इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले वैभव सूर्यवंशी फिर सुर्खियों में हैं। हालांकि, इस बार वजह उनकी बल्लेबाजी नहीं बल्कि उनकी हाजिरजवाबी है। ऑरेंज कैप को लेकर पूछे गए सवाल पर 14 साल के इस युवा बल्लेबाज ने हंसते हुए कहा, ‘ऐसा पूछोगे तो मैं दो-तीन हजार रन बोल दूंगा।’ उनका यह जवाब अब वायरल है और प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय है।

आईपीएल (IPL) 2026 की तैयारी में जुटे वैभव सूर्यवंशी ने हालांकि साफ किया कि उनका ध्यान व्यक्तिगत आंकड़ों पर नहीं, बल्कि टीम के लिए ट्रॉफी जीतने पर है। इतनी कम उम्र में उनकी यह परिपक्व सोच और बेफिक्र अंदाज ही वैभव सूर्यवंशी को खास बनाता है।

बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने पिछले सीजन अपनी जबरदस्त बल्लेबाजी से खूब जलवा बिखेरा था। सिर्फ 35 गेंद में शतक जड़कर वैभव सूर्यवंशी IPL इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाले सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज और सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए

वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अंडर-19 स्तर पर भी अपने इस शानदार प्रदर्शन को जारी रखा। वैभव ने आईसीसी U19 विश्व कप 2026 में देश को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल मैच में वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंद में 175 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी की धुआंधार पारी की मदद से भारत ने 100 रन के विशाल अंतर से मैच जीता।

वैभव सूर्यवंशी का मजेदार जवाब

14 साल का यह खिलाड़ी अब अपना दूसरा IPL सीजन खेलने के लिए तैयार है, इसलिए उनसे बहुत उम्मीदें हैं। एक कार्यक्रम में एक पत्रकार ने वैभव सूर्यवंशी से IPL के 19वें सीजन में उनके लक्ष्य के बारे में पूछा। इस पर वैभव सूर्यवंशी ने मजेदार जवाब दिया। मीडिया से बातचीत के दौरान रिपोर्टर ने पूछा, ‘IPL 2026 के लिए आपके क्या प्लान हैं? जैसे कितने रन मारने हैं, IPL के ऑरेंज कैप के लिए क्या गोल है?’ इस पर वैभव सूर्यवंशी ने जवाब दिया, ‘ऐसा सवाल पूछोगे तो मैं दो-तीन हजार रन बोल दूंगा।’

राजस्थान रॉयल्स के इस स्टार खिलाड़ी के जवाब से सब लोग हंसते-हंसते लोटपोट हो गए। वैभव सूर्यवंशी ने आगे कहा, मैं रनों का कोई खास टारगेट लेकर नहीं चल रहा हूं। मैं बस अपनी प्रक्रिया पर ध्यान दे रहा हूं और टीम के लिए ट्रॉफी जीतने की कोशिश कर रहा हूं। हम अपने निजी लक्ष्यों पर फोकस नहीं कर रहे हैं। हमारा मकसद बस इस सीजन में बेहतर प्रदर्शन करना है।’

वैभव का IPL में 36 का औसत और 206.56 का स्ट्राइक रेट

किशोरावस्था में होने के बावजूद वैभव सूर्यवंशी ने अपनी जबरदस्त बल्लेबाजी स्किल्स से सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। इतनी कम उम्र में भी वैभव सूर्यवंशी इतनी आसानी से लंबे-लंबे छक्के मारते हैं कि T20 क्रिकेट में उन्हें एक दुर्लभ खिलाड़ी माना जाता है।

वैभव सूर्यवंशी तब सुर्खियों में आये, जब राजस्थान रॉयल्स (RR) ने 2025 सीजन से पहले हुई आईपीएल नीलामी में उन्हें एक करोड़ 10 लाख रुपये में खरीदा। वैभव ने IPL में अब तक 7 मैच में 36.00 के औसत और 206.56 के स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाकर टीम के भरोसे को सही साबित किया।

Watch Video

ये खबरें भी पढ़ सकते हैं

“अगर हमें पहला मिला तो उड़ा देंगे”: संजू सैमसन ने की वैभव सूर्यवंशी की नकल, बताया- IPL डेब्यू का किस्सा
‘वह किस्मत के भरोसे चल रहा’, वैभव को लेकर उथप्पा का बयान, कहा- पिछले सीजन जैसा कमाल नहीं कर पाएगा