बचपन में एक कुत्ते के हमले का डटकर मुकाबला करने वाली हरियाणा की तनु शर्मा ने अब कुश्ती के मैट पर दुनिया की दिग्गज पहलवानों को पटखनी देकर इतिहास रच दिया है। कजाखस्तान के अस्ताना में आयोजित 2026 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में 20 साल की तनु शर्मा ने महिलाओं के 72 किलोग्राम भार वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में अमेरिका की प्रेशियस बेल को 9-5 से हराया।

तनु शर्मा इसके साथ ही विश्व रेसलिंग चैंपियनशिप में इस भार वर्ग में पदक जीतने वाली पहली भारतीय पहलवान बन गईं। संस्कृत विषय के शिक्षक की बेटी तनु शर्मा की सीनियर स्तर पर यह पहली विश्व चैंपियनशिप थी।

वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में जब तनु शर्मा का मुकाबला प्रेशियस बेल से हो रहा था। तब अस्ताना से करीब 3000 किलोमीटर दूर हरियाणा के हांसी जिले के भकलाना गांव में उनके पिता वीरेंद्र शर्मा घर में बेचैनी से इधर-उधर टहल रहे थे।

सरकारी स्कूल में संस्कृत के शिक्षक वीरेंद्र शर्मा घबराहट के कारण कभी अपनी बेटी का मैच नहीं देखते। जब तनु शर्मा ने प्रेशियस को हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता तो परिजन खुशी से झूम उठे। यह देखकर वीरेंद्र शर्मा ने राहत की सांस ली।

वीरेंद्र शर्मा ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ को बताया, ‘‘मैं अपनी बेटी का मैच कभी नहीं देखता। इससे मुझे घबराहट होती है।’’ उनकी बड़ी बेटी दौड़ती हुई उनके पास आई और उन्हें यह अच्छी खबर सुनाई।

तनु शर्मा की बहन प्रियंका ने मजाक में कहा, ‘‘पापा हमेशा मैच का रीप्ले देखते हैं और वह भी तब जब तनु शर्मा जीत जाती है। अगर वह हार जाए तो पापा मैच नहीं देख पाते।’’

तनु शर्मा ने अपने पहले बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर सीनियर स्तर पर डेब्यू साल का शानदार समापन किया। इससे पहले इसी साल तनु शर्मा ने U20 वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता था।

मजबूत और निडर बच्ची

तनु शर्मा एक ऐसे परिवार से आती हैं जहां पढ़ाई-लिखाई को अहमियत दी जाती है। शिक्षक पिता की बेटी तनु शर्मा की बड़ी बहन भी शिक्षिका बनने के लिए B.Ed कर रही हैं। हालांकि, तनु शर्मा की बचपन से ही खेलों में रुचि थी।

वीरेंद्र शर्मा ने बताया, ‘‘वह बचपन से ही काफी मजबूत थी। जब वह तीसरी कक्षा में थी तो एक घटना घटी जो काफी डरावनी थी। एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया, लेकिन तनु ने डटकर मुकाबला किया और उसे खदेड़ दिया। बाद में उसने हमें बताया कि इस दौरान कुत्ते ने उसे काट भी लिया था। हम उसे अस्पताल ले गए, लेकिन हमें यह समझ आ गया था कि वह कितनी मजबूत है।’’

तनु के शरीर की बनावट और खेलों में उनकी रुचि को देखते हुए उनके चाचा नरेंद्र फौजी चाहते थे कि वह एक पहलवान बनें। वीरेंद्र शर्मा ने बताया, ‘‘उसके चाचा ने ही उसे इसके लिए प्रेरित किया। कुत्ते वाली घटना के बाद उसने ही हमें तनु को कुश्ती (रेसलिंग) में भेजने के लिए राजी किया।’’

एक शिक्षक होने के नाते वीरेंद्र शर्मा चाहते थे कि तनु को ऐसा माहौल मिले जहां वह कुश्ती के साथ-साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रख सके। इसके बाद उन्होंने तनु को उस अकादमी में भेजा जहां कोच संजय सिहाग के मार्गदर्शन में कुश्ती के प्रशिक्षण के साथ-साथ पारंपरिक पढ़ाई भी कराई जाती थी।

