इंग्लैंड के खिलाड़ी जैकब बेथेल ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ऑस्ट्रेलिया के ग्रुप स्टेज से ही बाहर होने पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें यह देखकर अच्छा लगा। बाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने कहा कि टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की टीम लय में दिखी ही नहीं। इसके कारण उसके प्रदर्शन में गिरावट देखने को मिली और वह लीग स्टेज से ही बाहर हो गई। ग्रुप बी से सुपर-8 के लिए जिम्बाब्वे और श्रीलंका ने क्वालिफाई किया। ऑस्ट्रेलिया की टीम केवल आयरलैंड और ओमान को हरा पाई।
बेथल ने ऑस्ट्रेलिया के बाहर होने को लेकर बीबीसी के टेस्ट मैच स्पेशल पर कहा,’यह देखकर अच्छा लगा। टूर्नामेंट में वह लय में दिखे ही नहीं। अगर आप ग्रुप स्टेज में अच्छा प्रदर्शन नहीं करते हैं तो आपके बाहर होने का खतरा होता है। यह उनके लिए शर्मनाक था।’
ऑस्ट्रेलिया का प्रदर्शन
टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया ने अभियान की शुरुआत काफी बेहतरीन की थी। आयरलैंड को उसने 67 रनों से हराया था। अगले दो मैच उसे जिम्बाब्वे से 23 और श्रीलंका से 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद कंगारुओं का सुपर-8 में पहुंचना दूसरों मैचों के परिणाम पर निर्भर हो गया। जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच मैच बारिश से धुलने से ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें खत्म हो गईं। ऑस्ट्रेलिया ने अपने आखिरी मैच में ओमान को 9 विकेट से हराया।
इंग्लैंड का प्रदर्शन
इंग्लैंड ने ग्रुप सी में दूसरे नंबर पर रहते हुए सुपर-8 में जगह बनाई। नेपाल के खिलाफ उसे करीबी मुकाबले में 4 रन से जीत मिली। फिर वेस्टइंडीज से उसे हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद स्कॉटलैंड और इटली के खिलाफ जीत मिली। इंग्लैंड अपने सुपर-8 का अभियान रविवार को कैंडी में श्रीलंका के खिलाफ करेगा। इसके बाद कैंडी में ही 24 फरवरी को पाकिस्तान और 27 फरवरी को कोलंबो में न्यूजीलैंड से भिड़ेगा।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान-न्यूजीलैंड मैच में बारिश डालेगी खलल, ये है कोलंबो की मौसम-पिच रिपोर्ट
