West Indies vs Sri Lanka: वेस्टइंडीज ने दूसरे टेस्ट को ड्रॉ पर समाप्त कर श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज अपने नाम कर ली। इसके साथ ही कैरेबियाई टीम ने 23 साल बाद श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीती। यही नहीं, वेस्टइंडीज ने तीन साल पांच महीने बाद किसी भी टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीती है।
वेस्टइंडीज की इससे पहले टेस्ट सीरीज फरवरी 2023 में आई थी। तब उसने जिम्बाब्वे के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज 1-0 से अपने नाम की थी। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बीच तेज गेंदबाज केमार रोच ने अपने टेस्ट करियर का 300वां विकेट लेकर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की।
फरवरी 2023 के बाद से वेस्टइंडीज की यह 11वीं द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज है। इस बीच उसने साउथ अफ्रीका, भारत, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड से टेस्ट सीरीज खेलीं। इसमें वह सिर्फ बांग्लादेश और पाकिस्तान के खिलाफ ही टेस्ट सीरीज ड्रॉ करा पाया।
इस दौरान वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका, भारत, ऑस्ट्रेलिया से दो-दो टेस्ट सीरीज खेलीं। साउथ अफ्रीका और भारत ने उसके खिलाफ दोनों टेस्ट सीरीज जीतीं। ऑस्ट्रेलिया ने एक टेस्ट सीरीज जीती और एक ड्रॉ कराई। इंग्लैंड, न्यूजीलैंड के खिलाफ भी उसने टेस्ट सीरीज गंवाईं।
केमार रोच टेस्ट क्रिकेट में 300 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले वेस्टइंडीज के पांचवें गेंदबाज हैं। उनसे पहले कर्टनी वाल्श (519 टेस्ट विकेट), कर्टली एम्ब्रोस (405 टेस्ट विकेट), मैल्कम मार्शल (376 टेस्ट विकेट) और लांस गिब्स (309 टेस्ट विकेट) यह उपलब्धि अपने नाम कर चुके हैं।
वेस्टइंडीज बनाम श्रीलंका दूसरे टेस्ट की बात करें तो एंटिगा के नॉर्थ साउंड में सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला गया यह मैच ड्रॉ रहा। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंका ने पहली पारी 139.3 ओवर में 549/9 पर पारी घोषित की। वेस्टइंडीज की पहली पारी 165.5 ओवर में 499 रन पर समाप्त हुई।
श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में 49 ओवर में नौ विकेट पर 251 रन पर घोषित की। इस तरह वेस्टइंडीज को 302 रन का लक्ष्य मिला। वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में 40 ओवर में बिना विकेट खोए 109 रन बना लिए थे। जॉन कैंपबेल और ब्रैंडन किंग दोनों 51-51 रन बनाकर नाबाद थे।
मैच का नतीजा नहीं निकलता देख दोनों कप्तान ड्रॉ पर सहमत हो गए। इस तरह पांच दिन में 1408 रन और 28 विकेट गिरने और बारिश की वजह से कुछ रुकावटों के बावजूद वही नतीजा निकला जिसकी उम्मीद पहले से थी।
यह 2026 का पहला टेस्ट मैच भी था जो ड्रॉ पर खत्म हुआ। इस ड्रॉ का मतलब है कि वेस्टइंडीज ने 11 कोशिशों के बाद पहली बार टेस्ट सीरीज जीती। अगर उनकी पिछली घरेलू टेस्ट सीरीज जीत की बात करें तो उसके लिए जून 2022 तक पीछे जाना होगा।
भारत टॉप-4 से बाहर, पाकिस्तान सबसे फिसड्डी; श्रीलंका-वेस्टइंडीज दूसरे टेस्ट के बाद WTC 2025-27 की अंकतालिका
वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच खेला गया दूसरा टेस्ट मैच ड्रॉ रहा। इस टेस्ट मैच के बाद अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 205-27 की अंकतालिका कुछ ऐसी है। भारत फिलहाल टॉप-4 से बाहर है। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