संजय सिहाग ने बताया, ‘‘तनु 14 साल की उम्र में आठवीं कक्षा में हमारे साथ जुड़ीं। जब वह यहां आई तो खेल के प्रति उसका समर्पण सबसे अलग था। ट्रेनिंग के बाद वह सीनियर पहलवानों के मुकाबले देखकर खेल की बारीकियों को समझती थीं।’’

तनु फिलहाल 72 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करती हैं। इसके लिए जरूरी है कि वह भारी वजन वाले वर्गों के लिए उपयुक्त शारीरिक बनावट रखें। संजय सिहाग ने समझाया, ‘‘उसकी लंबाई अच्छी है। अभी उसकी लंबाई 5 फीट 8 इंच है। उसका शरीर दुबला पतला है।’’

संजय सिहाग ने कहा, ‘‘यही वजह रही कि जब उसने वजन बढ़ाया और मसल्स (मांसपेशियां) डेवलप कीं तो भारी भार वर्गों में खेलने की ताकत मिल गई। उसमें पहले से ही स्पीड थी। बेहतर कंडीशनिंग के साथ वह 68 या 72 किलोग्राम भार वर्ग में एक विश्वस्तरीय पहलवान बन सकती हैं।’’

सीनियर स्तर पर शानदार प्रदर्शन

2026 विश्व चैंपियनशिप तनु का पहला सीनियर टूर्नामेंट था। अपनी पहले विश्व चैंपियनशिप में ही कांस्य पदक जीतना कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। संजय इसका श्रेय तनु शर्मा की मानसिक मजबूती और समझदारी को देते हैं।

संजय सिहाग ने बताया, ‘‘तनु एक समझदार पहलवान है। पहलवानों के लिए शिक्षा बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे खेल की समझ (गेम इंटेलिजेंस) बेहतर होती है। तनु अपनी ताकत के साथ-साथ दिमाग का भी इस्तेमाल करती है।’’

विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में तनु शर्मा अपना पहला मुकाबला पोलैंड की विक्टोरिया चोलुज से हार गईं थीं। हालांकि, विक्टोरिया के फाइनल में पहुंचने के बाद तनु शर्मा ने ‘रेपेचेज’ राउंड में ट्यूनीशिया की मौजूदा अफ्रीकी चैंपियन जैनब सघायर को हराया। फिर कांस्य पदक मुकाबले में मौजूदा पैन अमेरिकन चैंपियन बेल को मात दी।

संजय ने बताया, ‘‘तनु स्वभाव से काफी भावुक है। पदक जीतने के बाद जब उसने मुझे फोन किया तो वह रो रही थी। हालांकि, भावुकता कभी-कभी उसके लिए मददगार भी साबित होती है। खासकर तब जब वह हार को दिल से लगा लेती है। पहले राउंड में हारने के बाद उसने इसे गंभीरता से लिया और आज अपनी गलतियों को नहीं दोहराया।’’

ऐतिहासिक प्रदर्शन का हिस्सा बनीं तनु

72 किलोग्राम भार वर्ग में भारत के लिए विश्व चैंपियनशिप का पहला पदक जीतकर तनु शर्मा महिला कुश्ती टीम के ऐतिहासिक प्रदर्शन का हिस्सा बन गई हैं। तनु के पदक को मिलाकर भारत ने महिला कुश्ती में कुल चार पदक जीते हैं।

इससे पहले इसी संस्करण में काजल ढोचक (76 किलोग्राम) और नीलम सिरोही (50 किलोग्राम) ने रजत पदक जीते थे, जबकि मनीषा भानवाला ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। उनके पास स्वर्ण पदक जीतने का भी मौका है।

महिला रेसलिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप: काजल-नीलम ने दुनिया को दिखाई अपनी ताकत, देश के लिए जीती ‘चांदी’

18 साल की काजल ने 35 साल के महिला रेसलिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप के इतिहास में भारत को पहली बार हेवीवेट कैटेगरी में सिल्वर मेडल दिलाया। उन्हें फाइनल में हार मिली। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)