साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बैटर एबी डिविलियर्स ने वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की। एबी ने माना की वैभव इतनी कम उम्र में भी मानसिक रूप से इतने मैच्योर हैं और इसके लिए वो तारीफ के हकदार हैं। इंडिया अंडर 19 टीम के इस 14 वर्षीय ओपनर ने हाल ही में खत्म हुए अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 80 गेंदों पर 175 रन की पारी खेली थी और पूरी दुनिया को अपना दम दिखाया।
वैभव अभी भी बेबी हैं
एबी ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा कि वैभव अभी भी एक बेबी हैं। हमने उन्हें आईपीएल में खेलते हुए देखा और मुझे लगा कि उनमें टैलेंट है, लेकिन उनके रास्ते में बहुत सारी रुकावटें और उतार-चढ़ाव आएंगे। वो अंडर 19 टीम में हैं और खेल रहे हैं। मुझे लगता है कि ज्यादातर खिलाड़ी जिन्हें टॉप लेवल का अनुभव मिल जाता है, फिर नीचे लेवल पर आकर उसी तरह का जुनून, जोश और इंटेंसिटी बनाए रखना मुश्किल होता है, लेकिन मैं उनकी बहुत इज्जत करता हूं।
एबी ने आगे कहा कि एक कदम नीचे आकर इस तरह की मैच्योरिटी दिखाना, वो आसानी से घमंडी हो सकते थे, लेकिन वो अपने प्रदर्शन में काफी प्रोफेशनल हैं। मैं सिर्फ रनों की बात नहीं कर रहा हूं बल्कि जिस तरह से उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ खुद को संभाला और हर गेंद को खेला वो कमाल का था। आपको बता दें कि वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ जो पारी खेली थी वो भारत के लिए निर्णायक साबित हुई थी।
इस मैच में भारत की शुरुआत खराब रही थी, लेकिन वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे ने पारी को संभालने की जिम्मेदारी ली और 90 गेंदों में 142 रनों की पार्टनरशिप की। वैभव ने फाइनल में 218.75 के स्ट्राइक रेट से 175 रन बनाए जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। वैभव को प्लेयर ऑफ द मैच के साथ-साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी दिया गया। वैभव अब आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।
ये खबरें भी पढ़ें
‘उन्हें कभी लड़ते नहीं देखा’; बीसीसीआई सचिव ने गौतम गंभीर और विराट कोहली के रिश्तों पर तोड़ी चुप्पी
