लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद, ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल और विनी रमन ने मार्च 2022 में शादी की। इस जोड़े ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की घोषणा की थी। मैक्सवेल और विनी ने 2020 में ही सगाई कर ली थी, लेकिन कोविड-19 महामारी के प्रकोप के कारण उनकी शादी में देरी हुई।
ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) और विनी रमन (Vini Raman) के विवाह का जश्न मनाते हुए, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने मुंबई में नवविवाहित जोड़े के लिए एक पार्टी का आयोजन किया। शादी से कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं। ऐसी ही एक मजेदार पोस्ट में विराट कोहली को फिल्म पुष्पा में समांथा रुथ प्रभु (Samantha Ruth Prabhu) के आइटम नंबर ‘ऊ अंतावा’ पर नाचते हुए देखा जा सकता है। खास यह है कि 28 अप्रैल को समांथा रुथ प्रभु का जन्मदिन भी है।
विराट कोहली (Virat Kohli) ने काले रंग का कुर्ता और क्रीम कलर का पैजामा पहना हुआ है। वीडियो में कोहली को शाहबाज अहमद और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान फाफ डुप्लेसिस के साथ ‘ऊ अंतावा’ पर डांस करते दिख रहे हैं। टीम के अन्य खिलाड़ियों ने भी खूब मस्ती की।

विराट कोहली का डांस वाला यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। हालांकि, कुछ लोगों उन्हें ताना भी मारा। ऐसे लोगों का कहना है कि वह आईपीएल में अपनी परफॉर्मेंस पर ध्यान दें। आप भी नीचे वीडियो में विराट कोहली का धांसू डांस देख सकते हैं।
दरअसल, विराट कोहली आईपीएल 2022 में अब तक 9 मैच खेल चुके हैं। इसमें उन्होंने 16.00 के औसत और 119.62 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 128 रन बनाए हैं। इसमें उनकी एक पारी 48 रन की भी शामिल है। वह दो बार गोल्डन डक का भी शिकार हुए हैं। हालांकि, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 9 में से 5 मैच जीतने में सफल रही है। वह आईपीएल 2022 की पॉइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर है।
उन सभी के लिए जो नहीं जानते हैं, विनी रमन तमिल मूल की ऑस्ट्रेलियाई नागरिक हैं। वह मेलबर्न में फार्मासिस्ट है। कथित तौर पर 5 साल से अधिक समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद वह और ग्लेन मैक्सवेल एक निजी समारोह में शादी के बंधन में बंध गए।