इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मंगलवार (24 मार्च) को कंफर्म कर दिया कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज इस सीजन में नहीं खेलेंगे। आरसीबी के क्रिकेट डायरेक्टर मो बोबट ने कन्फर्म किया कि दयाल निजी कारणों के कारा टीम से नहीं जुड़ेंगे। हालांकि, फ्रेंचाइजी ने 29 साल के इस खिलाड़ी का करार बरकरार रखने का फैसला किया है। यश दयाल को आईपीएल 2024 सीजन से पहले आरसीबी ने 5 करोड़ रुपये में खरीदा था।
बोबट ने कहा, ‘यश दयाल इस सीजन में आरसीबी का हिस्सा नहीं होंगे। वह एक निजी कारणों से गुजर रहे हैं। उनका कॉन्ट्रैक्ट अभी भी जारी है। यह उनके हितों में तय किया गया था।’ पिछले दिसंबर में आरसीबी को यश दयाल को आईपीएल 2026 के लिए रिटेन करने पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। यश दयाल के खिलाफ दुष्कर्म के आरोपों में कानूनी कार्रवाई चल रही थी।
यश दयाल पर दुष्कर्म का आरोप
जुलाई 2025 में यश दयाल पर जयपुर पुलिस ने एक नाबालिग के साथ कथित तौर पर रेप करने के आरोप में मामला दर्ज किया था। इससे कुछ हफ्ते पहले गाजियाबाद की एक महिला की शिकायत पर यश दयाल पर दुष्कर्म के आरोप में केस दर्ज हुआ था। जयपुर पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) के अनुसार शिकायत करने वाली 19 साल की लड़की क्रिकेटर बनना चाहती थी, जो दो साल पहले दयाल के संपर्क में आई थी। महिला ने पुलिस को बताया कि दयाल ने कथित तौर पर उसके क्रिकेट करियर में मदद करने का वादा किया था। दयाल ने सभी आरोपों से इन्कार किया है।
आईपीएल 2025 फाइनल के बाद से नहीं खेले
पिछले साल अहमदाबाद में पंजाब किंग्स के खिलाफ आरसीबी के आईपीएल 2025 के फाइनल मैच में खेलने के बाद से दयाल किसी भी प्रतिस्पर्धी मैच में नहीं दिखे हैं। उत्तर प्रदेश के इस तेज गेंदबाज ने सीजन के दौरान 13 विकेट लिए थे। 2024 में उन्होंने 15 विकेट लिए थे। आईपीएल 2026 में आरसीबी शनिवार (28 मार्च) को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करने के लिए तैयार। इस मैच में स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के खेलने पर भी संशय है, जिन्हें अभी तक क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से अनुमति नहीं मिली है।
यह भी पढ़ें: क्रुणाल ने वेंकटेश की टीम को हराया; रजत, देवदत्त, जितेश ने लगाए अर्धशतक, कोहली ने बनाए 29 रन
