Allahabad High Court News: इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कहा है कि सत्ता के सामने सच बोलने की बार की जिम्मेदारी हिंसा भड़काने का लाइसेंस नहीं देती। कोर्ट ने उन वकीलों के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की सिफारिश की है, जिन पर 28 अक्टूबर को स्टाफ पर हमला करने और कोर्ट रूम में तोड़फोड़ करने का आरोप है।
जस्टिस अजय भनोट और जस्टिस दिवेश चंद्र सामंत की बेंच ने रजिस्ट्रार जनरल से यह भी कहा है कि वे तोड़फोड़ में शामिल लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर घटना के बारे में कथित तौर पर गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने पर विचार करें।
बार में बोलने की आजादी का मतलब बेंच की बुराई करना नहीं- कोर्ट
कोर्ट ने कहा, “अराजकता असहमति का कोई रूप नहीं है। बार में बोलने की आजादी का मतलब बेंच की बुराई करना नहीं है।” कोर्ट ने यह भी कहा कि कानूनी प्रक्रिया में डराने-धमकाने और हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।
कोर्ट रूम में हुई हिंसा से जुड़े वकीलों के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने के लिए मामले को मुख्य न्यायाधीश के पास भेजते हुए पीठ ने कहा, “इन वकीलों के कार्यों ने अदालत की गरिमा को ठेस पहुंचाई और उसके अधिकार को कम किया, (इसने) न्यायिक कार्यवाही की उचित प्रक्रिया में भी दखल दिया और न्याय प्रशासन में बाधा डाली। पीठ ने कहा कि इन वकीलों के उक्त कृत्य प्रथम दृष्टया इस अदालत की आपराधिक अवमानना के दायरे में आते हैं।”
क्या है पूरा मामला?
यह स्वतः संज्ञान वाला अवमानना मामला 28 अक्टूबर को कोर्ट नंबर 49 में हुई एक घटना से जुड़ा है। आरोप है कि वहां वकीलों के एक समूह ने नारे लगाए और जस्टिस अजय भनोट के कथित दुर्व्यवहार के विरोध में अदालती कार्यवाही में बाधा डाली।
इससे एक दिन पहले, इलाहाबाद हाई कोर्ट बार एसोसिएशन ने इसी मुद्दे पर मुख्य न्यायाधीश को एक पत्र भेजा था। उन्होंने अदालत में पुलिस और सहायक अधिकारियों के लिए सीटें आरक्षित रखने पर आपत्ति जताई थी। साथ ही, यह आरोप भी लगाया था कि जस्टिस भनोट ने एक वकील को अपमानित किया, उनसे माफी मांगने के लिए मजबूर किया और यहां तक कि उन्हें जेल भेजने की धमकी भी दी।
बेंच ने इन आरोपों को पूरी तरह से झूठ बताते हुए खारिज कर दिया। बेंच ने कहा कि बैठने की यह व्यवस्था इसलिए की गई थी ताकि अधिकारी अदालती कार्यवाही को समझ सकें और अदालत की सहायता कर सकें। साथ ही, यह भी स्पष्ट किया गया कि ऐसा कोई आदेश न तो दिया गया है और न ही रिकॉर्ड में मौजूद है जिसमें अदालत ने किसी वकील को जेल भेजने का निर्देश दिया हो।
इसके अलावा, बेंच ने कहा कि रजिस्ट्रार जनरल की तरफ से सौंपी गई एक रिपोर्ट में बताया गया है कि इस हंगामे के दौरान कई सरकारी वकीलों, कोर्ट के कर्मचारियों और एक चपरासी के साथ मारपीट की गई। रिपोर्ट का हवाला देते हुए कोर्ट ने कहा कि वीडियो में वकीलों द्वारा की गई यह कथित मारपीट साफ तौर पर देखी जा सकती है।
सोशल मीडिया पर झूठ की आंधी ने सच का गला घोंट दिया- कोर्ट
कोर्ट ने सोशल मीडिया पर इस घटना के बारे में फैलाई जा रही झूठी बातों की भी आलोचना की। कोर्ट ने कहा, “सोशल मीडिया पर झूठ की आंधी ने सच का गला घोंट दिया है। असल में, अब सच की कोई अहमियत ही नहीं बची है।”
कोर्ट ने वकालत के पेशे में पहले हुई हिंसा और आपराधिक गतिविधियों का जिक्र किया, जिसमें जुलाई 2026 में लखनऊ जिला अदालत में हुई घटना भी शामिल है। कोर्ट ने बार काउंसिल में रजिस्टर्ड लॉ ग्रेजुएट्स के उन संगठित गिरोहों की ओर इशारा किया, जो अपने ओहदे का गलत फायदा उठाकर संपत्तियों पर कब्जा करते हैं, मुकदमों से जुड़े लोगों को डराते-धमकाते हैं और अदालती कार्यवाही को प्रभावित करने की कोशिश करते हैं।
बेंच ने कहा, “जैसा कि इस कोर्ट ने पहले के मामलों में देखा है, वकालत के पेशे का अपराधीकरण एक ऐसी गंभीर समस्या है जो उत्तर प्रदेश में न्यायिक व्यवस्था की नींव को ही हिला रही है। जब घर में आग लगी हो, तो फर्नीचर को इधर-उधर खिसकाना सबसे बड़ी प्राथमिकता नहीं हो सकती।”
कोर्ट ने यह भी कहा कि बार (वकीलों) और बेंच (न्यायाधीशों) के बीच तालमेल बनाए रखने के नाम पर इस घटना को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने कहा, “अदालत में हिंसा करने वालों को बढ़ावा देने या उन्हें खुश करने से अदालतें ब्लैकमेल का शिकार हो सकती हैं और इससे हिंसा को दोबारा होने से भी नहीं रोका जा सकेगा। हिंसा को बढ़ावा देने से वह शांत नहीं होती। हिंसा पर तभी लगाम लगाई जा सकती है जब दोषियों को सजा दिलाई जाए और कानून का ऐसा खौफ कायम किया जाए जिससे लोग दोबारा ऐसी हरकत करने से डरें।”
यह भी पढ़ें: इलाहाबाद हाई कोर्ट में हिंसक हुआ विरोध-प्रदर्शन, वकीलों ने फेंके फर्नीचर, अब होगी अवमानना की कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद हाईकोर्ट में बुधवार को वकीलों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान जस्टिस अजय भनोट की अदालत के अंदर फर्नीचर फेंका गया और हंगामा हुआ। यह विरोध इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से जस्टिस भनोट की अदालत के बहिष्कार की चेतावनी के बाद हुआ। बार एसोसिएशन ने आरोप लगाया था कि न्यायाधीश ने एक वकील के साथ दुर्व्यवहार किया और एक वरिष्ठ अधिवक्ता का मजाक उड़ाया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
