भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बैटर विराट कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से वनडे टीम से बाहर हो गए हैं। यानी अब वो अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र मैच की टेस्ट सीरीज में हिस्सा लेना है जिसकी शुरुआत 6 जून से होगी और इसके बाद दोनों देशों के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का आयोजन किया जाएगा। इस वनडे सीरीज की शुरुआत 13 जून से होगी और सीरीज का आखिरी मुकाबला 20 जून को खेला जाएगा जबकि दूसरा मैच 17 जून को होगा। विराट कोहली को इस इंजरी के बाद कम से कम दो सप्ताह तक आराम करने की सलाह दी गई है।
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में हिस्सा नहीं लेंगे विराट कोहली
विराट कोहली के वनडे टीम से बाहर होने के बाद उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान अब तक नहीं किया गया है। विराट कोहली अभी शानदार फॉर्म में थे और उन्होंने आईपीएल 2026 में अपनी टीम आरसीबी के लिए खेले 16 मैचों में कुल 675 रन बनाए थे जिसमें फाइनल में खेली गई नाबाद 75 रन की पारी भी मौजूद है। विराट कोहली को फाइनल मुकाबले में उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था और उनकी इस पारी के दम पर आरीसीबी आईपीएल टाइटल डिफेंड करने में सफल रही थी और लगातार दो बार खिताब जीतने का गौरव भी हासिल किया था।
विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ नहीं खेलेंगे ऐसी स्थिति में उनकी जगह नंबर 3 पर इशान किशन बैटिंग कर सकते हैं। टीम में इस वक्त रोहित शर्मा और शुभमन गिल के रूप में ओपनर मौजूद हैं। कोहली अगर खेलते तो शायद ही इशान किशन भारत की प्लेइंग 11 में फिट हो पाते, लेकिन अब उनके नहीं होने के बाद इशान के लिए रास्ते खुल गए हैं। इशान किशन की लंबे समय के बाद वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया में वापसी हुई थी और अब कोहली के नहीं होने से उनके खेलने का रास्ता भी साफ हो गया है।
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, इशान किशन, हार्दिक पंड्या, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे।
वैभव को मौका, श्रेयस कप्तान; आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे के लिए इन खिलाड़ियों को भारतीय टी20 टीम में मिल सकती है जगह
आयरलैंड व इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम का चयन शनिवार को किया जाएगा। माना जा रहा है कि भारतीय टी20 टीम में वैभव सूर्यवंशी की एंट्री हो सकती है तो वहीं श्रेयस अय्यर टी20 टीम के कप्तान बनाए जा सकते हैं। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
