न्यूजीलैंड ए के खिलाफ दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट के चौथे दिन मंगलवार (3 नवंबर) को इंडिया ए के ओपनर यशस्वी जायसवाल ने बेहतरीन शतक जड़ा। क्राइस्टचर्च में चौथे दिन पहला सत्र बारिश से धुल गया। दूसरे सत्र में जायसवाल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। साई सुदर्शन 11 और देवदत्त पडिक्कल गोल्डन डक हो गए। इसके बाद जायसवाल ने यश राठौड़ के साथ 200 रनों से ज्यादा की बेहतरीन साझेदारी की।
यशस्वी जायसवाल का पिछली 7 पारियों में 4 बार खाता नहीं खुला नहीं था। ऐसे में नवंबर के अंत में होने वाले न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले उनकी फॉर्म को लेकर चिंताएं थीं, जिसे उन्होंने ताबड़तोड़ शतक जड़कर खत्म कर दिया। जायसवाल तीसरे दिन 20 रन बनाकर क्रीज पर थे। चौथे दिन उन्होंने 68 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद शतक तक पहुंचने के लिए 51 गेंद लिए।
यशस्वी जायसवाल ने 119 गेंद पर शतक ठोका
यशस्वी जायसवाल ने डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को 39वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़कर शतक पूरा किया। उन्होंने 119 गेंद पर शतक पूरा कर लिया। इससे पहले जायसवाल ने 3 पारियों में 17, 5 और 0 रन बनाए थे। खबर लिखे जाने तक इंडिया ए ने 46 ओवर में 2 विकेट पर 242 रन बना लिए थे। यशस्वी जायसवाल 140 गेंद पर 13 चौके और 5 छक्कों की मदद से 132 और यश राठौड़ 104 गेंद पर 8 चौके की मदद से 84 रन बनाकर खेल रहे थे।
न्यूजीलैंड ए पहली पारी में 424 पर आउट
इंडिया ए के खिलाफ दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट के तीसरे दिन सोमवार, 2 नवंबर को न्यूजीलैंड ए पहली पारी में 132.5 ओवर में 424 रनों पर आउट हो गई। उसे 74 रनों की बढ़त हासिल हुई। मैथ्यू बॉयल ने शतक जड़ा और डीन फॉक्सक्राफ्ट शतक से चूक गए। भारत के लिए मुकेश कुमार ने 5 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज ने 4 विकेट झटके। पूरी खबर पढ़ें।
