नौ जनवरी को शुरू हुई विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 का खिताबी मुकाबला पांच फरवरी की शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच वडोदरा के कोतांबी में बीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। स्मृति मंधाना की अगुआई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 2024 संस्करण की चैंपियन है। लीग चरण में हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करने वाली आरसीबी दूसरा खिताब जीतने की कोशिश करेगी। डब्ल्यूपीएल का यह चौथा संस्करण है और दिल्ली कैपिटल्स ने चौथी बार फाइनल में जगह बनाई है, जो एक रिकॉर्ड है।

दुनिया की किसी भी टी20 लीग में कोई भी टीम ने लगातार चार संस्करण का खिताबी मुकाबला नहीं खेला है। हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स चार में से एक भी बार चैंपियन नहीं बन पाई है। ऐसे में तीन बार की उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स हार का मिथक तोड़ने के लिए अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेगी।

दिल्ली कैपिटल्स की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी की बात करें तो उसने 2020 संस्करण में फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन तब उसे मुंबई इंडियंस के हाथों हार झेलनी पड़ी थी। तब दिल्ली कैपिटल्स की कमान श्रेयस अय्यर के पास थी। आईपीएल और डब्ल्यूपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की कमान गौतम गंभीर, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, मेग लैनिंग जैसी दिग्गज खिलाड़ी संभाल चुके हैं। हालांकि, कोई भी खिताब नहीं जीत पाया।

ऐसे में गुरुवार शाम यह देखना खासा दिलचस्प होगा कि जो काम मेग लैनिंग, गौतम गंभीर, श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल जैसे दिग्गज नहीं कर पाए वह क्या युवा जेमिमा रोड्रिग्स कर पाएंगी। दिल्ली कैपिटल्स ने डब्ल्यूपीएल में अपनी फ्रेंचाइजी की कमान इस बार जेमिमा रोड्रिग्स को सौंपी है। हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स को अगर हार का मिथक तोड़ना है तो उसे खेल के महत्वपूर्ण अवसरों पर अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

रोमांचक होगा आरसीबी बनाम दिल्ली कैपिटल्स फाइनल

दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए यह निश्चित है कि फाइनल रोमांचक होने वाला है। आरसीबी ने इस सत्र में शानदार प्रदर्शन किया है और मुश्किल परिस्थितियों में वापसी करने की क्षमता साबित की है। इसी जुझारूपन की बदौलत उसने लगातार पांच जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करते हुए इतिहास रचा। वह डब्ल्यूपीएल में ऐसा करने वाली पहली टीम है। इस सत्र में आरसीबी की किसी न किसी खिलाड़ी ने जरूरत के समय अच्छा प्रदर्शन किया है जिससे उसे हराना किसी भी टीम के लिए चुनौती बन गई है।

शानदार लय में है स्मृति मंधाना की टीम

आरसीबी ने पिछले दो मैच में उसने शानदार प्रदर्शन कर अच्छी लय के साथ फाइनल में प्रवेश किया है। पिछले मैच में आरसीबी ने यूपी वॉरियर्स को ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ग्रेस हैरिस की 75 रन की तूफानी पारी की मदद से हराया, जबकि गुजरात जायंट्स के खिलाफ गौतमी नाइक की 73 रन की पारी की मदद से 61 रन से जीत दर्ज की थी। आरसीबी की चिंता उसकी कुछ बैटर्स के प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव है। इनमें स्मृति मंधाना, ग्रेस हैरिस, जॉर्जिया वोल और ऋचा घोष भी शामिल हैं, लेकिन कुछ अवसरों पर उनका योगदान निर्णायक साबित हुआ है।

ट्रंप कार्ड साबित हो सकती हैं नादिन डी क्लर्क

हालांकि, पेसर नादिन डी क्लर्क और सायली सतघरे ने अहम मौकों पर शानदार प्रदर्शन किया। दक्षिण अफ्रीका की नादिन डी क्लर्क ने इस सत्र में 8 मैच में 15 विकेट लिए हैं। इसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 22 रन देकर 4 विकेट है। फाइनल में उनकी भूमिका निर्णायक साबित हो सकती है। श्रेयांका पाटिल टीम को स्पिन विभाग में मजबूती प्रदान करती हैं, जिसका प्रमाण गुजरात जायंट्स के खिलाफ मिली जीत में देखने को मिला। उस मैच में श्रेयांका पाटिला ने पांच विकेट लिए थे।

लय में है दिल्ली कैपिटल्स की बैटिंग लाइन-अप

नई कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स के नेतृत्व में दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन अच्छा रहा है। वह फाइनल में पिछले तीन टूर्नामेंट में उपविजेता रहने के बाद पहली जीत के लिए बेताब होंगी। दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी गेंदबाजी लाइनअप पर पूरा भरोसा जताया है। पेसर चिनले हेनरी और नंदनी शर्मा ने नई गेंद से शानदार प्रदर्शन किया है। नंदनी ने इस सत्र में अब तक 16 विकेट लेकर भारतीय टीम में जगह बनाने का दावा पेश किया है। वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। बल्लेबाजी की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स की बैटिंग लाइन-अप भी लय में आने लगी है।

शेफाली वर्मा की भी फॉर्म में वापसी

गुजरात जायंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में लिजेल ली ने उपयोगी योगदान दिया। शेफाली वर्मा ने खराब फॉर्म को पीछे छोड़ते हुए दक्षिण अफ्रीकी बैटर के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की। शीर्ष क्रम की भरोसेमंद बल्लेबाज लॉरा वोलवार्ट ने पूरे सत्र में टीम को वह स्थिरता प्रदान की है। दिल्ली कैपिटल्स की हर खिलाड़ी फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए बेताब होगी।

इस प्रकार हैं दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीमें

दिल्ली कैपिटल्स: जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान), तानिया भाटिया, (विकेटकीपर), लुसी हैमिल्टन, चिनेले हेनरी, मारिजान कैप, अलाना किंग, लिजेल ली, मिन्नू मणि, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, शैफाली वर्मा, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, प्रगति सिंह, एडडला स्रुजाना, लॉरा वोलवार्ट।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: स्मृति मंधाना (कप्तान), लॉरेन बेल, नादिन डी क्लर्क, ऋचा घोष (विकेटकीपर), ग्रेस हैरिस, दयालन हेमलता, गौतमी नाइक, श्रेयांका पाटिल, कुमार प्रत्यूषा, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, सयाली सतघरे, लिंसे स्मिथ, पूजा वस्त्राकर, जॉर्जिया वोल, राधा यादव।

नीचे दी गई खबरें भी पढ़ सकते हैं

WLP 2026: धवन दूसरे तो पुजारा पांचवें स्थान पर, ये हैं वर्ल्ड लीजेंड्स प्रो लीग के टॉप-5 बल्लेबाज और गेंदबाज
February 2026 Calendar: ये है फरवरी में महिला-पुरुष खेलों का शेड्यूल, CBSE परीक्षाओं के बीच युवा खेल प्रेमी नोट कर लें तारीखें