वेस्टइंडीज की टीम ने एक दशक पहले यानी साल 2016 में भारत को जो दर्द दिया था उसकी यादें आज भी ताजा हैं। भारत को जीत के लिए 3 गेंदों पर 3 रन की जरूरत थी और आंद्रे रसेल ने विराट कोहली की फुल टॉस पर मिड-विकेट पर एक जोरदार शॉट मारा और भारत को हार मिली। इस हार के बाद भारत का फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया था जबकि इंडीज ने सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में जगह बना ली थी।
2016 सेमीफाइनल में भारत को मिली थी हार
10 साल पहले वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में जो कुछ हुआ था वो कम से कम इस बार कोलकाता में ना हो इसकी सभी उम्मीद कर रहे होंगे। भारत और वेस्टइंडीज दोनों टीमें अभी इस स्थिति में हैं जहां दोनों टीमों के लिए करो या मरो का मुकाबला है। खास बात ये है कि साल 2016 के बाद अब दोनों टीमों के बीच टी20 वर्ल्ड कप में पहला मुकाबला होगा। यानी भारत 10 साल पहले मिले हार का जख्म भरने के लिए बेकरार होगा।
टी20 वर्ल्ड कप में इंडीज का पलड़ा भारी
टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज का पलड़ा भारत पर भारी है और टीम इंडिया को सिर्फ वानखेड़े में ही हार नहीं मिली थी। कैरेलियाई टीम ने इस टूर्नामेंट में भारत के लिए हमेशा से ही परेशानी खड़ी की है और इस टीम ने भारत पर 3-1 की बढ़त बनाए रखी है। भारत को इस आंकड़े को भी जहन में रखने की जरूरत है जिसे बदलना भी जरूरी है। साल 2009 में वेस्टइंडीज ने भारत को ड्वेन ब्रावो के 66 रन और 4 विकेट की मदद से हराया था।
भारत को मिली है सिर्फ एक जीत
भारत को साल 2010 में भी बारबाडोस के ब्रिजटाउन में क्रिस गेल की 98 रन की पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने भारत को हराया था। इसके बाद साल 2016 में फिर से इंडीज ने लेंडल सिमंस, आंद्रे रसेल और जॉनसन चार्ल्स के खेल के दम पर भारत को हराया था। भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज को सिर्फ साल 2014 में मीरपुर में हराया था। इस मैच में भारत के लिए अमित मिश्रा ने शानदार बॉलिंग की थी और उसके बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने फिफ्टी लगाई थी और भारत को जीत दिलाई थी।
भारत की गेंदबाजी है शानदार
आंकड़े बताते हैं कि टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबलों में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के लिए जीत हासिल करना शायद ही कभी आसान रहा है, लेकिन इस सीजन में दोनों टीमें काफी हद तक बराबरी पर है। दोनों टीमों के इस सीजन में 6 मैचों में एक में हार मिली है जबकि अन्य मैचों में जीत मिली है। भारत-इंडीज की बैटिंग लाइनअप शानदार है, लेकिन गेंदबाजी के मामले में वेस्टइंडीज भारत के मुकाबले कुछ कमजोर है और भारत को यहां पर एज है।
ये भी पढ़ें
अभिषेक-संजू ओपनर, वरुण आउट, कुलदीप इन; वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग 11
