scorecardresearch

WPL 2023: हार के साथ RCB की हुई विदाई, मुंबई इंडियंस की निगाहें दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्स मैच पर

WPL 2023 RCB w vs MI w: हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस की टीम को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 126 रन का लक्ष्य 11.3 ओवर में हासिल करना था। इससे उनका रन रेट दिल्ली कैपिटल्स से बेहतर हो जाता।

WPL 2023| RCB W vs MI W| Smriti Mandhana
WPL 2023 में आरसीबी की टीम 8 में से 6 मैच हारी। (फोटो – WPL Twitter)

WPL 2023 RCB W vs MI W Match Report: अमेलिया केर के हरफनमौला खेल से मुंबई इंडियंस (MIw) ने महिला प्रीमियर लीग 2023 (WPL 2023) के अपने आखिरी लीग मैच में मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (RCBw) को चार विकेट से मात दी। मुंबई इंडियंस ने आरसीबी को 9 विकेट पर 125 रन पर रोकने के बाद 16.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 126 रन का लक्ष्य 11.3 ओवर में हासिल करना था। इससे उनका रन रेट दिल्ली कैपिटल्स से बेहतर हो जाता, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब निगाहें दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्स के बीच मैच पर। दिल्ली की टीम मैच जीतती है तो वह सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी। नहीं तो मुंबई की टीम फाइनल में होगी। एलिमिनेटर में नंबर-2 और नंबर-3 के बीच मैच होगा। तीनों ही टीमें प्लेऑफ में हैं।

दूसरी आरसीबी की यह आठ मैचों में छठी हार थी। केर ने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट लेने के बाद बल्ले से 27 गेंद में 31 रन की नाबाद पारी में चार चौके जड़े। उन्होंने पांचवें विकेट के लिए पूजा वस्त्राकर (19) के साथ 47 रन की साझेदारी कर मुंबई को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला। लक्ष्य का पीछा करते हुए हीली मैथ्यूज (17 गेंद में 24 रन) और यास्तिका भाटिया (26 गेंद में 30 रन) ने 53 रन की साझेदारी कर मुंबई को शानदार शुरुआत दिलाई, लेकिन आठ गेंद के अंदर दोनों के पवेलियन लौटने के बाद हरमनप्रीत कौर और नेट स्किवर ब्रंट ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके।

केर और इशाक के 13 विकेट हुए

इसके बाद पूजा और केर ने संभल कर बल्लेबाजी करते हुए टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। हालांकि, कणिका आहूजा ने 16वें ओवर में पूजा और इसाबेल वोंग (शून्य) को लगातार गेंदों पर चलता किया। इससे पहले मुंबई के गेंदबाजों ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का कप्तान हरमनप्रीत कौर का फैसला सही साबित कर दिखाया।  मैथ्यूज और सैका इशाक ने भी किफायती गेंदबाजी की। केर और इशाक के 13 विकेट हो गए हैं और लीग में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में वे सोफी एक्सेलेटन के साथ शीर्ष पर पहुंच गए।

मंधाना ने 25 गेंद में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाए

मुंबई ने चौथी गेंद पर ही कामयाबी हासिल की जब सोफी डेवाइन (0) और स्मृति मंधाना आपसी गलतफहमी का शिकार हो गई, जिससे डेवाइन रन आउट हो गई। मंधाना ने 25 गेंद में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाए । वह केर की गेंद पर खराब शॉट खेलकर आउट हुई। एलिसे पेरी (28 गेंद में 29 रन) ने जमने में समय लिया और दसवें ओवर में इशाक को लगातार दो चौके जड़कर हाथ खोले।

रिचा घोष ने 13 गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 29 रन बनाए

आरसीबी का स्कोर दस ओवर क बाद दो विकेट पर 56 रन था। हीथर नाइट ने 11वें ओवर में 12 रन बनाए । केर ने उन्हें लांग आउट पर लपकवाया। नाइट ने पेरी के साथ 26 रन की साझेदारी की। केर ने कनिका आहूजा (12) को पवेलियन भेजा जिनकी स्टम्पिंग यस्तिका भाटिया ने की। नेट स्किवेर ब्रंट ने पेरी और श्रेयांका पाटिल (चार) को आउट किया। रिचा घोष ने 13 गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 29 रन बनाए। आखिरी दो विकेट वोंग ने लिए।

पढें खेल (Khel News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 21-03-2023 at 20:20 IST
अपडेट