युवराज सिंह का नाम जहन में आते ही याद आती है एक ऐसे खिलाड़ी की जिन्होंने भारतीय क्रिकेट फैंस को ना जाने खुश होने के कितने मौके दिए। युवी का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर बेहद शानदार रहा और टी20 वर्ल्ड कप 2007 और वनडे वर्ल्ड कप 2011 में उन्होंने भारत की जीत में जिस तरह का योगदान दिया उसे क्या कभी भुलाया जा सकता है। युवराज सिंह ने अपने इंटरनेशनल क्रिकेट करियर के दौरान एक से बढ़कर एक दिग्गज क्रिकेटर्स के साथ पिच शेयर किया, लेकिन उन्होंने अब बताया कि उनका बेस्ट बैटिंग पार्टनर कौन था।

युवराज ने धोनी को बताया अपना बेस्ट बैटिंग पार्टनर

युवराज सिंह ने सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली, वीवीएस लक्ष्मण, एमएस धोनी, सुरेश रैना, मोहम्मद कैफ, रोहित शर्मा, विराट कोहली जैसे बल्लेबाजों के साथ बैटिंग की थी, लेकिन जब उनसे स्टिक टू क्रिकेट पर पूछा गया कि उनका बेस्ट बैटिंग पार्टनर कौन था तो उन्होंने बड़े-बड़े नामों को इग्नोर करते हुए एमएस धोनी का नाम लिया। युवी ने कहा कि एमएस धोनी उनके बेस्ट बैटिंग पार्टनर और उन्होंने धोनी के साथ काफी बल्लेबाजी की है।

एमएस धोनी ने भारत के लिए क्रिकेट के तीनों प्रारूपों को मिलाकर कुल 17,266 रन बनाए थे। साल 2005 से 2017 के बीच इस जोड़ी (धोनी और युवराज) ने वनडे मैचों में 3,105 रन जोड़े थे और ये दोनों अक्सर पारी को संभालते थे या लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच को खत्म करते थे। उनकी सबसे यादगार साझेदारी 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ हुई थी जब दोनों ने मिलकर 256 रन जोड़े थे। इसमें युवराज ने 150 रन और धोनी ने 134 रन बनाए थे। यह भारत की वनडे इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारियों में से एक थी।

युवराज ने बताया कि धोनी और उनकी जोड़ी इतनी सफल इस वजह से थी क्योंकि उनके बीच जो संवाद होता था वो साफी स्पष्ट था और दोनों को एक-दूसरे पर पूरा भरोसा था। दोनों ही खिलाड़ी जिम्मेदारी लेने में सहज महसूस करते थे और परिस्थितियों को भांपने की उनकी काबिलियत ने उन्हें कई सालों तक मध्यक्रम की एक भरोसेमंद जोड़ी बनाए रखा।

‘चेहरे पर मत जाओ, जब मारते हैं ना’, पूर्व क्रिकेटर ने वैभव की तारीफ करते हुए किया सावधान, कहा- हर मुकाबले को आखिरी मैच की तरह देखें

RCB के खिलाफ मुकाबले से पहले टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर ने वैभव के बारे में कहा कि उनके चेहरे पर मत जाइए। उन्होंने वैभव की तारीफ भी की और उन्हें सावधान भी किया। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)