श्रेयस अय्यर के टी20 वर्ल्ड कप से भी बाहर होने की आशंका, वीरेंद्र सहवाग बोले- अजिंक्य रहाणे दिल्ली कैपिटल्स को बना सकते हैं चैंपियन
श्रेयस अय्यर कंधे की चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो चुके हैं। अय्यर इस बार आईपीएल में भी नहीं खेलेंगे। दिल्ली कैपिटल्स को टूर्नामेंट से बाहर तगड़ा झटका लगा।

भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज श्रेयस अय्यर कंधे की चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो चुके हैं। अय्यर इस बार आईपीएल में भी नहीं खेलेंगे। दिल्ली कैपिटल्स को टूर्नामेंट से बाहर तगड़ा झटका लगा। टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग का मानना है कि अय्यर टी20 वर्ल्ड कप से भी बाहर हो सकते हैं। साथ ही आईपीएल में अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी कर सकते हैं।
सहवाग ने क्रिकबज से बातचीत करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को श्रेत्ररक्षण के दौरान चोटिल होने से बचना चाहिए। उनका मानना है कि जहां जरूरत नहीं हो वहां डाइव नहीं लगाना चाहिए। चोटिल होने से सिर्फ आपको ही नहीं टीम को भी नुकसान होता है। सहवाग ने कहा, ‘‘इंजरी खेल का हिस्सा है। फिर भी मैं ये मानता हूं कि जो इंजरी जानबूझकर आ जाती है उससे दूर रहा जा सकता है। जैसे डाइव मारने की जरूरत नहीं होती है, लेकिन प्लेयर डाइव मार देते हैं। 2002 में मेरे साथ ऐसा हुआ था। मेरा बायां कंधा चोटिल हो गया था। मैंने डाइव मारी थी और कंधे के बल गिर गया था। इसके बाद 7 टेस्ट नहीं खेल सका था।’’
सहवाग ने कहा, ‘‘चार रन अगर जाने दूंगा तो 10 रन ज्यादा बना सकता हूं और 10 मैच भी खेल सकता हूं। श्रेयस अय्यर का चोट इतना तगड़ा है कि अगर सर्जरी हुई तो उसे 6 महीनों का नुकसा होगा। सर्जरी के बाद डॉक्टर कहता 6 से 8 हफ्तों का समय देता है। यह नॉर्मल आदमी के लिए होता है। स्पोर्ट्समैन के लिए यह 6 से 8 हफ्ते नहीं बल्कि 3 से 4 महीने हो जाते हैं। आपको ग्राउंड में आने में, बैटिंग करने में, थ्रो मारने में और फिटनेस टेस्ट देने में काफी वक्त लग जाता है। अय्यर की अगर सर्जरी होती है तो समय बहुत लगेगा।’’
सहवाग ने इसके बाद कहा, ‘‘दिल्ली कैपिटल्स के मालिक को अय्यर का जाना काफी खलेगा। वह कप्तान था। दो साल के कप्तानी कर रहा था। फाइनल में पहुंचे थे। उनका प्रदर्शन बेहतर हुआ था। अब सवाल उठता है कि क्या उनके दल में कोई ऐसा खिलाड़ी है जो अय्यर जैसा हो। अजिंक्य रहाणे हैं। ये भी हो सकता है रहाणे कप्तानी करते हुए नजर आ जाए। कभी-कभी भाग्य साथ देता है तो कोई किसी चोटिल खिलाड़ी की जगह आता है। वह बेहतर प्रदर्शन करता है। रहाणे दिल्ली को आईपीएल चैंपियन भी बना सकते हैं।’’