भारतीय टीम के स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर 4 फरवरी को बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस टेस्ट देंगे। 7 फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत होगी और इससे ठीक 3 दिन पहले सुंदर अपनी फिटनेस साबित करेंगे ऐसे में वो इस टूर्नामेंट में खेलेंगे या नहीं ये बड़ा सवाल है।
सुंदर के ठीक होने में लग रहा है समय
सुंदर का अभी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलना पक्का नहीं है क्योंकि उनके साइड स्ट्रेन को ठीक होने में उम्मीद से ज्यादा समय लग रहा है। सुंदर 11 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय सेलेक्टर्स और टीम मैनेजमेंट अब तक बैकअप प्लान से बच रहे हैं जब तक की वाशिंगटन सुंदर की आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट नहीं मिल जाती।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा ले रही टीमों के पास अपने दम में बदलाव करने के लिए 30 जनवरी तक का समय दिया गया है। हालांकि अगर टूर्नामेंट की टेक्निकल कमेटी मंजूरी देती है तो चोट लगने पर टूर्नामेंट के दौरान भी खिलाड़ी रिप्लेसमेंट किए जा सकते हैं। 4 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच खेलने से पहले भारतीय टीम 3 फरवरी को अपने पहले ट्रेनिंग सेशन के लिए मुंबई में इकट्ठा होगी।
बुधवार को सुंदर ने नहीं की ट्रेनिंग
वाशिंगटन के फिटनेस टेस्ट से पता चल जाएगा कि वो कितनी तेजी से ठीक हो रहे हैं साथ ही पूरी तरह से फिट होने में उन्हें कितना समय लग सकता है। हालांकि बीसीसीआई ने सुंदर की चोट के बारे में सही जानकारी नहीं दी, लेकिन सूत्रों के मुताबिक उनकी पसलियों के पास पीठ की मांसपेशी में खिंचाव आ गया था। वॉशिंगटन ने बुधवार को कोई भी कड़ी ट्रेनिंग नहीं की, लेकिन तिलक वर्मा और रियान पराग ने सीईओ में एक सिमुलेशन मैच खेला। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया कि वॉशिंगटन की चोट को ठीक होने में समय लगेगा और उसके बाद ही वह वापसी कर पाएंगे।
सुंदर के ठीक होने का टीम कर सकती है इंतजार
तिलक वर्मा को लेकर उम्मीद है कि वो वार्म-अप मैच से पहले टीम में शामिल हो जाएंगे वहीं दूसरी तरफ उप-कप्तान अक्षर पटेल के न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज में सिर्फ एक मैच खेलने के बावजूद टीम संतुलित और स्थिर दिख रही है। स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर के बिना भी टीम मैनेजमेंट ने एक अच्छा बैलेंस बनाया है हालांकि रियान पराग को वाशिंगटन सुंदर के लिए एक जैसे रिप्लेसमेंट के तौर पर देखा जा रहा है। सूत्र ने बताया कि अगर वाशिंगटन वर्ल्ड कप के बाद के स्टेज के लिए फिट हो जाते हैं, तो टीम उनका इंतजार कर सकती है।
टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारत की टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, इशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह।
