वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल 2025 में पहली बार दुनिया ने खेलते देखा था और उनका जलवा नजर आया था। एक साल में अब उनका कद बदल चुका है। उनकी पॉपुलरिटी इससे जानी जा सकती है कि वह साल 2025 में सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले क्रिकेटर भी थे। ऐसे में अब वैभव दो दशक से ज्यादा पुराने और प्रतिष्ठित डी वाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट में खेलते नजर आ सकते हैं।

14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी अब किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। शायद ही पिछले एक दशक या उससे भी ज्यादा के समय में कोई ऐसा क्रिकेटर हुआ है जिसने इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने से पहले ही इतनी सुर्खियां बटोरी हैं। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक अंडर 19 वर्ल्ड कप में जलवा बिखेरने के बाद और आईपीएल 2026 से पहले वैभव 16 टीमों वाले डीवाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट में हिस्सा ले सकते हैं।

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक वैभव सूर्यवंशी 23 फरवरी से नवी मुंबई में शुरू होने वाले टूर्नामेंट में खेल सकते हैं। वैभव वर्ल्ड कप के बाद तुरंत राजस्थान रॉयल्स के कैम्प के साथ जुड़ गए हैं। वह तालेगांव में आईपीएल 2026 की तैयारियों में जुटे हुए हैं। दरअसल इस टूर्नामेंट में डीवाई पाटिल एकेडमी की भी दो टीमें खेलने उतरती हैं। उसी में से किसी एक टीम में वैभव को शामिल किया जा सकता है।

रिपोर्ट में वैभव सूर्यवंशी और इस टूर्नामेंट के आयोजकों के एक करीबी सूत्र ने बताया कि, चर्चा अभी वैभव को किस टीम में रखना है इस पर की जा रही है। इसके बहुत ज्यादा चांस हैं कि वह इस टूर्नामेंट में आईपीएल से पहले खेलते नजर आएंगे। नवी मुंबई में होने वाले इस टूर्नामेंट में हर साल कई बड़े खिलाड़ियों को भी खेलते देखा जाता है।

फिलहाल टीम इंडिया के प्लेयर्स टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। ऐसे में जो स्क्वाड का हिस्सा नहीं हैं वह खिलाड़ी भी इस टूर्नामेंट में आईपीएल की तैयारी करने के लिए उतर सकते हैं। वैभव सूर्यवंशी अंडर 19 वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रन की रिकॉर्ड ब्रेकिंग पारी खेलने के बाद से लगातार सुर्खियों में हैं। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 496 रन बनाए थे और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी बने थे।

23 साल पुराना है इस टी20 टूर्नामेंट का इतिहास

डीवाई पाटिल टूर्नामेंट 23 साल पुराना टूर्नामेंट है। इसकी शुरुआत 2003 से हुई थी। यह टूर्नामेंट नवी मुंबई के डीवाई पाटिल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाता है। भारतीय क्रिकेट टीम के कई पूर्व दिग्गजों ने भी पूर्व में इस टूर्नामेंट को खेला है। ऐसे में आगामी सीजन में भी अगर वैभव खेलने उतरते हैं तो उनके पास अनुभवी खिलाड़ियों के सामने खुद को साबित करने का यह अच्छा मौका होगा।

नीचे दी गई खबरें भी पढ़ सकते हैं

संजू-इशान ओपनर, अभिषेक आउट; नामीबिया के खिलाफ भारतीय प्लेइंग 11 में हो सकते हैं 3 बदलाव
अभिषेक शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड 20 दिन में ही हुआ ध्वस्त, न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ने रच दिया इतिहास
टी20 वर्ल्ड कप: ग्रुप सी में सुपर-8 की रेस हुई रोमांचक, इंग्लैंड पर बाहर होने का खतरा, 14 फरवरी का मैच महत्वपूर्ण