World Legends Pro T20 League 2026, Maharashtra Tycoons vs Delhi Warriors: वर्ल्ड लीजेंड्स प्रो T20 लीग 2026 के आठवें मैच में दिल्ली वॉरियर्स ने महाराष्ट्र टाइकून्स को तीन विकेट से हरा दिया। दिल्ली वॉरियर्स की जीत में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व खिलाड़ी और श्रीलंका के स्पिन ऑलराउंडर इसरू उडाना ने अहम भूमिका निभाई।
इसरू उडाना ने चार चौके और दो छक्के की मदद से 17 गेंद में 36 रन की नाबाद पारी (211.76 के स्ट्राइक रेट से) खेली। इसरू उडाना के अलावा इरफान पठान और शेल्डन जैकसन ने भी बढ़िया सहयोग दिया। शेल्डन जैकसन ने अर्धशतक लगाया। उन्होंने 29 गेंद में चार चौके और चार छक्के की मदद से 52 रन बनाए। इरफान पठान तीन चौके और एक छक्के की मदद से 31 गेंद में 32 रन बनाकर आउट हुए।
गोवा के 1919 स्पोर्ट्स क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में दिल्ली वॉरियर्स के खिलाफ महाराष्ट्र टाइकून्स ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का विकल्प चुना। महाराष्ट्र टाइकून्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 161 रन बनाए। महाराष्ट्र टाइकून्स की ओर से क्रिस गेल ने 40 गेंद में 40 रन बनाए।
स्टुअर्ट बिन्नी ने 31 गेंद में ठोके 63 रन
क्रिस गेल के अलावा स्टुअर्ट बिन्नी ने पांच चौके और पांच छ्क्के की मदद से 31 गेंद में 63 रन बनाए। दिल्ली वॉरियर्स की ओर से कप्तान हरभजन सिंह, इसरू उडाना, शाहबाज नदीम, सुबोध भाटी, राहुल शुक्ला ने एक-एक विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली वॉरियर्स ने 19.2 ओवर में सात विकेट पर 163 रन बनाकर मैच जीत लिया। दिल्ली वॉरियर्स की शुरुआत खराब हुई थी। उसने चार ओवर में 25 रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिए थे। शेल्डन जैक्सन ने ओबस पीनार के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 24 रन जोड़े।
52 रन बना शेल्डन जैक्सन लौटे पवेलियन
हालांकि, आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर ओबस पीनार भी आठ रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद शेल्डन जैक्सन और इरफान पठान ने पांचवें विकेट के लिए 58 रन जोड़े। तेरहवें ओवर की पांचवीं गेंद पर शेल्डन जैक्सन 52 रन पर आउट हो गए। उस समय टीम के खाते में 107 रन जुड़े थे।
इसरू उडाना ने जबड़े से छीनी जीत
हालांकि, अगले 27 रन के भीतर दिल्ली वॉरियर्स ने दो विकेट और गंवा दिए। सीक्कुगे प्रसन्ना (सात रन) के बाद इरफान पठान भी पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद इसरू उडाना ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली वॉरियर्स की झोली में जीत डाल दी। इसरू उडाना आईपीएल 2020 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा थे। तब उन्होंने 10 मैच में 35.25 के औसत और 9.72 की इकॉनमी से आठ विकेट लिए थे।
