अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लगातार तीन संस्करणों (2024, 2025, 2026) में ग्रीको-रोमन वर्ग में विश्वजीत मोरे भारत के एकमात्र पदक विजेता रहे हैं, लेकिन महाराष्ट्र के कोल्हापुर के रहने वाले 22 वर्षीय विश्वजीत ने गुरुवार को लास वेगास में इतिहास रच दिया। मोरे इस वैश्विक आयु-वर्ग प्रतियोगिता के ग्रीको-रोमन फाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। हालांकि, 55 किलोग्राम वर्ग में उन्हें जॉर्जिया के कोबा कारुमिजदे से 12-13 के करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा।

मोरे ने फाइनल तक के सफर में ईरान और रूस जैसे कुश्ती के दिग्गज देशों के पहलवानों को हराकर भारत की मौजूदगी दर्ज कराई। वह कोल्हापुर जिले के सरवाड़े गांव के एक ऐसे परिवार से आते हैं, जो खेती और सब्जियां बेचने का काम करता है। रामचंद्र मोरे और पार्वती के बेटे के सामने अंतरराष्ट्रीय पहलवान बनने का सपना पूरा करने की राह आसान नहीं रही।

परिवार को नहीं था भरोसा विश्वजीत इस मुकाम तक पहुंचेंगे

कोल्हापुर से उनके बड़े भाई विनायक ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ‘हम एक किसान परिवार हैं। मेरे पिता हमारे खेत में उगाई गई सब्जियां बेचते हैं। फसल कटाई के समय मेरी मां खेत में उनकी मदद करती हैं। विश्वजीत बचपन में कुश्ती लड़ता था, लेकिन हमने कभी नहीं सोचा था कि वह इस मुकाम तक पहुंच जाएगा।’

छह साल की उम्र में अखाड़ा जाने लगे

छह साल की उम्र में विश्वजीत अपने गांव के अखाड़े में जाया करता था, जहां इस खेल में उनकी दिलचस्पी पैदा हुई। विनायक ने बताया, ‘बचपन में वह नियमित रूप से अखाड़े में जाता था और वहां प्रशिक्षण ले रहे अन्य लोगों के साथ कुश्ती लड़ता था। पहले तो हमें लगा कि यह बस एक शौक है, लेकिन जब उसने पदक जीतना शुरू किया तो हमें एहसास हुआ कि वह इसमें एक अच्छा करियर बना सकता है।’

विश्वजीत के लिए बाकी खर्चों में कटौती

जब विश्वजीत ने कुश्ती आगे बढ़ना शुरू किया, तो मोरे परिवार को इसके लिए काफी संसाधनों की जरूरत पड़ी। भाई ने याद करते हुए बताया, ‘पहलवान बनना कोई आसान काम नहीं है। जूनियर स्तर पर भी उसे सही डाइट की जरूरत होती थी, क्योंकि मुकाबला काफी कड़ा होता था। विश्वजीत को ठीक से खाना-पीना मिल सके, इसके लिए मेरे पिता को घर के बाकी खर्चों में कटौती करनी पड़ी।”

आर्मी बॉयज कंपनी’ में चयन

इन बलिदानों का फल तब मिला जब 2019 में 15 साल की उम्र में विश्वजीत का चयन बेलगाम की ‘आर्मी बॉयज कंपनी’ में हो गया। भाई ने बताया, ‘वह परिवार में सबसे छोटा है। जब उसका चयन ‘आर्मी बॉयज कंपनी’ में हुआ, तो हमें गर्व भी हुआ और थोड़ा दुख भी, लेकिन यह चयन उसके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाने का एक बेहतरीन रास्ता साबित हुआ।’

विश्वजीत को ग्रीको-रोमन के बारे में जानकारी नहीं थी

विश्वजीत 48 किलो के पहलवान के तौर पर ‘आर्मी बॉयज कंपनी’ में शामिल हुए, जिन्हें ‘ग्रेको-रोमन’ कुश्ती के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कोच के रूप में काम कर रहे सूबेदार रंजीत महादिक की देखरेख में यह कला सीखी। रंजीत ने बताया, ‘उसे ग्रीको-रोमन के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। यह सब उसके लिए बिल्कुल नया था। उसने हमारे साथ सेंटर में 6-7 साल तक ट्रेनिंग की, लगातार बेहतर होता गया और मेडल जीतता रहा। हर साल जैसे-जैसे उसका आयु-वर्ग बदलता गया, अंडर-15 से अंडर-17 और फिर अंडर-20 में वह अपने वेट कैटेगरी में नेशनल लेवल पर मेडल जीतता रहा। हमारे पास 30 अच्छे पहलवान हैं जो यहां उसके साथ अभ्यास करते थे। इससे उसका तेजी से विकास हुआ।’

सेना की ‘मिशन ओलंपिक विंग’ में शामिल विश्वजीत

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अच्छी प्रगति और पदक जीतने की बदौलत विश्वजीत सेना में हवलदार के पद पर भर्ती हुए। उन्हें सेना की ‘मिशन ओलंपिक विंग’ में शामिल किया गया। फिलहाल, वह पुणे स्थित आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट (ASI) में प्रशिक्षण ले रहे हैं। रणजीत ने कहा, ‘एएसआई में उन्हें और बेहतर अनुभव मिला। उनकी सबसे बड़ी खूबी खेल की उनकी समझ है। खेल की रणनीतियों को समझने के मामले में उनका कोई सानी नहीं है।’

सीनियर स्तर पर छोड़ने को तैयार विश्वजीत

अंडर-23 वर्ल्ड चैंपियनशिप में तीन मेडल जीतने के बाद रंजीत को लगता है कि विश्वजीत के लिए आगे कदम बढ़ाने का यह सही समय है। उनके पूर्व कोच ने जोर देकर कहा, ‘वह सीनियर स्तर पर अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार है। आज का मेडल ऐतिहासिक था, लेकिन मुझे यकीन है कि उसके लिए अभी और भी कई मेडल आने बाकी हैं।’

एशियन गेम्स: ट्रायल से पहले बीमार थे दीपक पूनिया, दूसरी वेट कैटेगरी में रचा इतिहास

दीपक पूनिया 86 के अलावा 92 किलोग्राम भारवर्ग में भी प्रतिस्पर्धा कर चुके हैं। 86 किलोग्राम में वह टोक्यो ओलंपिक और 2019 वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक जीत चुके हैं। 2022 में कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। 92 किलोग्राम में वह 2025 एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक जीते थे। पूरी खबर पढ़ें।