भारत की ओलंपिक मेडलिस्ट और स्टार महिला रेसलर विनेश फोगाट के रेसलिंग में वापसी के ऐलान के बाद सरगर्मियां तेज हैं। लगातार विनेश को लेकर कोई ना कोई नया अपडेट भी सामने आ रहा है। हाल ही में गोंडा में आयोजित एक नेशनल ओपन रैकिंग टूर्नामेंट में उन्हें हिस्सा लेने का मौका नहीं मिला था। अब दिल्ली हाईकोर्ट ने विनेश को आगामी एशियन गेम्स 2026 के ट्रायल्स में हिस्सा लेने की अनुमति भी दे दी है। मगर एक पेंच अभी भी फंस रहा है कि विनेश अगर ट्रायल्स में जीत भी जाती हैं फिर भी उन्हें एशियाड का टिकट नहीं मिलेगा।

विनेश को नहीं मिल पाएगा एशियन गेम्स का टिकट?

30 मई को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स के 57 किलोग्राम कैटेगरी के ट्रायल्स में विनेश हिस्सा लेंगी। यहां विनेश फोगाट अगर जीत भी जाती हैं फिर भी उन्हें शायद एशियन गेम्स का टिकट नहीं मिलेगा। इसका एक बहुत बड़ा कारण भी सामने आया है। द ट्रिब्यून ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि भारतीय ओलंपिक संघ (IOA, आईओए) ने जिन एथलीट्स की लंबी लिस्ट एशियन गेम्स के आयोजकों को भेजी है, उसमें विनेश का नाम नहीं है।

आपको बता दें कि हर राष्ट्रीय महासंघ को 4 मई तक आईओए को अपने संभावित प्रतिभागियों की लिस्ट सौंपनी थी। आयोजकों को यह लिस्ट भेजने की अंतिम तारीख 14 मई थी। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से पता चला कि विनेश का नाम उस लिस्ट में था ही नहीं जो WFI (भारतीय कुश्ती महासंघ) ने आईओए को सौंपी थी। नियमों के मुताबिक देश के ओलंपिक संघ उन्हीं एथलीट्स का नाम चुन सकते हैं जो महासंघ द्वारा दी गई लिस्ट में थे।

विनेश फोगाट के लिए आखिरी उम्मीद

सूत्र ने द द्रिब्यून को बयान दिया,”आगे क्या होगा किसी को नहीं पता। अगर वह (विनेश फोगाट) हार गईं ट्रायल्स में तो मामला वहीं खत्म हो जाएगा। अगर वह जीत गईं तो भी एशियन गेम्स 2026 में उनको हिस्सा लेने के लिए टिकट मिलना मुश्किल है।” हालांकि, इसके बाद भी एक उम्मीद होगी जिससे वह हिस्सा ले सकती हैं।

इस आखिरी उम्मीद या मौके की बात करें तो जापान के Aichi-Nagoya में होने वाले एशियन गेम्स में विनेश को मौका स्पेशल केस में मिल सकता है। आईओए के सूत्र ने बताया, “अगर वह अपने ट्रायल्स में जीत जाती हैं तो हम एशियन गेम्स के आयोजकों से रिक्वेस्ट कर सकते हैं कि उनका नाम जोड़ा जाए। आमतौर पर यह बदलाव चोट के कारण रिप्लेसमेंट के चलते किए जाते हैं।”

मां बनने के बाद मैट पर उतरने को तैयार विनेश, एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली हैं भारत की पहली महिला रेसलर

भारत की स्टार महिला पहलवान 31 साल की उम्र में एक बार फिर से मैट पर उतरने को बेकरार हैं। अपने कुश्ती करियर में कई शानदार कामयाबी अपने नाम कर चुकीं विनेश ने एशियन गेम्स में भी अपना परचम लहराया है और वो देश के लिए गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर