India U19 vs Afghanistan U19: वैभव सूर्यवंशी अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के लिए रन बनाने के मामले में निरंतर रहे हैं और लगभग हर मैच में उनकी यही कोशिश रही है कि वो मैच्योर पारी खेलें। वैभव ने अब तक जो कोशिश की है उसमें वो सफल रहे हैं और उसी का नतीजा है कि फाइनल से पहले वो भारत के लिए इस टूर्नामेंट में अब सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर्स की लिस्ट में पहले नंबर पर आ गए।

वैभव सूर्यवंशी पहले स्थान पर

अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में वैभव ने शानदार पारी खेली और 33 गेंदों पर 68 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 206.06 का रहा जिसमें 4 छक्के और 9 चौके भी शामिल रहे। भारत ने इस मैच में यानी सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ अपनी पारी से भारत की जीत की नींव रखी और ये इस सीजन में उनका तीसरा अर्धशतक भी रहा। वो वैभव की ही तेज पारी थी जिसने अफगानिस्तान के गेंदबाजों का मनोबल पूरी तरह से तोड़ दिया और फिर उसका फायदा एरोन जॉर्ज, कप्तान आयुष म्हात्रे जैसे खिलाड़ियों को मिला।

वैभव ने अब तक इस टूर्नामेंट में कुल 6 मैच खेले हैं और इन मैचों में उन्होंने 179 गेंदों का सामना करते हुए 264 रन बनाए हैं। सेमीफाइनल मुकाबले से पहले वो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में अभिज्ञान कुंडू के बाद दूसरे नंबर पर थे, लेकिन अब वो पहले नंबर पर आ गए हैं। अब तक वैभव का स्ट्राइक रेट 147.48 का रहा है जबकि उनका रन रेट 44.00 का है। उन्होंने अब तक 26 चौके और 15 छक्के इन मैचों में लगाए हैं और इस सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर भी बन गए हैं।

IND U19 vs AFG U19: सेमीफाइनल में भारत की जीत के हीरो रहे एरोन जॉर्ज, 115 रन की पारी खेल पंत-चंद का रिकॉर्ड तोड़ा

वैभव के बाद इस टूर्नामेंट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर टीम के उप-कप्तान विहान मलहोत्रा हैं जिन्होंने 6 मैचों में एक शतक के साथ 210 रन बनाए हैं। विहान का अब तक का औसत 70.00 का रहा है तो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर्स की लिस्ट में तीसरे नंबर पर अभिज्ञान कुंडू हैं जिन्होंने 6 मैचों में 2 अर्धशतक की मदद से 199 रन बनाए हैं। इस लिस्ट में चौथे नंबर पर सेमीफाइनल में शतक लगाने वाले एरोन जॉर्ज आ गए जिन्होंने 4 मैचों में एक शतक की मदद से 161 रन बनाए हैं जबकि 6 मैचों में 161 रन बनाने वाले कप्तान आयुष पांचवें नंबर पर हैं। रन रेट के आधार पर एरोन कप्तान आयुष से ऊपर हैं।

अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 भारतीय

वैभव सूर्यवंशी – 264 रन
विहान मलहोत्रा – 210 रन
अभिज्ञान कुंडू – 199 रन
एरोन जॉर्ज – 161 रन
आयुष म्हात्रे – 161 रन

पढ़ें-भारत नंबर 1, ऑस्ट्रेलिया को हराकर भी पाकिस्तान टॉप 5 से बाहर; T20 वर्ल्ड कप से पहले ऐसी है टीमों की रैंकिंग