इंडिया ए को श्रीलंका में खेले जा रहे वनडे ट्राई सीरीज में पिछले दो मैचों में लगातार हार मिली और इसके बाद टीम इंडिया के फाइनल में पहुंचने पर सवाल उठने लगे हैं। भारतीय टीम इस वक्त सचमुच मुसीबत में नजर आ रही है। इंडिया ए टीम अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही है, लेकिन उसे पहले अफगानिस्तान और फिर श्रीलंका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। ऐसा नहीं है कि ये टीम कमजोर है, लेकिन ये भी सच है कि उसे हार मिल रही है।

इंडिया ए को इस टूर्नामेंट का अपना चौथा लीग मैच अफगानिस्तान के खिलाफ 17 जून को खेलना है और ये मैच भारत के लिए काफी अहम है। भारत को इस मैच में किसी भी हाल में जीत दर्ज करनी होगी साथ ही ये भी दुआ करनी होगी कि अफगानिस्तान को आखिरी लीग मैच में श्रीलंका के हाथों हार मिले तभी ये टीम फाइनल में पहुंच सकती है, लेकिन भारत को अगर अफगानिस्तान से हार मिली तो फिर ये टीम फाइनल की रेस से बाहर हो जाएगी।

वैभव को दिया जा सकता है आराम

इंडिया ए को फाइनल की रेस में बने रहने के लिए अफगानिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी और एक बेहद मजबूत प्लेइंग 11 के साथ मैदान पर उतरना होगा। अफगानिस्तान के खिलाफ इंडिया ए वैभव को रेस्ट दे सकती है जो लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं और थकान उनके चेहरे व शरीर से साफ तौर पर झलकता है। वैभव ने इस टूर्नामेंट से पहले लगातार दो महीने तक आईपीएल में खेला था और फिर सीधे श्रीलंका आ गए। वैभव को आराम देकर प्रियांश आर्या को इस मैच में वापस लाया जा सकता है और उनके साथ प्रभसिमरन सिंह पारी की शुरुआत कर सकते हैं।

प्रियांश-प्रभसिमरन कर सकते हैं तेज शुरुआत

प्रियांश और प्रभसिमरन की जोड़ी काफी खतरनाक है और ये बात दोनों आईपीएल 2026 में साबित भी कर चुके हैं जो पंजाब किंग्स के लिए खेले थे। ये दोनों टीम को शानदार शुरुआत दे सकते हैं और अगर इन दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 50 रन से ज्यादा की भी साझेदारी हो जाती है तो बाकी का काम बाद के बैटर कर सकते हैं। भारत का मध्यक्रम और निचला क्रम काफी मजबूत है जो हमने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे मैच में देखा था जब भारत के 6 विकेट 125 रन पर गिर गए थे तब सूर्यांश और विप्रज ने मिलकर भारत को 265 के स्कोर तक पहुंचाया था।

इंडिया ए का मध्यक्रम और निचलाक्रम बेहद मजबूत

प्रभसिमरन और प्रियांश के बाद ऋतुराज, तिलक, आयुष बडोनी, सार्यांश शेडगे, निशांत सिंधू, विप्रज जैसे बैटर आ सकते हैं। इंडिया ए के लिए सबसे अच्छी बात ये है कि इस टीम के पास गेंदबाजी विकल्प की कोई कमी नहीं हैं और टीम में 3-4 ऑलराउंडर हैं जो गेंदबाजी व बल्लेबाजी कर सकते हैं। अरशद खान ने अच्छी गेंदबाजी की थी जबकि इस मैच में यश ठाकुर या फिर अंशुल कंबोज में से किसी एक को मौका दिया जा सकता है।

अफगानिस्तान ए के खिलाफ इंडिया ए की संभावित प्लेइंग इलेवन

प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्या, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बदोनी, सूर्यांश शेडगे, निशांत सिंधू, अनुकूल रॉय, अरशद खान, विप्रज निगम, यश ठाकुर/अंशुल कंबोज।

वैभव सूर्यवंशी को मिल सकती है सजा, किसी खिलाड़ी को धक्का देने पर क्या कहता है आईसीसी का नियम

श्रीलंका ए के खिलाफ सुपर ओवर में इंडिया ए को हार मिली और इसके बाद मैदान का माहौल गर्म हो गया। श्रीलंका के खिलाड़ियों द्वारा टिप्पणी किए जाने के बाद वैभव ने विशेन हलंबागे को धक्का दे दिया। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)