इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में 27 मई 2026 की रात न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स को सिर्फ मैच ही नहीं जिताया, बल्कि पूरे क्रिकेट जगत को उनका मुरीद बना दिया। सचिन तेंदुलकर ने उनकी बल्लेबाजी को ‘चमत्कार’ बताया।

भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उन्हें भविष्य का ‘स्टार’ कहा, जबकि युवराज सिंह ने नया निकनेम देते हुए उन्हें ‘बॉस बेबी’ बुलाया। वहीं मोहम्मद कैफ ने वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट का ‘वंडर बॉय’ करार दिया। खास बात यह रही कि वैभव सूर्यवंशी ने भी इन दिग्गजों की तारीफों का बेहद विनम्र और दिल जीत लेने वाले अंदाज में जवाब दिया। वैभव सूर्यवंशी के जवाबों ने सोशल मीडिया पर फैंस का दिल जीत लिया।

सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ‘‘वैभव सूर्यवंशी का बैट स्विंग जबरदस्त रहा है। इससे भी ज्यादा कमाल की बात यह है कि वह लेग स्टम्प की ओर आती गेंदों पर कितनी खूबसूरती से अपना फ्रंट फुट हटाकर जगह बनाते हैं। इसी सहूलियत की वजह से वह उस तरह से खेल पाते हैं जैसा वह खेलते हैं। यह पारी किसी चमत्कार से कम नहीं थी!’’

सचिन तेंदुलकर की पोस्ट का जवाब देते हुए वैभव सूर्यवंशी ने लिखा, ‘‘धन्यवाद सर। मेरे लिए इसका बहुत बड़ा मतलब है। आपने भी लगभग इसी उम्र में खेलना शुरू किया था… और अब मेरी तरह 15 साल का एक लड़का आपका आशीर्वाद पा रहा है। यह किसी सपने जैसा लग रहा है।’’

भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने लिखा, ‘‘हिम्मत बनाए रखो बच्चे। क्या शानदार पारी खेली है। तुमने सबकी सांसें ही रोक दीं थीं। एक बड़ा सितारा तैयार हो रहा है। सूर्या को जवाब देते हुए वैभव सूर्यवंशी ने लिखा, ‘‘बहुत-बहुत धन्यवाद कप्तान। आपके जैसे T20 के बादशाह से ये सुनना मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मिस्टर 360, मैं भी आपसे वे कमाल के शॉट्स सीखना चाहूंगा।’’

युवराज सिंह ने लिखा, ‘बॉस बेबी’ ने ‘यूनिवर्स बॉस’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया! अविश्वसनीय, यह बच्चा कमाल का है, इसे खेलते देखना बहुत अच्छा लगता है। युवराज की पोस्ट पर वैभव सूर्यवंशी ने लिखा, ‘‘बहुत-बहुत धन्यवाद युवी अंकल। आपसे ‘बॉस बेबी’ का खिताब मिलना मेरे लिए अब तक की सबसे बड़ी तारीफ है। मुझे अब भी इस बात का अफसोस है कि मैं तीन रन से अपने शतक से चूक गया, लेकिन इस बात की बहुत खुशी है कि हम मैच जीत गए!’’

मोहम्मद कैफ ने एक्स पर लिखा, ‘‘हम एक चमत्कार देख रहे हैं, हम भविष्य का एक सितारा देख रहे हैं, हम वैभव सूर्यवंशी उस ‘वंडर बॉय’ को देख रहे हैं। जिस तरह से उन्होंने छक्के लगाए, उस देखकर मुंह खुला का खुला रह गया! उन्होंने अपने पहले पूरे IPL सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का ‘यूनिवर्सल बॉस’ क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और अभी उनकी उम्र सिर्फ 15 साल है। विपक्षी टीम के खिलाड़ी, टीम के मालिक और पूरी क्रिकेट की दुनिया उनकी तारीफ कर रही है। क्रिकेट की दुनिया में अभी आगे देखने के लिए बहुत कुछ बाकी है।’’

वैभव सूर्यवंशी T20 के डॉन ब्रैडमैन: ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने की ‘बॉस बेबी’ की सराहना, क्रिस गेल ने दे दिया नया नाम

वैभव सूर्यवंशी ने एलिमिनेटर मुकाबले में हैदराबाद के खिलाफ 12 छक्के लगाए और क्रिस गेल के 14 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा। उनकी पारी के बाद खुद गेल भी प्रभावित हुए और नया नाम उन्हें दिया। ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने टी20 का ब्रैडमैन तक इनडायरेक्टली बता दिया। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)