सोशल मीडिया की दुनिया में अचानक से उस वक्त खलबली मच गई थी जब विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट डीएक्टिवेट हो गया था। शुक्रवार सुबह अचानक फैंस ने जब इंस्टाग्राम पर देखा कि विराट कोहली का अकाउंट सर्च में नहीं आ रहा है तो कई तरह के कयास सोशल मीडिया पर लगने लगे। फैंस ने अनुष्का शर्मा से इसका जवाब मांगना शुरू कर दिया। हालांकि कुछ घंटों के बाद विराट का इंस्टाग्राम अकाउंट एक्टिवेट हो गया।
कोहली के इंस्टाग्राम से गायब होने की वजह?
इंस्टाग्राम पर करीब 274 मिलियन फॉलोअर्स के साथ विराट कोहली का अचानक से गायब हो जाना किसी को भी नहीं पचा। विराट कोहली भले ही अब इंस्टाग्राम पर वापस आ गए हैं, लेकिन फैंस के बीच में यह सवाल अभी भी बना हुआ है कि आखिर कोहली का अकाउंट डीएक्टिवेट क्यों हुआ? लोगों में इसकी वजह जानने को लेकर उत्सुकता है क्योंकि विराट इस वक्त करियर के लिहाज से बहुत अच्छे मुकाम पर हैं। विराट इस समय शानदार फॉर्म में हैं। इसके अलावा अनुष्का के साथ भी उनका रिश्ता ठीक है। हाल ही में अनुष्का और विराट ने लंदन वाले घर में पूजा कराई थी जिसकी फोटोज सोशल मीडिया पर सामने आई थी।
इधर रोहित आज इंस्टाग्राम पर करेंगे बड़ा ऐलान
एक तरफ विराट कोहली ने इंस्टाग्राम से गायब होकर फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं तो वहीं दूसरी तरफ रोहित शर्मा आज (शुक्रवार) इंस्टाग्राम पर ही बड़ा ऐलान करेंगे। रोहित शर्मा ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी लगाई जिसके जरिए उन्होंने गजब का सस्पेंस बना दिया। रोहित की इंस्टा स्टोरी से फैंस काफी टेंशन में हैं क्योंकि रोहित ने इंस्टाग्राम के जरिए ही टेस्ट और टी20 फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान किया था। रोहित ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर लिखा है कि वह आज अपने नए रोल का ऐलान करेंगे। अब रोहित क्या बम फोडेंगे ये उनके ऐलान के बाद ही पता चलेगा।
विराट और रोहित ने साथ में ही लिया था टेस्ट से संन्यास
विराट कोहली और रोहित शर्मा टेस्ट और टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं और अभी यह दोनों सिर्फ वनडे क्रिकेट में बने हैं। कोहली और रोहित दोनों ही अच्छी फॉर्म में हैं और दोनों की टीम में मौजूदगी 2027 वर्ल्ड कप के लिए देखी जा रही है। रोहित और विराट ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद टी20 फॉर्मेट से रिटायरमेंट ले लिया था। इसके बाद पिछले साल मई में रोहित ने टेस्ट फॉर्मेट को अलविदा कहा था। इसके कुछ दिन बाद ही विराट ने भी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
