साक्षी राज। इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे से पहले एजबेस्टन में टीम इंडिया के अभ्यास सत्र के दौरान एक ऐसी बात देखने को मिली, जिसने विराट कोहली और मुख्य कोच गौतम गंभीर के रिश्तों को लेकर फिर चर्चा छेड़ दी। पूरे नेट्स सेशन में दोनों के बीच कोई बातचीत होती नजर नहीं आई। वहीं, कप्तान शुभमन गिल ने रहस्योद्घाटन किया कि उन्होंने विराट कोहली के साथ 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों और टीम संयोजन पर विस्तार से चर्चा की। शुभमन गिल के इस बयान के बाद टीम मैनेजमेंट की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे।

इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने से पहले टीम इंडिया ने एजबेस्टन में जमकर अभ्यास किया। इस दौरान सभी की नजरें विराट कोहली पर थीं, जो हैमस्ट्रिंग चोट से उबरने के बाद भारतीय टीम में वापसी कर रहे हैं। हालांकि, नेट्स सेशन में सबसे ज्यादा चर्चा विराट कोहली और मुख्य कोच गौतम गंभीर के बीच किसी तरह की बातचीत नजर नहीं आने को लेकर हुई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, गौतम गंभीर अभ्यास सत्र के दौरान रोहित शर्मा, शुभमन गिल और केएल राहुल समेत कई सीनियर खिलाड़ियों से बातचीत करते दिखाई दिए। दूसरी ओर, विराट कोहली लंबे समय तक बल्लेबाजी अभ्यास में व्यस्त रहे। नेट्स सेशन खत्म होने के बाद बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक पहले कोहली से अलग बात करते नजर आए और इसके बाद उन्होंने गंभीर से चर्चा की। हालांकि, पूरे सत्र के दौरान कोहली और गंभीर के बीच सीधे संवाद की कोई तस्वीर सामने नहीं आई, जिससे दोनों के रिश्तों को लेकर अटकलों का दौर फिर शुरू हो गया।

चोट के बाद कोहली की वापसी

विराट कोहली आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेलते हुए हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हो गए थे। इसी कारण वह अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज का हिस्सा नहीं बन सके थे। अब उनकी वापसी से भारतीय बल्लेबाजी को मजबूती मिलने की उम्मीद है। भारत हाल के दिनों में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ लगातार टी20 सीरीज हार चुका है, ऐसे में वनडे सीरीज टीम के लिए आत्मविश्वास हासिल करने का अच्छा मौका मानी जा रही है।

शुभमन गिल का रहस्योद्घाटन

पहले वनडे से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बताया कि उनकी विराट कोहली के साथ 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों को लेकर लंबी चर्चा हुई। गिल ने कहा कि दोनों ने इस बात पर विचार किया कि दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों के लिए कौन-सा टीम संयोजन सबसे उपयुक्त रहेगा, भविष्य में किन खिलाड़ियों को तैयार किया जा सकता है और किन गेंदबाजों, ऑलराउंडरों तथा स्पिनरों पर टीम को ध्यान देना चाहिए।

शुभमन गिल ने कहा, ‘‘हम टीम कॉम्बिनेशन पर बात कर रहे थे। दक्षिण अफ्रीका में हमारे लिए कौन-सा संयोजन सबसे बेहतर रहेगा? ऐसे कौन से खिलाड़ी हैं जो अभी टीम में नहीं हैं, लेकिन भविष्य में हमारी मदद कर सकते हैं? किन गेंदबाजों, ऑलराउंडरों और स्पिनरों पर ध्यान देना चाहिए? हमारी बातचीत इन्हीं मुद्दों पर हुई।’’

गौतम गंभीर पर बढ़ता दबाव

गौतम गंभीर के कार्यकाल में भारतीय टीम के हालिया प्रदर्शन को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में मिली हार के बाद टीम मैनेजमेंट की रणनीति आलोचना के घेरे में है। इसके अलावा संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी के उपयोग को लेकर भी गंभीर और टीम प्रबंधन की आलोचना हुई है। कुछ पूर्व क्रिकेटरों ने टीम मैनेजमेंट को ‘भ्रमित’ और ‘गैर-पेशेवर’ तक बताया है।

ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ यह वनडे सीरीज सिर्फ भारत के लिए ही नहीं, बल्कि गौतम गंभीर के लिए भी अहम मानी जा रही है। 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से इस सीरीज का काफी महत्व है। यदि रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों की वापसी के बावजूद टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाती है, तो टीम मैनेजमेंट पर सवाल और तेज हो सकते हैं।

मिशन 2027 वर्ल्ड कप: रोहित-राहुल के विकल्प तैयार करने का प्लान, रोटेट होंगे भारतीय टीम के सीनियर खिलाड़ी

भारतीय टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ता कुछ समय से सीनियर खिलाड़ियों को रोटेशन पॉलिसी के बारे में समझाने की कोशिश कर रहे हैं। टीम मैनेजमेंट ने पिछले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे में रोहित शर्मा को आराम देने के बारे में सोचा था ताकि यशस्वी जायसवाल को टॉप ऑर्डर में जगह मिल सके। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)

नोट: साक्षी राज जनसत्ता.कॉम में इंटर्न हैं।