विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल में गुरुवार (5 फरवरी) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। राधा यादव ने 20वें ओवर की चौथी गेंद पर चौका लगाकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को जीत दिलाई। हालांकि, इस गेंद पर पर खूब ड्रामा हुआ। एक समय ऐसा लग रहा था कि राधा यादव हिट विकेट हो गई हैं क्योंकि उनके शॉट खेलते ही गिल्ली गिर गई। बाद में रिप्ले से भ्रम दूर हुआ।

आरसीबी को आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रन चाहिए थे। राधा यादव 2 गेंद पर 3 और नदीन डी क्लर्क 6 रन बनाकर क्रीज पर थीं। दिल्ली कैपिटल्स के लिए आखिरी ओवर करने श्रीचरणी आईं। पहली दो गेंदों पर एक-एक रन बने। अब 4 गेंदों पर 8 रन चाहिए थे। दिल्ली मजबूत स्थिति में थी। तीसरी गेंद पर राधा ने चौका जड़ा। राधा यादव ने लेग साइड की ओर जाकर रूम बनाया और ऑफ साइड में कवर-पॉइंट के ऊपर से शॉट लगाकर चौका प्राप्त किया।

राधा यादव ने लगाया और गिल्ली गिरी

अब आरसीबी को जीत के लिए 3 गेंद पर 4 रन चाहिए थे। राधा यादव ने बैकफुट पर जाकर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से कट शॉट खेला। गेंद बाउंड्री गई, लेकिन तभी गिल्ली स्टंप से गिर गई और लगा राधा हिट विकेट हो गईं। इससे बेपरवाह जीत की खुशी में आरसीबी की कुछ खिलाड़ी मैदान पर पहुंच गईं और जश्न मनाना शुरू कर दिया। डगआउट में मौजूद आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने दोनों हाथ उठाकर पूछा क्या हुआ?

रिप्ले से दूर हुआ भ्रम

रिप्ले से पता चला कि ऑफ स्टंप पर रखी गिल्ली को दिल्ली कैपिटल्स की विकेटकीपर लिजेल ली ने गिराया। उनके गलव्स स्टंप से लगे, जिसके कारण वह गिल्ली गिरी। रिप्ले से भ्रम दूर होने के बाद चौका दिया गया और आरसीबी ने दूसरी बार डब्ल्यूपीएल का खिताब अपने नाम कर लिया। इस मैच में स्मृति मंधाना ने 87 रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंचकर खिताब जीतने से चूक गई।

यह भी पढ़ें: RCB दूसरी बार WPL चैंपियन, फाइनल में किया रिकॉर्ड चेज; स्मृति मंधाना-जॉर्जिया वॉल की ऐतिहासिक साझेदारी