अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में शुक्रवार (6 फरवरी) को इंग्लैंड के खिलाफ भारत के ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने बेहतरीन बल्लेबाजी का नमूना पेश करते हुए इतिहास रच दिया। वैभव ने न सिर्फ अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में सबसे तेज शतक जड़ा बल्कि सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए। हालांकि, 14 साल का यह खिलाड़ी दोहरा शतक से चूक गया। वैभव ने सिर्फ 80 गेंद पर 175 रन बनाए। इसमें से 150 रन उन्होंने चौके और छक्कों से ठोक दिए।

वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 218.75 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। 175 रनों की पारी में उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के लगाए। वैभव ने इस पारी के दौरान अंडर-19 वनडे में सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने 71 गेंद पर 150 रन ठोककर इंग्लैंड के बेन मायस का रिकॉर्ड तोड़ा। मायस ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 98 गेंद पर 150 रन ठोके थे।

वैभव सूर्यवंशी ने 449 रन ठोके

वैभव सूर्यवंशी ने इससे पहले विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान 59 गेंद पर 150 रन ठोके और लिस्ट ए में सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। इससे पहले एबी डिविलियर्स ने 2015 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ 64 गेंद पर 150 रन ठोके थे। वैभव सूर्यवंशी इस पारी के साथ अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए। उन्होंने 449 रन बनाए हैं। उन्होंने 41 चौके और 30 छक्के जड़े हैं।

वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी

वैभव सूर्यवंशी को अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में मैनी लम्सडेन ने थॉम्स रीव के हाथों कैच कराया। वैभव ने 32 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। इसके बाद उन्होंने और तेजी से रन बनाना शुरू कर दिए। अगली 23 गेंदों पर उन्होंने शतक पूरा कर लिया। इसके बाद सिर्फ 16 गेंदों पर अगले 50 रन बना लिए। वैभव ने शतक 55 और 150 रन 71 गेंद पर जड़े।

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी ने बाबर को पीछे छोड़ा, पाकिस्तानी खिलाड़ी के 1271 रन का रिकॉर्ड तोड़ा