भारत ने इंग्लैंड को अहमदबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 में 7 विकेट से हरा दिया। रविवार (14 मार्च) को खेले गए इस मुकाबले में भारतीय कप्तान विराट कोहली ने 49 गेंदों पर नाबाद 73 रन की पारी खेली। इस दौरान 5 चौके और 3 छक्के लगाए। कोहली ने इस दौरान इंटरनेशनल टी20 मैचों में इतिहास रचते हुए 3 हजार रन पूरे कर लिए। वे ऐसा करने वाले दुनिया के पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं।
कोहली को 3 हजार रन पूरे करने के लिए मैच में 72 रन बनाने थे। उन्होंने क्रिस जॉर्डन की गेंद पर विजयी छक्का मारकर इस उपलब्धि को हासिल कर लिया। टी20 में कोहली का ये 26वां अर्धशतक था। उनके 87 मैचों की 81 पारियों में 3001 रन हो गए हैं। टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में कोहली के बाद न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल हैं। उन्होंने 99 मैचों की 95 पारियों में 2839 रन बनाए हैं। भारत के विस्फोटक ओपनर रोहित शर्मा तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 108 मैचों की 100 पारियों में 2773 रन बनाए हैं।
मैच के दौरान कोहली ने एक और उपलब्धि हासिल कर ली है। वे बतौर कप्तान इंटरनेशनल क्रिकेट में 12 हजार रन बनाने वाले पहले भारतीय और कुल तीसरे क्रिकेटर बन गए। कप्तानी करते हुए कोहली के टेस्ट क्रिकेट में 5392 रन, वनडे क्रिकेट में 5320 रन और टी20 में 1344 रन है। उन्होंने बतौर कप्तान इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 12056 रन बनाए हैं। इस मामले में कोहली से आगे दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ (14878 रन) और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग (15440 रन) हैं। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग ने 11561 और भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 11207 रन बनाए थे।
कोहली की विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने इंग्लैंड से मिले 165 रन के लक्ष्य को 17.5 ओवर में 3 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। उन्होंने मैच में डेब्यू करने वाले इशान किशन के साथ 94 रनों की साझेदारी की। किशन ने 32 गेंद पर 56 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने 5 चौके और 4 छक्के लगाए। इस दौरान किशन का स्ट्राइक रेट 175 का रहा। उन्हें आदिल रशीद ने एलबीडब्ल्यू किया। ऋषभ पंत ने 13 गेंदों पर 26 रनों का योगदान दिया। उन्होंने 2 चौके और 2 छक्के लगाए। श्रेयस अय्यर 8 गेंद पर 8 रन बनाकर नाबाद रहे।