वेस्टइंडीज ने नेपाल को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 25वें मैच में 9 विकेट से हराया और दीपेंद्र सिंह ऐरी की अर्धशतकीय पारी बेकार चली गई। वेस्टइंडीज सुपर-8 में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। जेसन होल्डर ने चार विकेट लेकर 2 बार की चैंपियन टीम को तीसरी जीत दिलाने में मदद की। वानखेड़े स्टेडियम में रविवार (15 फरवरी) को पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल ने 8 विकेट पर 133 रन बनाए। वेस्टइंडीज ने 15.2 ओवर में 1 विकेट 134 रन बनाए। इस तरह से नेपाल लगातार तीसरा मैच हारकर टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने वाली दूसरी टीम बन गई। इसके अलावा ग्रुप बी से ओमान तीन मैच हारकर सुपर-8 की रेस से बाहर हो गई है।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल की टीम लय में दिखी ही नहीं। ओपनर कुशल भुर्तेल पहले ही ओवर में आउट हो गए। कप्तान रोहित पौडेल जल्द ही 5 रन पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। सातवें ओवर तक नेपाल का स्कोर 4 विकेट पर 23 रन हो गया। इसके बाद ऐरी ने निचले मध्यक्रम के साथ मिलकर टीम को संभाला। मैथ्यू फोर्ड ने लगातार चार ओवर फेंके और नेपाल पर लगातार दबाव बनाए रखा।

नेपाल ने तीन ओवर में 44 रन बनाए

लोकेश बाम और गुलशन झा के साथ ऐरी ने अच्छी साझेदारी करके नेपाल की पारी को संभाला। उन्होंने स्पिनरों के खिलाफ जोखिम उठाया, लेकिन डेथ ओवर में गियर बदला और ऐरी और सोमपाल कामी ने तेज गेंदबाजों पर अटैक किया। 18वें ओवर में कामी ने होल्डर की गेंद पर लगातार तीन बाउंड्री लगाईं और ऐरी ने अगले ओवर में शमर जोसेफ की गेंद पर दो छक्के मारे। तीन ओवर में 44 रन बने। होल्डर ने आखिरी ओवर में शानदार गेंदबाजी की। उनकी यॉर्कर असरदार साबित हुईं और उन्होंने दो विकेट लिए।

पांचवें ओवर में किंग ने कामी को तीन चौके मारे

वेस्टइंडीज को रन चेज में ज्यादा मुश्किल नहीं हुई। गेद रुक रही थी, लेकिन शॉट लगाना आसान था। ब्रैंडन किंग ने पहली गेंद पर कवर-पॉइंट की तरफ बाउंड्री लगाकर शुरुआत की। ज्यादा रिस्क लिए बिना वेस्टइंडीज के ओपनर हर ओवर में कम से कम एक बाउंड्री लगाने में कामयाब रहे। पांचवें ओवर में किंग ने कामी को तीन चौके मारे और जीत की नींव रखी।

होप ने 15वें ओवर में दो छक्के मारकर अर्धशतक पूरा किया

किंग पावरप्ले के आखिरी ओवर में मिडऑन पर आउट हो गए और 44 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप खत्म कर दी, लेकिन वेस्टइंडीज को नेपाल परेशान नहीं कर सका कि वह मोमेंटम अपने पक्ष में कर सके। शिमरोन हेटमायर ने संदीप लामिछाने से निपटे और बाउंड्री लगाते रहे। इसमें लेग स्पिनर के खिलाफ आगे बढ़कर लॉन्ग ऑन पर छक्का लगाना भी था। होप ने भी 15वें ओवर में लामिछाने के दो छक्के मारकर अपना अर्धशतक पूरा किया।

यह भी पढ़ें: अभिषेक की वापसी, कुलदीप को मिल सकता है मौका; भारत-पाक मैच की संभावित प्लेइंग 11