पूर्व फुटबॉलर अदिति चौहान और ओलंपिक गोल्ड जीतने वाले पूर्व हॉकी कप्तान एमएम सोमैया को विनेश फोगाट के एशियाड ट्रायल के लिए भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) और खेल मंत्रालय ने पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। विनेश फोगाट शनिवार (30 मई) को नई दिल्ली मे एशियाड के लिए हाई-प्रोफाइल महिला कुश्ती ट्रायल में हिस्सा लेंगी।
समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि अदिति चौहान आईओए का प्रतिनिधित्व करेंगी और सोमैया इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेल मंत्रालय और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के पर्यवेक्षक होंगे। 31 साल की फोगाट को शुक्रवार (29 मई) को सुप्रीम कोर्ट से ट्रायल में हिस्सा लेने की मंजूरी मिल गई।
कौन हैं अदिति चौहान और एमएम सोमैया
ब्रिटेन में वेस्ट हैम युनाइटेड के लिये खेल चुकी पूर्व गोलकीपर अदिति चौहान इस समय आईओए के खिलाड़ी कमीशन में कार्यक्रम अधिकारी हैं। उन्हें इसी साल इस पद पर नियुक्त किया गया। वह भारत के लिये 57 मैच खेली हैं। वहीं 1980 मॉस्को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य रहे एमएम सोमैया 1988 सिओल एशियाई खेलों में टीम के कप्तान थे।
डब्ल्यूएफआई के साथ विनेश की कड़वाहट 2023 से
इस महीने की शुरुआत में डब्ल्यूएफआई ने विनेश फोगाट को 26 जून तक घरेलू प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया था। यह कहा था कि उन्होंने अभी तक संन्यास से वापसी के बाद जरूरी छह महीने का नोटिस पीरियड पूरा नहीं किया है। हालांकि, फोगाट नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट के लिए उत्तर प्रदेश के गोंडा पहुंची थीं, लेकिन बिना प्रतिस्पर्धा किए वापस लौट गईं। डब्ल्यूएफआई के साथ उनकी कड़वाहट 2023 से है, जब उन्होंने उस समय के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था और उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाए थे।
सुप्रीम कोर्ट से विनेश फोगाट को बड़ी राहत
सुप्रीम कोर्ट ने विनेश फोगाट को बड़ी राहत देते हुए एशियन गेम्स 2026 के चयन ट्रायल्स में हिस्सा लेने की अनुमति दी है। कोर्ट ने दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। पूरी खबर पढ़ें।
