दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में पांच बार की पदक विजेता पीवी सिंधु ने सोमवार 17 अगस्त 2026 को आयरलैंड की सोफिया नोबल को सीधे गेम में 21-7, 21-11 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। पीवी सिंधु ने महज 29 मिनट में मुकाबला अपने नाम किया। पीवी सिंधु के पास अब विश्व चैंपियनशिप में छठा पदक जीतकर इतिहास रचने का मौका है। दूसरी ओर, त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने भी महिला युगल के दूसरे दौर में प्रवेश किया।

पीवी सिंधु शुरुआत से ही मुकाबले में हावी रहीं। उन्होंने अपने अनुभव तथा धैर्यपूर्ण खेल से सोफिया नोबल को लगातार दबाव में रखा। पीवी सिंधु ने पहले गेम में ब्रेक तक 11-2 की मजबूत बढ़त बना ली थी। इसके बाद पीवी सिंधु ने आसानी से पहला गेम अपने नाम किया।

दूसरे गेम में सोफिया नोबल ने बेहतर चुनौती पेश की। वह एक समय पीवी सिंधु को कड़ी टक्कर देती दिखीं, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए ब्रेक तक 11-8 की बढ़त हासिल की। पीवी सिंधु ने इसके बाद प्रतिद्वंद्वी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने शानदार ड्रॉप शॉट और दमदार स्मैश के जरिये खेल पर नियंत्रण बनाए रखा और नेट के पास शानदार बैकहैंड ड्रॉप के साथ मैच समाप्त किया।

बन सकती हैं 6 पदक जीतने वाली पहली शटलर

पीवी सिंधु के नाम अब तक विश्व चैंपियनशिप में एक स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक हैं। पीवी सिंधु ने 2019 में स्वर्ण पदक जीता था। मौजूदा प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंचते ही उनका कम से कम कांस्य पदक पक्का हो जाएगा और वह विश्व चैंपियनशिप के इतिहास में छह पदक जीतने वाली पहली खिलाड़ी बन जाएंगी।

दुनिया में सिर्फ 3 शटलरों ने जीते हैं 5-5 पदक

विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में अब तक केवल दो अन्य खिलाड़ियों ने ही पांच पदक जीते हैं। इनमें चीन के महान बैडमिंटन खिलाड़ी लिन डैन ने पांचों पदक स्वर्ण के रूप में जीते, जबकि उनकी हमवतन झाओ युनलेई ने मिक्स्ड डबल्स में तीन और विमेंस डबल्स (महिला युगल) में दो खिताब अपने नाम किये हैं। पीवी सिंधु अगले दौर में कनाडा की वेन यू झांग से भिड़ेंगी। वेन यू झांग ने पहले दौर में बुल्गारिया की स्टेफानी स्टोएवा को 21-7, 21-19 से शिकस्त दी।

राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने विमेंस डबल्स में स्पेन की पाउला लोपेज और लुसिया रोड्रिगेज पर 21-9, 21-13 से आसान जीत के साथ अभियान शुरू किया। भारतीय जोड़ी के सामने अगले दौर में अमेरिका की 16वीं वरीय लॉरेम लैम और एलिसन क्विन्ह की चुनौती होगी।

हरिहरन और अर्जुन की जोड़ी भी दूसरे दौर में

टूर्नामेंट में भारत की ओर से पहला मुकाबला खेलने उतरे हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन की जोड़ी ने भी दूसरे दौर में जगह बना ली। भारतीय जोड़ी के खिलाफ मेंस डबल्स (पुरुष युगल) के पहले दौर में स्कॉट गिल्डिया और पॉल रेनॉल्ड्स की जोड़ी ने 16-21, 4-6 से पिछड़ने के बाद मुकाबला छोड़ दिया।

हरिहरन और अर्जुन की टक्कर अब कोरिया की 15वीं वरीय मिन ह्युक कांग और डोंग जू की से होगी। कोरिया की जोड़ी को पहले दौर में बाई मिला था। पांचवीं वरीय स्टार भारतीय जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को भी पहले दौर में बाई मिला है। वे दूसरे दौर में स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डन और एडम प्रिंगल की जोड़ी से भिड़ेंगे।

छोटी बहन तन्वी शर्मा से प्रेरणा लेती हैं राधिका, बनना चाहती हैं दुनिया की नंबर वन शटलर

राधिका शर्मा ने बताया कि उनकी छोटी बहन और ताइपे ओपन चैंपियन तन्वी शर्मा उनकी प्रेरणा है। राधिका शर्मा दुनिया की नंबर वन शटलर बनना चाहती हैं। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)