विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने के बजाय अपने नए लॉन्च हुए जूते को कम कीमत पर बेचना पसंद करेंगे, ताकि उसका मुनाफा बढ़ सके। भारत के पूर्व कप्तान ने रविवार (21 जून) को यह बात कही, जब उनसे टेस्ट क्रिकेट में वापसी के बारे में पूछा गया। भारत के लिए कोहली अब एक फॉर्मेट में खेलते हैं। उन्होंने पिछले साल 9230 रन बनाकर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्होंने अपने जूते की कीमत अपने टेस्ट रनों के बराबर रखी है।

One8 के ग्लोबल प्रीमियर में उनसे मजाक में पूछा गया कि क्या वे लाल रंग के जूते का मुनाफा बढ़ाने के लिए टेस्ट क्रिकेट में वापसी करेंगे, जो सबसे लंबे फॉर्मेट में उनके योगदान और प्रतिबद्धता से प्रेरित है। कोहली ने इसका जवाब देते हुए कहा, ‘मैं कम कीमत पर बेचना पसंद करूंगा। मैं इससे (टेस्ट क्रिकेट) आगे बढ़ चुका हूं।’ उनके इस जवाब पर मौजूद लोगों की हंसी छूट गई। 

कोहली की वापसी की मांग

न्यूजीलैंड से घरेलू सरजमीं पर क्लीन स्वीप और ऑस्ट्रेलिया में भारत के बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी गंवाने के बाद विराट कोहली की काफी आलोचना हुई थी। लाल गेंद के फॉर्मेट में उनके प्रदर्शन पर सवाल उठा था। इसके बाद बीते साल इंग्लैंड दौरे से पहले कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। शुभमन गिल की अगुआई में इंग्लैंड में भारत ने 2-2 से सीरीज ड्रॉ कराई, लेकिन घरेलू सरजमीं पर साउथ अफ्रीका से फिर 0-2 से हार का सामना किया। इसके बाद से विराट कोहली की टेस्ट में वापसी की मांग उठती रही है। अब विराट कोहली के बयान से साफ है कि वह संन्यास वापस नहीं लेंगे।

‘कभी हार नहीं मानने’ वाला रवैया

इस बातचीत के दौरान कोहली ने अपने ‘कभी हार नहीं मानने’ वाले रवैये पर भी बात की जिसके साथ वह हमेशा खेलते रहे हैं। अपनी बात समझाते हुए उन्होंने उदाहरण के तौर पर 2022 टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ मेलबर्न में खेली गई अपनी यादगार मैच जीताने वाली पारी का जिक्र किया। कोहली ने कहा, ‘मैं ऐसा ही हूं। मुझे ऐसी स्थितियां पसंद हैं जब लोगों को लगता है कि मैच हाथ से निकल गया है और फिर किसी तरह आप खेल को वापस अपनी तरफ मोड़ लेते हैं। बहुत छोटी उम्र से ही मैं परिस्थितियों को इसी नजरिए से देखता आया हूं। और मैंने कभी भी, आखिर तक, यह नहीं माना कि हम मैच हार गए हैं या हम जीत नहीं सकते। और इसी वजह से कई जादुई पल देखने को मिले हैं।’

मेलबर्न में पाकिस्तान के खिलाफ मैच

कोहली ने कहा, ‘मेरे लिए जो घटना हमेशा सबसे खास रहेगी, वह मेलबर्न में पाकिस्तान के खिलाफ खेला गया मैच है। बाद में मुझे बताया गया था कि उस समय हमारी जीत की संभावना लगभग तीन प्रतिशत थी। लेकिन मैंने कभी इस तरह नहीं सोचा। यहां तक कि एक प्रतिशत भी काफी होता है। अगर मौका है, तो मौका है। जब तक मैच वास्तव में हार नहीं जाए, तब तक सब कुछ खत्म नहीं होता।’

इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की ODI टीम का ऐलान

भारतीय टीम 14 जुलाई से 19 जुलाई तक इंग्लैंड दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। इसके लिए रविवार 21 जून को टीम इंडिया के स्क्वाड का ऐलान हो गया है। जसप्रीत बुमराह और विराट कोहली की इस टीम में वापसी हुई है। पूरी खबर पढ़ें