा 170 के तहत संज्ञेय अपराध को रोकने के लिए गिरफ्तारी जैसे उपाय भी अपनाए जा सकते हैं। हालांकि, इसके लिए कानून में तय शर्तों का पूरा होना जरूरी है।

कुछ मामलों में व्यक्ति अदालत में कैविएट भी दाखिल कर सकता है। इससे अंतरिम आदेश देने से पहले उसे अपना पक्ष रखने का मौका मिल सकता है। हालांकि, कैविएट दाखिल करने से गिरफ्तारी नहीं रुकती।

नंदवानी के मुताबिक, एहतियाती कानूनी उपायों पर अक्सर ध्यान नहीं दिया जाता और लोग हिरासत में लिए जाने के बाद ही अदालत पहुंचते हैं। उन्होंने कहा, ”विमान की सुरक्षा के लिए पायलट की जिम्मेदारी और एयरलाइन की सुरक्षा टीम तथा सीआईएसएफ की भूमिका को पुलिस के गिरफ्तारी संबंधी अधिकारों से अलग समझना जरूरी है। हर गिरफ्तारी या हिरासत के लिए कानूनी आधार होना चाहिए और तय प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए।”

वहीं अधिवक्ता सत्यम द्विवेदी का कहना है कि गिरफ्तार व्यक्ति को वकील की मदद लेने का अधिकार होता है। आम तौर पर उसे गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर मजिस्ट्रेट के सामने पेश करना जरूरी है। हालांकि, अदालत तक पहुंचने में लगने वाला जरूरी यात्रा समय इस अवधि में शामिल नहीं होता।

उन्होंने कहा, ”गिरफ्तारी से जुड़े जरूरी कानूनी नियमों का पालन नहीं किया गया हो तो परिस्थितियों के आधार पर यह बात जमानत की अर्जी सहित दूसरे कानूनी उपायों के लिए प्रासंगिक हो सकती है। अगर किसी व्यक्ति को गैरकानूनी तरीके से हिरासत में रखा गया है या उसे तय समय के भीतर मजिस्ट्रेट के सामने पेश नहीं किया गया है तो संबंधित अदालत में हेबियस कॉर्पस याचिका भी दाखिल की जा सकती है।”

द्विवेदी के मुताबिक, पुलिस को यह भी बताना होगा कि बल का इस्तेमाल क्यों जरूरी था और गिरफ्तारी के लिए विमान के अंदर जाना क्यों जरूरी था। उन्होंने कहा, ”कानून और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के मुताबिक, अधिकारियों को अपनी कार्रवाई का औचित्य बताना होगा। यह देखना जरूरी है कि हालात में बल का इस्तेमाल आवश्यक था या नहीं और क्या उसका इस्तेमाल जरूरत के मुताबिक ही किया गया।”

आखिरकार, विमान के अंदर से किसी व्यक्ति को हिरासत में लेने की वैधता इस बात पर निर्भर करेगी कि पुलिस ने किस आधार पर कार्रवाई की, उसके पास कौन-सा कानूनी अधिकार था और क्या उसने तय प्रक्रिया का पालन किया। विमान के उतरने के बाद हवाई अड्डे या विमान के अंदर गिरफ्तारी करने का अधिकार पुलिस के पास हो सकता है। लेकिन इस दौरान विमान की सुरक्षा से जुड़े नियमों, हिरासत में लिए गए व्यक्ति के अधिकारों और मनमानी गिरफ्तारी से बचाने वाले कानूनी प्रावधानों का ध्यान रखना भी जरूरी है।