ICC Women’s T20 World Cup 2026: महिला टी20 वर्ल्ड कप का आगाज 12 जून (शुक्रवार) से होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी। भारतीय टीम की नजरें भी अब वनडे विश्व कप ट्रॉफी का सूखा खत्म करने के बाद टी20 की पहली ट्रॉफी जीतने पर होंगी। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर रिकॉर्ड 10वीं बार महिला टी20 वर्ल्ड कप खेलने उतरेंगी। इस टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, साउथ अफ्रीका, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के साथ ग्रुप ए में रखा गया है।

टीम इंडिया अपना अभियान 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगी। इस टूर्नामेंट से पहले भारत को मेजबान इंग्लैंड के सामने वॉर्म अप मैच में हार झेलनी पड़ी थी। साथ ही टीम इंडिया वर्ल्ड कप से पहले टी20 सीरीज भी यहां इंग्लैंड के खिलाफ ही 1-2 से हारी थी। अब ऐसे में टीम के सामने कई चुनौतियां हैं और कुछ टीम की ताकत भी हैं। एक-एक करके जानते हैं भारतीय महिला टीम की ताकत और कमजोरियों के बारे में:-

क्या हैं टीम इंडिया की कमजोरियां?

1- ओपनिंग जोड़ी का खराब फॉर्म

भारत की सफलता बहुत हद तक सलामी जोड़ी स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा पर निर्भर करेगी। यह जोड़ी फिलहाल आउट ऑफ फॉर्म नजर आ रही है। स्मृति ने पिछले छह टी20 इंटरनेशनल में एक भी फिफ्टी नहीं लगाई है। जबकि शेफाली का भी हालिया फॉर्म चिंता का विषय है। ऐसे में अगर यह जोड़ी कमाल नहीं कर पाती है तो टीम इंडिया की मुसीबतें बढ़ सकती हैं।

2- डेथ ओवर्स में बल्लेबाजी और गेंदबाजी

भारतीय महिला टीम ने वनडे वर्ल्ड कप जरूर जीता है लेकिन टी20 में टीम के लिए अभी दबाव झेलना बड़ी चुनौती है। खासतौर से जब डेथ ओवर्स में गेंदबाजी या इनिंग व मैच को फिनिश करने की बात आए तब। बल्लेबाजी में टीम ऋचा घोष पर निर्भर है। इंग्लैंड के खिलाफ वार्म अप मैच में यह देखने को मिला था। गेंदबाजी में टीम की सीनियर खिलाड़ी रेणुका ठाकुर, राधा यादव और दीप्ति शर्मा को जिम्मेदारियां लेनी होंगी। साथ ही बल्लेबाजी में भी राधा, दीप्ति और भारती फूलमाली को ऋचा का साथ देना होगा।

3- भारत के सामने ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ की चुनौती

भारतीय महिला टीम की इसे कमजोरी नहीं कह सकते लेकिन अगर चुनौतियों की बात होगी तो सबसे बड़ी चुनौती है कि टीम का ग्रुप आसान नहीं है। भारत के ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका जैसी टीमें हैं। कमजोरी यह है कि भारतीय टीम लगातार इन दोनों टीमों के आगे विवश होती आई है। वहीं बांग्लादेश और पाकिस्तान भी इस ग्रुप में हैं जिन्हें कमजोर नहीं आंका जा सकता है। ऐसे में यह ग्रुप ए, आगे टूर्नामेंट में ग्रुप ऑफ डेथ बन सकता है।

भारतीय महिला टीम की क्या हैं ताकत?

1- बल्लेबाजी क्रम में अनुभव की भरमार

भारतीय महिला टीम की इस टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी ताकत है उसका अनुभव। इस टीम इंडिया में अनुभव की भरमार है। युवा शेफाली वर्मा तक को कई सालों का अनुभव हो चुका है। जबकि उपकप्तान स्मृति मंधाना, मध्यक्रम में कप्तान हरमनप्रीत कौर अपना 10वां वर्ल्ड कप खेलेंगी। साथ ही ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा, मध्यक्रम की रीढ़ जेमिमा रोड्रिग्स, गेंदबाजी में सबसे अनुभवी रेणुका ठाकुर इस टीम को अनुभवी बनाती हैं। अब देखना होगा कि यह अनुभव क्या भारत के लिए पहले महिला टी20 वर्ल्ड कप के इंतजार को खत्म कर पाता है।

2- ऋचा घोष की हिटिंग क्षमता बन सकी है टर्निंग पॉइंट

भारतीय टीम के पास मध्यक्रम में और लोअर ऑर्डर में टी20 के लिए परफेक्ट कही जाने वाली बैटर ऋचा घोष मौजूद हैं। उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप में भी बेहतरीन फिनिश से कई बार भारत को जीत दिलाई थी। अब टी20 वर्ल्ड कप में भी वह टीम इंडिया के लिए ट्रम्प कार्ड बन सकती हैं। उन्होंने वार्म अप मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 36 गेंद पर 68 रन ठोके थे। उनका बेहतरीन फॉर्म इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है।

3- मजबूत स्पिन अटैक और बेहतरीन पेसर्स

भारतीय टीम की सबसे बड़ी ताकत बल्लेबाजी के बाद उसकी स्पिन गेंदबाजी है। टीम के पास अनुभवी दीप्ति शर्मा हैं जो स्पिन की बागडोर संभालेंगी। उनके अलावा वर्ल्ड चैंपियन राधा यादव, श्री चरणी भी शामिल हैं। साथ ही श्रेयांका पाटिल भी इस टीम का हिस्सा हैं। यह ग्रुप विरोधी टीमों को धराशायी कर सकता है। साथ ही तेज गेंदबाजी में भारत के पास वर्ल्ड चैंपियन रेणुका ठाकुर और क्रांति गौड़ की जोड़ी है। इस जोड़ी को बल देने आई हैं महिला प्रीमियर लीग की खोज और शानदार पेसर नंदनी शर्मा। ऐसे में भारत का गेंदबाजी आक्रमण टूर्नामेंट में अंडरडॉग की भूमिका निभा सकता है।

महिला टी20 वर्ल्ड कप की 20 सबसे बड़ी साझेदारी, हरमनप्रीत कौर-मिताली राज की जोड़ी भी शामिल; ये है पूरी लिस्ट

आईसीसी महिला टी20 विश्व कप इतिहास में 20 सबसे बड़ी साझेदारी की बात करें तो चौथे नंबर पर एक भारतीय जोड़ी है। जबकि पूरी लिस्ट में तीन भारतीय जोड़ी मौजूद हैं। इस खबर में पूरी लिस्ट दी गई है:-