इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने गुरुवार 23 जुलाई 2026 को घोषणा की कि 2027 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का फाइनल नौ से 13 जून तक ‘द ओवल’ में खेला जाएगा। इंग्लैंड ने पिछले साल 2027, 2029 और 2031 के अगले तीन डब्ल्यूटीसी फाइनल की मेजबानी के अधिकार हासिल किए थे। प्रत्येक चरण के लिए मैदान का चयन मेजबान बोर्ड इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) करेगा।
अब तक खेले गए डब्ल्यूटीसी के तीनों फाइनल भी ब्रिटेन में ही आयोजित हुए हैं। यह दूसरा मौका होगा जब ‘द ओवल’ डब्ल्यूटीसी फाइनल की मेजबानी करेगा। इससे पहले 2023 में यहां फाइनल खेला गया था जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर टेस्ट चैंपियनशिप की गदा (मेस) अपने नाम की थी। मौजूदा WTC चक्र के समाप्त होने में अब एक साल से भी कम समय बचा है। फाइनल में जगह बनाने की दौड़ रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है।
अब भी सभी नौ टीमें फाइनल की दौड़ में बनी हुई हैं। ऑस्ट्रेलिया ने अपने आठ में से सात टेस्ट जीतकर 87.50 प्रतिशत अंक के साथ तालिका में शीर्ष स्थान पर मजबूत पकड़ बना रखी है। उसके बाद मौजूदा चैंपियन दक्षिण अफ्रीका 75 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर है।
न्यूजीलैंड 72.22 प्रतिशत अंक के साथ दक्षिण अफ्रीका के करीब बना हुआ है, जबकि बांग्लादेश ने मई में पाकिस्तान को 2-0 से हराकर 58.33 प्रतिशत अंक के साथ फाइनल की दौड़ में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है। दो बार डब्ल्यूटीसी फाइनल खेल चुकी भारतीय टीम नौ टेस्ट में चार जीत के बाद 48.15 प्रतिशत अंक प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर है।
भारतीय क्रिकेट टीम के ठीक पीछे श्रीलंका 41.67 प्रतिशत अंक प्रतिशत के साथ छठे स्थान पर है। इंग्लैंड (24.36 प्रतिशत), वेस्टइंडीज (15 प्रतिशत) और पाकिस्तान (8.33 प्रतिशत) को फाइनल में पहुंचने के लिए अंक तालिका में लंबी छलांग लगानी होगी। जुलाई और अगस्त के दौरान डब्ल्यूटीसी फाइनल की दौड़ और भी तेज होने वाली है, क्योंकि कई महत्वपूर्ण टेस्ट शृंखलाएं अंक तालिका की तस्वीर बदल सकती हैं।
वेस्टइंडीज 25 जुलाई से अपने घर में पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट मैच की श्रृंखला खेलेगा। दोनों टीमों के लिए यह अंक हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। वहीं ऑस्ट्रेलिया 13 अगस्त से बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैच की घरेलू शृंखला में शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ और मजबूत करने की कोशिश करेगा। इसके बाद ध्यान एशिया पर रहेगा जहां 15 अगस्त से श्रीलंका और भारत के बीच दो टेस्ट मैचों की शृंखला खेली जाएगी।
इसी दौरान पाकिस्तान अगस्त और सितंबर में इंग्लैंड दौरे पर तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलेगा। डब्ल्यूटीसी के पहले तीन चरणों में तीन अलग-अलग विजेता रहे हैं। न्यूजीलैंड ने 2021 में पहला खिताब जीता था। ऑस्ट्रेलिया ने 2023 में ट्रॉफी अपने नाम की और दक्षिण अफ्रीका ने 2025 में यादगार जीत दर्ज कर लंबे समय बाद कोई बड़ा आईसीसी खिताब हासिल किया।
IND vs ZIM: मयंक यादव की तूफानी वापसी, पहली गेंद पर ही झटका विकेट; अर्शदीप, भुवी की खास लिस्ट में शामिल
भारत के लिए पहले टी20 में तेज गेंदबाज मयंक यादव ने तूफानी वापसी की। अक्टूबर 2024 के बाद लौटे मयंक ने पहली गेंद पर ही विकेट झटका और बेहतरीन रिकॉर्ड लिस्ट में शामिल हुए। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
