WWE के ग्रैंड इवेंट रेसलमेनिया 42 का आयोजन लास वेगास (Las Vegas) में हुआ। इस इवेंट की नाइट 2 यानी 19 अप्रैल की रात काफी चर्चा का विषय रही। ओबा फेमी ने दिग्गज ब्रॉक लैसनर को मात दी। इसके बाद जो हुआ उसने फैंस को हैरान कर दिया और सोचने पर मजबूर किया। दरअसल फेमी से हारने के बाद लैसनर रिंग में बैठकर ही रोने लगे। उसके बाद उन्होंने अपने सभी गीयर वहीं उतारकर रख दिए।
इसको देख फैंस सोचने लगे की क्या यह ब्रॉक लैसनर के कंपनी से रिटायर होने के संकेत हैं। इससे पहले दिग्गज जॉन सीना ने भी कुछ ही महीनों पहले इसी अंदाज में कंपनी को अलविदा कहा था। WWE ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर भी लैसनर का यह वीडियो शेयर किया। इस वीडियो के कैप्शन में भी लिखा है,’द बीस्ट (ब्रॉक लैसनर) के लिए अब आगे क्या?’ यही दुविधा अब फैंस के भी मन में है।
फिलहाल ब्रॉक लैसनर के रिटायरमेंट का ऑफिशियल ऐलान अभी नहीं हुआ है। मगर जिस अंदाज में उन्होंने रिंग से विदाई ली, पॉल हेमन ने उन्हें गले लगाया। हेमन भी रोते दिखे, यह सब देख इस बात के संकेत हैं कि यह कंपनी में दिग्गज ब्रॉक लैसनर की आखिरी फाइट थी। लैसनर का वर्चस्व कंपनी में करीब दो दशक से जारी है। उनके जमाने के रेसलर, ट्रिपल एच, जॉन सीना, बिग शो, अंडर टेकर, द रॉक आदि रिंग से दूरी बना चुके हैं।
सीएम पंक को हराकर रोमन रेंस बने चैंपियन
रेसलमेनिया के मेन इवेंट में रोमन रेंस और सीएम पंक के बीच वर्ल्ड हेवीवेट चैंपियनशिप मैच हुआ। यह मुकाबले बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर वाला था। फाइट की शुरुआत रोमन रेंस के दबदबे से हुई, उसके बाद सीएम पंक ने भी वापसी करते हुए उनके सभी मूव्स का जवाब दिया। दोनों ने एक दूसरे को लॉक में फंसाया, उसके बाद पंक ने लो-ब्लो से रोमन रेंस को पिन भी किया लेकिन यहां मुकाबला खत्म नहीं हुआ।
इसके बाद पंक ने कोशिश बहुत की लेकिन वह थके नजर आने लगे। इसका फायदा रेंस ने उठाया और पंक को दो स्पीयर लगाते हुए पिन डाउन कर दिया। इस तरह रोमन रेंस ने यह मुकाबला जीता और चैंपियन बन गए।
