रणजी ट्रॉफी 2026-27 के एलीट ग्रुप डी के मुकाबले में मुंबई ने खेल के पहले दिन चंडीगढ़ के खिलाफ पहली पारी में 5 विकेट पर 249 रन बना लिए। मुंबई के स्टार बैटर यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान इस मैच में नहीं चल पाए जबकि पहले दिन मुशीर खान ने अर्धशतक लगाया और टीम के कप्तान सिद्धेश लाड अर्धशतक लगाकर नाबाद पवेलियन लौटे।

इस मैच में चंडीगढ़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था और इस टीम का फैसला सही साबित हुआ था। मुंबई ने अपना पहला विकेट सिर्फ एक रन के स्कोर पर ही गंवा दिया था क्योंकि यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले ही आउट हो गए। मुंबई ने पहले दिन स्कोर तो बनाया, लेकिन इस टीम का पहला विकेट एक निश्चित अंतराल पर गिरता रहा।

नहीं चला यशस्वी-सरफराज का बल्ला, मुशीर ने लगाया अर्धशतक

चंडीगढ़ के खिलाफ मुंबई के स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल अपना खाता भी नहीं खोल पाए और 13 गेंदें खेलकर जीरो के स्कोर पर आउट हो गए। यशस्वी का विकेट पहली पारी में जगजीत सिंह ने लिया। इस टीम के दूसरे ओपनर आयुष म्हात्रे ने अच्छी पारी खेली और 48 रन के स्कोर पर आउट हो गए साथ ही वो सिर्फ 2 रन से अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। आयुष ने दूसरे विकेट के लिए मुशीर खान के साथ मिलकर 77 रन की साझेदारी की।

मुशीर खान ने पहली पारी में 4 चौकों की मदद से 65 रन बनाए जबकि कप्तान सिद्धेश लाड ने 8 चौकों की मदद से नाबाद 80 रन की पारी खेली और खेल के पहले दिन वो नाबाद रहे। पहली पारी में आकाश आनंद ने 22 रन बनाए जबकि पहले दिन शम्स मुलानी भी 27 रन बनाकर नाबाद रहे। चंडीगढ़ के लिए खेल के पहले दिन पहली पारी में रोहित ढ़ांडा ने 3 विकेट हासिल किए जबकि जगदीत सिंह और निशुंक बिड़ला को एक-एक विकेट मिले।

‘देश के लिए दोबारा नहीं खेलने में मेरा कोई नुकसान नहीं’, टीम इंडिया में सेलेक्शन के सवाल पर शमी ने दिया करारा जवाब

शमी ने कहा कि भुवनेश्वर कुमार को भारत के लिए खेलने का मौका मिला और यह उनके लिए अच्छी बात है, लेकिन उनके चुने जाने से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मुझे जहां भी खेलने का मौका मिलेगा मैं अपना बेस्ट दूंगा। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)