महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 18 मुकाबले खेले जा चुके हैं। भारतीय टीम को भी साउथ अफ्रीका से तीसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा है। अब इस मुकाम पर सेमीफाइनल क्वालिफिकेशन की रेस काफी रोचक हो चुकी है। कुल 12 टीमों में से तीन टीमें इस रेस से बाहर हैं। ग्रुप ए यानी भारत वाले ग्रुप से पाकिस्तान और नीदरलैंड्स की टीमें रेस से बाहर हो चुकी हैं।

जबकि ग्रुप बी से आयरलैंड की टीम सेमीफाइनल की रेस से अब बाहर है। ऐसे में बची हुई 9 टीमों के लिए अब हर एक मैच, हर एक रन और हर एक अंक जरूरी हो गया है। भारतीय टीम को अगर सेमीफाइनल में जाना है तो अपने बचे हुए दोनों मैच (ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के खिलाफ) जीतने होंगे। साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली एक हार से टीम का अभियान खतरे में आ गया है। ऐसे ही ग्रुप बी में पूर्व चैंपियन न्यूजीलैंड को श्रीलंका ने हरा कर चौंका दिया।

क्या है सभी टीमों के लिए सेमीफाइल का समीकरण?

ग्रुप ए

1- भारत

वनडे वर्ल्ड कप की विश्व विजेता भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ 64 और नीदरलैंड्स के खिलाफ 95 रन से जीत मिली थी। इसके बाद साउथ अफ्रीका ने भारतीय टीम को 6 विकेट से हरा दिया। अब भारत को अगर सेमीफाइनल में जाना है तो बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हर हाल में जीतना होगा। अगर साउथ अफ्रीका अपने सभी मैच जीती और भारत को एक भी हार मिली तो उसके लिए सेमीफाइनल की उम्मीदें खत्म हो सकती हैं।

2- ऑस्ट्रेलिया

छह बार की चैंपियन कंगारू टीम ग्रुप ए में अपने पहले तीनों मैच जीतकर टॉप पर बनी हुई है। पहले मैच में साउथ अफ्रीका को ऑस्ट्रेलिया ने हराया। फिर बांग्लादेश और नीदरलैंड्स को हराकर ऑस्ट्रेलिया ने अपनी सेमीफाइनल की दावेदारी मजबूत कर ली है। भारत से अगर ऑस्ट्रेलिया हारा और पाकिस्तान से जीता फिर भी सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। अगर बचे हुए दोनों मैच ऑस्ट्रेलियाई टीम हारी तो ही उसके लिए मुश्किल हो सकती है।

3- साउथ अफ्रीका

ऑस्ट्रेलिया से पहले मैच में हारने के बाद पिछले दो टी20 वर्ल्ड कप की रनर अप साउथ अफ्रीका ने वापसी कर ली है। पहले पाकिस्तान और फिर भारत को प्रोटियाज ने मात दी। अब बचे हुए दो मैच बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के खिलाफ होने हैं। अगर दोनों मैच साउथ अफ्रीका जीती, दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत से हारकर पाकिस्तान से जीती और भारत ने बांग्लादेश को भी हराया, फिर तीनों के 8-8 अंक हो जाएंगे। ऐसे में नेट रनरेट का रोल अहम हो जाएगा। साउथ अफ्रीका को यानी बचे हुए दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे अगर सेमीफाइनल में जाना है। भारत का नेट रनरेट अफ्रीका से अच्छा है।

4- बांग्लादेश

बांग्लादेश की टीम नीदरलैंड्स और पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में जाने की रेस में बनी हुई है। मगर आगे की राह उसके लिए कठिन है। बांग्लादेश को बचे हुए दो मैच भारत और साउथ अफ्रीका से खेलने हैं। सेमीफाइनल में जाने के लिए 8 अंक जरूरी हैं। ऐसे में दोनों मैच टीम को जीतने होंगे, जो फिलहाल काफी मुश्किल नजर आ रहा है।

ग्रुप बी

1- इंग्लैंड

मेजबान इंग्लैंड की टीम ने अभी तक अपने तीनों मुकाबले जीते हैं। श्रीलंका, स्कॉटलैंड और आयरलैंड को हराने के बाद इंग्लिश टीम 6 अंक हासिल कर चुकी है। उसके बचे हुए दो मैच डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड और पूर्व चैंपियन वेस्टइंडीज से होने हैं। यहां से इंग्लैंड को सेमीफाइनल में पहुंचने की दावेदारी मजबूत करने के लिए कम से कम एक मैच और जीतना होगा।

2- वेस्टइंडीज

पूर्व चैंपियन वेस्टइंडीज की टीम भी ग्रुप बी से सेमीफाइनल में पहुंचने की मजबूत दावेदार है। स्कॉटलैंड और श्रीलंका को हराने के बाद कैरेबियाई टीम ने डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड को हराकर गणित रोचक बना दिया है। उसके बचे हुए दो मैच आयरलैंड और इंग्लैंड से होने हैं। यहां से एक भी जीत उसकी सेमीफाइनल की दावेदारी मजबूत कर सकती है।

3- न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड ने आयरलैंड के खिलाफ जीत से शुरुआत की थी लेकिन फिर वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ हार से डिफेंडिंग चैंपियन कीवी टीम की राह मुश्किल नजर आ रही है। आधिकारिक तौर पर टीम अभी भी सेमीफाइनल की रेस में है लेकिन राह मुश्किल लग रही है। न्यूजीलैंड के बचे हुए दो मैच स्कॉटलैंड और इंग्लैंड से होने हैं। एक और हार उसे रेस से बाहर कर देगी, जबकि बचे हुए दोनों मैच अगर न्यूजीलैंड जीती तो उसे अन्य मैचों के परिणाम पर निर्भर रहना होगा।

4- श्रीलंका

पहले तीन में से दो मैच हारने वाली श्रीलंका के लिए भी सेमीफाइनल का समीकरण आसान नहीं है। अगर वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने 8-8 अंक हासिल किए तो श्रीलंका और न्यूजीलैंड की टीम अपने बचे हुए दोनों मैच जीतकर भी सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाएंगी। श्रीलंका के दो मुकाबले आयरलैंड और स्कॉटलैंड के साथ होने हैं।

5- स्कॉटलैंड

स्कॉटलैंड की टीम भी सेमीफाइनल की रेस में बनी है लेकिन उसकी भी राह आगे के लिए आसान नहीं है। स्कॉटलैंड की टीम श्रीलंका और न्यूजीलैंड से बचे हुए मुकाबलों में भिड़ेगी। अगर टीम एक भी मैच हारी तो सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो जाएगी। रेस में बने रहने के लिए उसे भी बचे हुए दोनों मुकाबले जीतने होंगे। यानी श्रीलंका या स्कॉटलैंड, न्यूजीलैंड या स्कॉटलैंड में से किसी एक का सफर दोनों टीमों की आपस की भिड़ंत में खत्म हो जाएगा।

भारत-साउथ अफ्रीका मैच के बाद महिला टी20 वर्ल्ड कप की अंक तालिका, टॉप-5 बल्लेबाज और गेंदबाज

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर है। ग्रुप बी में इंग्लैंड शीर्ष पर है। टॉप-5 बल्लेबाजों की बात करें तो स्मृति मंधाना शीर्ष हैं। टॉप-5 गेंदबाजों की बात करें तो भारत की श्री चरणी शीर्ष पर हैं। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर