इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए धमाकेदार शतक जड़ने के बाद अभिषेक शर्मा सिर्फ अपनी बल्लेबाजी से ही नहीं, बल्कि अपने मजेदार अंदाज से भी सुर्खियों में आ गये। अभिषेक ने 135 रन की नाबाद पारी खेलने के बाद ब्रॉडकास्टर से एक दिलचस्प और हल्की-फुल्की मांग की।
अभिषेक शर्मा ने मांग की कि अगली बार कैमरा उनके पिता पर भी घुमाया जाए, जो हर मैच में स्टैंड्स से उन्हें ध्यान से देखते और इशारों में सलाह देते नजर आते हैं। इस बयान ने जहां फैंस को मुस्कुराने पर मजबूर किया, वहीं उनकी इस पारी के पीछे छिपे परिवार के कनेक्शन को भी सामने ला दिया।
अभिषेक शर्मा ने कहा कि उनके पिता हमेशा उन पर पैनी नजर रखते हैं। यहां तक कि स्टैंड्स से उन्हें गाइड करने की भी कोशिश करते हैं। अभिषेक शर्मा ने कहा, ‘‘मेरा मतलब है, सच कहूं तो मुझे नहीं पता कैसे, लेकिन अंडर-12 के दिनों से ही, मेरे पिता हमेशा स्क्रीन के पास बैठे रहते हैं। हैदराबाद में भी वह हमेशा वहीं बैठे रहते हैं। जब भी मैं नॉन-स्ट्राइकर एंड पर होता हूं तो वह वह मुझे बताते हैं कि कैसे खेलना है।’’
अभिषेक शर्मा ने आईपीएल ब्रॉडकास्टर से मजाकिया अंदाज में गुजारिश करते हुए कहा, ‘‘मैं बस इतना चाहता हूं कि अगली बार कोई एक कैमरा उनकी तरफ जाए और उनके हाव-भाव दिखाए। यह सच में बहुत मजेदार होगा।’’ अभिषेक की इस बात स्टैंड में बैठे उनके पिता हंस पड़े।
क्या है ‘L’ वाला सेलिब्रेशन
इस युवा बल्लेबाज ने अपने मशहूर ‘L’ वाले सेलिब्रेशन के बारे में भी बताया। अभिषेक शर्मा ने कहा, ‘‘मैं यह ‘L’ वाला सेलिब्रेशन काफी समय से कर रहा हूं। यह बस स्टेडियम और फैंस के लिए मेरा प्यार है। वे पूरे टूर्नामेंट के दौरान, यहां तक कि होटल में भी हमारा साथ देते हैं। मैं बस अपनी तरफ से उनके प्रति थोड़ा प्यार जताना चाहता हूं।’’ अभिषेक शर्मा ने 47 गेंदों में अपना शतक पूरा करने के बाद किया था।
क्या है ‘हाथ बांधने’ वाला सेलिब्रेशन
अभिषेक ने अपने नए ‘हाथ बांधकर’ किये जाने वाले सेलिब्रेशन के बारे में कहा, ‘‘असल में, मेरी फ्रैंकी (जेम्स फ्रैंकलिन) के साथ बात हुई थी। वह चाहते थे कि मैं 20वें ओवर तक बल्लेबाजी करूं। मुरली (मुरलीधरन) ने भी यही बात कही थी। शायद यह पहली बार है जब मैंने 20वें ओवर तक बल्लेबाजी की है, इसलिए यह सेलिब्रेशन बस उसी बात के लिए था।’’
उन्होंने इस पल को अपने परिवार भी समर्पित किया। उन्होंने खासतौर पर अपनी बहन का जिक्र किया, जो बीमारी की वजह से मैच नहीं देख पाईं। अभिषेक शर्मा ने कहा, ‘‘माता-पिता और दोस्तों के सामने खेलना हमेशा खास होता है। मेरी बहन आज यहां नहीं है, क्योंकि उसे इन्फेक्शन हो गया था, इसलिए यह उसके लिए भी है।’’
अभिषेक की पारी और साथ में इशान किशन, ट्रैविस हेड और हेनरिक क्लासेन की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 47 रन की शानदार जीत दर्ज की और आईपीएल 2026 की अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई।
‘स्लो बॉल में स्पिन जैसा टर्न, पेस में नियंत्रण’, वरुण एरोन ने बताया कैसे हुए साकिब हुसैन तैयार
सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजी कोच वरुण एरोन ने साकिबुल हुसैन की धीमी गेंदों की तारीफ की। उन्होंने आगे के मैचों में यह गेंद और महत्वपूर्ण होगी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
